यूट्यूबर और पद्मनाभपुर पुलिस (सोर्स- सोशल मीडिया)
दुर्ग

दुर्ग में यूट्यूबर का बवाल, चाइल्ड हेल्पलाइन कार्यालय में महिला को पीटा, दी जान से मारने की धमकी

Durg News: चाइल्ड हेल्पलाइन कार्यालय में लगे CCTV कैमरे का फुटेज भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। चाइल्ड हेल्पलाइन प्रबंधन ने पद्मनाभपुर थाने में शिकायत की है।

दिनेश कुमार चौहान, चंदू निर्मलकर

Woman Beaten in Child Helpline office: चाइल्ड हेल्पलाइन कार्यालय में महिला से कथित मारपीट और महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी को धमकाने का मामला सामने आया है। यूट्यूबर हनु नायक पर महिला को थप्पड़ मारने, लात मारने, गाली-गलौज करने और गांजा रखकर झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने के आरोप लगे हैं। घटना 7 अक्टूबर की बताई जा रही है। कार्यालय में लगे CCTV कैमरे का फुटेज भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। चाइल्ड हेल्पलाइन प्रबंधन ने पद्मनाभपुर थाने में शिकायत की है। जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। इस मामले में खास बात ये है कि आरोपी यूट्यूबर हनु नायक खुद को पत्रकार बता कर धौंस जमाने का प्रयास कर रहा था।

बेटी को लेकर बातचीत के दौरान विवाद

जानकारी के मुताबिक, नेहरू नगर चौक पर करीब 14-15 वर्षीय एक किशोरी कारों के शीशे साफ करती मिली थी। चाइल्ड हेल्पलाइन के कर्मचारी उसे संरक्षण में लेकर कार्यालय पहुंचे और उसकी मां गोलू बाई को जरूरी दस्तावेजों के साथ बुलाया। गोलू बाई ने अधिकारियों को बताया था कि वो अपने बच्चों के साथ चौक पर खिलौने बेचती है। वहां पर किशोरी की पढ़ाई और स्कूल नहीं जाने को लेकर बातचीत चल रही थी। इसी दौरान यूट्यूबर हनु नायक भी कार्यालय पहुंचा और उसने बच्ची से भिक्षावृत्ति करवाने का आरोप लगाकर विवाद शुरू कर दिया। चाइल्ड हेल्पलाइन की काउंसलर ममता साहू के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर हनु नायक ने गोलू बाई के साथ गाली-गलौज की और थप्पड़ मारा। बीच-बचाव के दौरान महिला को लात मारी। CCTV कैमरे मारपीट की पूरी वीडियो रिकॉर्ड हो गई।

अधिकारी को भी धमकाने का आरोप

चाइल्ड हेल्पलाइन के परियोजना समन्वयक चंद्रप्रकाश पटेल ने आरोप लगाया कि हनु नायक ने उन्हें और कर्मचारियों को भी गांजा रखकर झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी। पटेल के मुताबिक, घटना के समय वह कार्यालय में मौजूद नहीं थे। बाद में उनकी हनु नायक से फोन पर बातचीत हुई। पटेल ने यह भी दावा किया कि घटना के करीब एक घंटे बाद हनु नायक ने कलेक्टर को शिकायत देकर उन पर एक महिला से 20 हजार रुपये रिश्वत लेने का आरोप लगाया था। पटेल ने इस आरोप को गलत बताया है। घटना के दौरान एक कर्मचारी का मोबाइल छीनकर वीडियो डिलीट करने का आरोप भी लगाया गया है। इन सभी आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है।

पुलिस को मिली शिकायत, एफआईआर के बाद यूट्यूबर हिरासत में

मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शोभराज अग्रवाल ने शिकायत मिलने की पुष्टि की है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, चाइल्ड हेल्पलाइन प्रबंधन ने पद्मनाभपुर थाने में एफआईआर दर्ज किया गया है और आरोपी यूट्यूबर हनु नायक को हिरासत में लिया गया है।

6 महीने में गिर जाएगी मोदी सरकार! संजय राउत की भविष्यवाणी से मची सियासी खलबली

Delhi CJP Protest LIVE: दिल्ली पुलिस ने अरविंद केजरीवाल को लिया हिरासत में, ममता-दिपके-सौरव-आशुतोष भी डिटेन

सुभाष चंद्रा की पर्सनल गारंटी वाले लोन पर बड़ा अपडेट, चार कंपनियों ने दिया सेटलमेंट ऑफर

ओमानी को-पायलट हम्मामी को लेकर बड़ा खुलासा! मुस्लिम ब्रदरहुड से जुड़ाव, चरमपंथ और आतंकवाद से था प्रभावित

काफी दिनों से बीमार थी अभिजीत की दादी, अंतिम संस्कार का समय तय; प्रोटेस्ट छोड़ परिवार को चुनेंगे CJP चीफ?