

HIGHLIGHTS
बिलासपुर के छठघाट पर इस बार जगमगाएंगे 5100 खास दीये।
अरपा नदी के तट पर भव्य छठ महापर्व का आगाज।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए छठघाट अब एक किलोमीटर लंबा।
ड्रोन और कैमरों से होगी छठ महापर्व की सख्त निगरानी।
आस्था के साथ इस बार अरपा को स्वच्छ रखने का संकल्प।
Chhath Puja Committee Bilaspur : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ की शुरुआत शुक्रवार से हो गई है। चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व को लेकर शहर में उत्साह का माहौल है। घरों में पूजा की तैयारियों के साथ ही अरपा नदी के छठघाट पर भी भव्य आयोजन की तैयारी पूरी कर ली गई है। इस बार छठ पूजा का मुख्य आकर्षण 5100 दीपों से होने वाली अरपा मइया की महाआरती होगी। इसके बाद करीब 15 से 20 मिनट तक आतिशबाजी की जाएगी।
मध्य भारत के सबसे बड़े स्थायी छठ घाट पर 13 से 16 नवंबर तक आयोजित होने वाले इस पर्व में हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। पर्व की शुरुआत शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ हुई। व्रती महिलाओं ने स्नान और पूजा-पाठ कर व्रत का संकल्प लिया। शनिवार को खरना होगा। इसके बाद रविवार 15 नवंबर को अस्ताचलगामी सूर्य को संध्या अर्घ्य दिया जाएगा। वहीं, सोमवार 16 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ 36 घंटे के निर्जला व्रत का समापन होगा।
श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए इस बार छठघाट की लंबाई में 200 मीटर का विस्तार किया गया है। पिछले वर्ष घाट की लंबाई 800 मीटर थी, जिसे बढ़ाकर अब 1000 मीटर कर दिया गया है। आयोजन को व्यवस्थित बनाने के लिए 8 पार्किंग जोन, 6 प्रवेश द्वार और 15 कंट्रोल पॉइंट बनाए गए हैं। इसके अलावा 525 स्वयंसेवकों की तैनाती की गई है।
छठ पूजा समिति इस बार महाआरती को विशेष स्वरूप देने की तैयारी में है। करीब एक किलोमीटर लंबे घाट पर 5100 दीप जलाकर सामूहिक दीपदान किया जाएगा। महाआरती में संत श्री श्री 1008 प्रेमदास महाराज (ब्रह्मबाबा) का सानिध्य रहेगा। इसके बाद 15 से 20 मिनट तक आतिशबाजी होगी। आयोजन में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव सहित कई जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के शामिल होने की संभावना है।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पूरे छठघाट क्षेत्र को CCTV कैमरों की निगरानी में रखा जाएगा। इसके साथ ही ड्रोन से भी नजर रखी जाएगी, ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न हो।
इस बार दीपदान के साथ श्रद्धालुओं को अरपा नदी को सालभर प्लास्टिक और प्रदूषण से मुक्त रखने का संकल्प भी दिलाया जाएगा। समिति का उद्देश्य धार्मिक आयोजन के साथ नदी संरक्षण का संदेश देना भी है।
छठ महापर्व में बड़ी संख्या में व्रती महिलाएं सूर्य को अर्घ्य देने पहुंचती हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन का सहयोग मिल रहा है।
प्रवीण झा, छठ पूजा समिति के अध्यक्ष