गौरा-गौरी पूजा  (सोर्स - नवभारत लाइव)
दुर्ग

गौरा-गौरी पूजा में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सहा सोंटे का प्रहार, जानिए क्या है इसकी मान्यता

Gaura-Gauri Puja Durg : प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दुर्ग जिले के जांजगीरी-कुम्हारी में गौरा-गौरी पूजा से जुड़ी सोंटा प्रहार की पारंपरिक रस्म निभाई।

चंदू निर्मलकर

Highlights

  • पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने खाया सोंटा प्रहार।

  • छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति से जुड़ी है ये परंपरा।

  • रस्म के निर्वहन से होता है कष्टों का निवारण।

  • सोंटे के प्रहार को आशीर्वाद मानते हैं श्रद्धालु।

  • पूजा-अर्चना के बाद प्रतिमाओं का किया जाता है विसर्जन।

Chhattisgarh sonta prahar Tradition : छत्तीसगढ़ में दीपावली पर्व के अवसर पर लोक संस्कृति और पारंपरिक रीति-रिवाजों की अनूठी झलक देखने को मिली। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दुर्ग जिले के जांजगीरी-कुम्हारी में गौरा-गौरी पूजा से जुड़ी सोंटा प्रहार की पारंपरिक रस्म निभाई। इस दौरान उन्होंने अपने हाथों पर सोंटे का प्रहार सहकर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और सभी प्रकार के अनिष्ट के नाश की कामना की।

छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति में गौरा-गौरी पूजा का विशेष महत्व है। दीपावली के अगले दिन गोवर्धन पूजा के अवसर पर प्रदेश के कई गांवों में गौरा-गौरी उत्सव धूमधाम से मनाया जाता है। इस पर्व में भगवान शिव को गौरा और माता पार्वती को गौरी के रूप में पूजने की परंपरा है। पूजा-अर्चना के बाद पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाता है। इस दौरान लोकगीत, नृत्य और विभिन्न धार्मिक रस्में भी निभाई जाती हैं।

क्या है सोंटा प्रहार की परंपरा?

सोंटा प्रहार छत्तीसगढ़ की विशिष्ट लोकपरंपराओं में से एक है। यह रस्म दीपावली के अगले दिन गौरा-गौरी उत्सव और विसर्जन के दौरान निभाई जाती है। इसमें कुश, घास या धान के पैरे से तैयार विशेष कोड़े को सोंटा कहा जाता है। इसी सोंटे से श्रद्धालुओं के हाथों या कलाइयों पर प्रतीकात्मक रूप से प्रहार किया जाता है।

स्थानीय धार्मिक मान्यताओं के अनुसार गौरा-गौरी की पूजा के बाद सोंटे का प्रहार सहने से जीवन में आने वाले संकट, अनिष्ट और बाधाएं दूर होती हैं। साथ ही परिवार और समाज में सुख-समृद्धि एवं खुशहाली आती है।

सोंटे के प्रहार को आशीर्वाद मानते हैं श्रद्धालु

इस परंपरा में शामिल श्रद्धालु सोंटे के प्रहार को केवल शारीरिक पीड़ा के रूप में नहीं, बल्कि देवी-देवताओं के आशीर्वाद और प्रसाद के रूप में स्वीकार करते हैं। लोकमान्यता है कि इस रस्म के निर्वहन से कष्टों का निवारण होता है और जीवन में सकारात्मकता आती है।

लोकपरंपरा में नेताओं की भी भागीदारी

छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति से जुड़ी इस परंपरा में आम लोगों के साथ जनप्रतिनिधि और राजनीतिक हस्तियां भी शामिल होती रही हैं। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सोंटा प्रहार की रस्म में भागीदारी इसी सांस्कृतिक जुड़ाव को दर्शाती है। इस तरह की परंपराएं छत्तीसगढ़ की ग्रामीण संस्कृति, लोकआस्था और पीढ़ियों से चली आ रही विरासत को जीवंत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

जनवरी में 5 राज्यों में चुनाव संभव, नए साल के पहले हफ्ते में हो सकते हैं चुनाव

दिवाली की बधाई में ईद का जिक्र करना मल्लिकार्जुन खरगे को पड़ा भारी, बीजेपी-कांग्रेस में छिड़ी जुबानी जंग

दिल्ली में AQI डेटा में हेरफेर, हेल्थ इमरजेंसी का बढ़ा खतरा, सौरभ भारद्वाज बोले- आंकड़े कम दिखा रही सरकार

पाकिस्तान से हैं क्या? दिवाली को ईद बताकर बुरे फंसे मल्लिकार्जुन खरगे, वायरल VIDEO पर भड़के सोशल मीडिया यूजर्स

हाथ में ही फट गया पटाखा... दिल्ली में 10 साल के बच्चे की मौत, दीवाली की खुशियों के बीच अचानक बदले हालात