

BOB Jobs 2026 : बैंकिंग सेक्टर में नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। बैंक ऑफ बड़ौदा (BOB) ने लोकल बैंक ऑफिसर (LBO) के 2,482 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। ये नियुक्तियां जूनियर मैनेजमेंट ग्रेड/स्केल-I (JMG/S-I) में नियमित आधार पर की जाएंगी।
ऑनलाइन आवेदन 18 अगस्त 2026 से शुरू हो चुके हैं और उम्मीदवार 7 सितंबर 2026 तक आवेदन और शुल्क का भुगतान कर सकते हैं। भर्ती में गुजरात के लिए सबसे ज्यादा 1,185 पद हैं। इसके अलावा कर्नाटक में 418, महाराष्ट्र में 218 और तमिलनाडु में 132 पद हैं। उम्मीदवार केवल एक राज्य के लिए आवेदन कर सकते हैं और उस राज्य की स्थानीय भाषा पढ़ना, लिखना, बोलना और समझना जरूरी है।
इस भर्ती के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से किसी भी विषय में ग्रेजुएशन डिग्री होनी चाहिए। उम्र 1 अगस्त 2026 को 21 से 30 वर्ष के बीच होनी चाहिए। इसके साथ किसी RBI की Second Schedule में शामिल अनुसूचित वाणिज्यिक बैंक में अधिकारी के तौर पर कम से कम एक साल का पोस्ट-क्वालिफिकेशन अनुभव जरूरी है। क्लेरिकल कैडर का अनुभव मान्य नहीं होगा।
जिन उम्मीदवारों ने 10वीं या 12वीं में संबंधित स्थानीय भाषा नहीं पढ़ी है, उन्हें भाषा दक्षता परीक्षा देनी होगी। चयन प्रक्रिया में ऑनलाइन परीक्षा, साइकोमेट्रिक टेस्ट, जरूरत के अनुसार भाषा दक्षता परीक्षा और ग्रुप डिस्कशन या पर्सनल इंटरव्यू शामिल होंगे। ऑनलाइन परीक्षा में 120 प्रश्न और 120 अंक होंगे, जिसके लिए 120 मिनट मिलेंगे। गलत जवाब पर 0.25 अंक की नेगेटिव मार्किंग होगी।
चयनित उम्मीदवारों को ₹48,480 से ₹85,920 के वेतनमान में JMG/S-I स्केल पर नियुक्त किया जाएगा। अधिकारी के रूप में एक साल या उससे ज्यादा अनुभव रखने वाले उम्मीदवारों को नियमों के अनुसार एक एडवांस इंक्रीमेंट भी मिल सकता है। नियुक्ति के बाद 12 महीने की प्रोबेशन अवधि होगी। खास बात यह है कि उम्मीदवार को कम से कम 3 साल की सर्विस बॉन्ड शर्त पूरी करनी होगी।
निर्धारित अवधि से पहले नौकरी छोड़ने पर तीन महीने के सकल वेतन के बराबर राशि देनी होगी, जिसकी अधिकतम सीमा ₹2 लाख है। आवेदन शुल्क की बात करें तो सामान्य, EWS और OBC उम्मीदवारों के लिए ₹850 प्लस पेमेंट गेटवे शुल्क, जबकि SC, ST, PwBD और महिला उम्मीदवारों के लिए ₹175 प्लस पेमेंट गेटवे शुल्क निर्धारित है। इच्छुक उम्मीदवार अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना आवेदन कर सकते हैं।