HIGHLIGHTS
अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग वालों की अब खैर नहीं।
निर्माणाधीन डिवाइडर के दोनों तरफ की गई मार्किंग।
संभावित स्थानों के शासकीय रिकार्ड की जाएगी जांच।
विद्युत खंभों के कारण सड़क की चौड़ाई हुई कम।
दुकानदारों को सड़क पर सामान हटाने दिया निर्देश।
Chhattisgarh Janjgir-Champa News : शहर में आए दिन लगने वाले ट्रैफिक जाम से निजात दिलाने के लिए प्रशासन ने सड़क पर अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग के खिलाफ तैयारी शुरू कर दी है। बुधवार को BTI चौक से कलेक्ट्रेट तिराहा तक प्रशासन, पुलिस, नगर पालिका और लोक निर्माण विभाग (PWD) की संयुक्त टीम ने सड़क का सर्वे किया। इस दौरान निर्माणाधीन डिवाइडर के दोनों तरफ 12-12 मीटर की चौड़ाई का सीमांकन कर मार्किंग की गई।
प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद सड़क किनारे दुकान लगाने वाले व्यापारियों को निर्धारित सीमा के भीतर ही कारोबार करने की समझाइश दी गई। साथ ही सड़क की सीमा में आने वाले बोर्ड, फ्लेक्स और बैनर हटाने के निर्देश दिए गए। दुकानदारों को साफ तौर पर कहा गया कि वे दुकान का सामान सड़क या फुटपाथ तक न फैलाएं और स्वयं अतिक्रमण हटा लें।
सर्वे के दौरान सड़क के दोनों ओर उपलब्ध कुछ शासकीय जमीनों को पार्किंग के लिए चिन्हांकित किया गया है। इसके अलावा अन्य संभावित स्थानों की पहचान कर उनके शासकीय रिकॉर्ड की जांच की जाएगी। इसके बाद जरूरत के मुताबिक उन्हें व्यवस्थित पार्किंग स्थल के रूप में विकसित करने की योजना है।
सड़क के दोनों ओर लगे विद्युत खंभों के कारण कई जगह सड़क की चौड़ाई कम हो रही है। कुछ स्थानों पर इनकी वजह से पार्किंग की समस्या भी सामने आई है। ऐसे स्थानों को चिन्हांकित कर विद्युत विभाग के साथ समन्वय बनाते हुए खंभों की शिफ्टिंग सहित जरूरी कार्रवाई पर विचार किया जाएगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित पार्किंग स्थल के बजाय सड़क पर वाहन खड़े कर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की जाएगी। संयुक्त सर्वे में राजस्व, पुलिस, यातायात, PWD और नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।
जांजगीर-चांपा पुलिस ने व्यापारियों और आम नागरिकों से सड़क एवं फुटपाथ पर अतिक्रमण नहीं करने, दुकान का सामान निर्धारित सीमा के भीतर रखने और वाहनों को तय पार्किंग स्थल पर ही खड़ा करने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि सभी विभागों के समन्वय और आम लोगों के सहयोग से शहर को जाममुक्त और सुरक्षित बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है।