छत्तीसगढ़ राज्य अलंकरण पुरस्कारों की घोषणा।
चेतन लाल देवांगन को मिलेगा डॉ. तीजन बाई सम्मान।
संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने की नामों की घोषणा।
आज से छत्तीसगढ़ राज्योत्सव की हो रही शुरुआत।
Chhattisgarh Rajya Alankaran Awards 2026: छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस और राज्योत्सव 2026 के अवसर पर दिए जाने वाले प्रतिष्ठित राज्य अलंकरण सम्मानों की घोषणा कर दी गई है। संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने रविवार को महंत घासीदास स्मारक संग्रहालय सभागार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं के नामों की घोषणा की। इस वर्ष सामाजिक सेवा, आदिवासी उत्थान, महिला सशक्तिकरण, साहित्य, पत्रकारिता, कला-संस्कृति, खेल, कृषि, सहकारिता, चिकित्सा, विधि और ग्रामीण पर्यटन समेत विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वालों को सम्मानित किया जाएगा।
घोषित सूची में पत्रकारिता के क्षेत्र से भी कई नाम शामिल हैं। चंदूलाल चंद्राकर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार के लिए प्रिंट मीडिया हिंदी श्रेणी में प्रमोद कुमार साहू का चयन किया गया है। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया हिंदी श्रेणी में वरुण सखाजी और रसिका पांडेय को सम्मान मिलेगा, जबकि अंग्रेजी प्रिंट मीडिया के मधुकर खेर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार के लिए शिशिर रॉय चौधरी का चयन किया गया है।
कला और संस्कृति के क्षेत्र में हबीब तनवीर सम्मान डॉ. पुरुषोत्तम चन्द्राकर, चक्रधर सम्मान डॉ. एम. श्रीराम मूर्ति तथा किशोर साहू राष्ट्रीय अलंकरण मोहन सुंदरानी को दिया जाएगा। वहीं हिंदी साहित्य के लिए डॉ. बिहारीलाल साहू और पंडित माधवराव सप्रे राष्ट्रीय रचनात्मकता सम्मान के लिए वरिष्ठ पत्रकार एवं लेखक अनंत विजय का चयन हुआ है। सामाजिक और जनकल्याण के क्षेत्र में डुमन लाल ध्रुव को शहीद वीरनारायण सिंह स्मृति सम्मान तथा सुखचंद भास्कर को गुरु घासीदास सम्मान दिया जाएगा। खेल क्षेत्र में संजू देवी और तीरंदाजी के लिए टोमन कुमार का चयन किया गया है।
इसके अलावा कृषि के लिए पुन्नीदास भट्ट, आयुर्वेद के लिए डॉ. दिनेश कुमार नाग, अपराध अनुसंधान के लिए उप पुलिस अधीक्षक सुरेश कुमार ध्रुव तथा ग्रामीण पर्यटन के लिए सत्येन्द्र कुमार उपाध्याय ‘सनी’ को सम्मानित किया जाएगा। राज्य सरकार द्वारा घोषित इन 36 राज्य अलंकरण सम्मानों के जरिए छत्तीसगढ़ और देश के उन व्यक्तियों एवं संस्थाओं के योगदान को सम्मान दिया जाएगा, जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों में उल्लेखनीय और प्रेरक कार्य किया है। राज्योत्सव के अवसर पर आयोजित समारोह में चयनित प्रतिभाओं को सम्मान प्रदान किया जाएगा।
इस बार राज्य अलंकरण समारोह में दो नए सम्मानों को भी शामिल किया गया है। प्रसिद्ध पंडवानी गायिका स्वर्गीय तीजन बाई के नाम पर तथा संत रविदास के नाम से सम्मान प्रदान किए जाएंगे। ये दोनों सम्मान पहली बार दिए जाएंगे। पिछले वर्ष जहां 34 श्रेणियों में पुरस्कार प्रदान किए गए थे, वहीं इस बार पुरस्कारों की संख्या बढ़ाकर 41 कर दी गई है।