HIGHLIGHTS
एक बैंक खाते से हुई 3.37 करोड़ की ठगी।
आठ राज्यों के लोगों को बनाया गया ठगी का शिकार।
कांकेर पुलिस ने बड़े साइबर ठगी गिरोह का किया पर्दाफाश।
भानुप्रतापपुर से जुड़े देश के 11 साइबर क्राइम के तार।
ठगी की रकम ठिकाने लगाने वाले दो युवक गिरफ्तार।
Kanke Cyber Crime Gang Arrested : छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में बड़े साइबर फ्रॉड का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने एक संदिग्ध बैंक खाते के जरिए करोड़ों की हेराफेरी पकड़ी है। इस खाते से देश के आठ राज्यों की 11 शिकायतें जुड़ी मिली हैं। ठगी की कुल रकम 3 करोड़ 37 लाख 50 हजार रुपये है। भानुप्रतापपुर पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर थाना क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस जांच में बैंक ऑफ बड़ौदा का एक संदिग्ध बैंक खाता सामने आया। साइबर अपराधी इस खाते का इस्तेमाल ठगी के पैसे मंगाने के लिए करते थे। इसके बाद रकम को अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिया जाता था। पुलिस ने जब इस खाते को खंगाला तो चौंकाने वाले तथ्य सामने आए।
जांच में पता चला कि इस एक खाते पर देश भर में 11 शिकायतें दर्ज हैं। ये शिकायतें बिहार, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, दिल्ली और गुजरात जैसे राज्यों में दर्ज की गई हैं। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश, महाराष्ट्र और तेलंगाना के लोग भी इस ठगी का शिकार बने हैं। इन सभी मामलों में कुल 3 करोड़ 37 लाख 50 हजार रुपये की ठगी हुई है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बैंक खाते में मौजूद 67 हजार 850 रुपये होल्ड करा दिए हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए भानुप्रतापपुर पुलिस ने तेजी से जांच आगे बढ़ाई। पुलिस ने संदेह के आधार पर दुर्गुकोंदल थाना क्षेत्र से दो युवकों को हिरासत में लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अखिलेश्वर जैन और सतीश कुमार उसेंडी के रूप में हुई है। अखिलेश्वर 25 वर्ष का है और नयापारा उतामरा का रहने वाला है। वहीं, 26 वर्षीय सतीश कुमार उसेंडी जेपरा गांव का निवासी है।
पुलिस की टीम ने दोनों आरोपियों से मामले को लेकर सख्ती से पूछताछ की। पूछताछ के बाद पुलिस ने दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने धारा 318(2), 318(3) और 318(4) के अंतर्गत कार्रवाई की है। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।