दंतेवाड़ा में NMDC लैंडस्लाइड सोर्स - नवभारत लाइव
दंतेवाड़ा

बैलाडीला में लैंड स्लाइड से जंगल और वन्यजीवों को नुकसान, NMDC के रवैये पर उठे सवाल

NMDC Landslide Dantewada : दंतेवाड़ा की बैलाडीला पहाड़ियों में खनिज अपशिष्ट खिसकने से जंगल और वन्यजीवों को नुकसान पहुंचा है, जबकि आईआईटी विशेषज्ञ मामले की तकनीकी जांच करेंगे।

अजय श्रीवास्तव, ऐश्वर्या द्विवेदी

HIGHLIGHTS

  • बैलाडीला में खिसका मलबे का पहाड़, हजारों पेड़ दबने की आशंका।

  • दंतेवाड़ा में लैंडस्लाइड के बाद वन्यजीवों के आशियाने पर बड़ा संकट।

  • बैलाडीला हादसे पर 48 घंटे बाद खुला राज, मीडिया को रोका।

  • मलबे के दायरे पर बड़ा विवाद, ग्रामीणों और कंपनी के अलग दावे।

  • खनिज अपशिष्ट से जलस्रोतों पर खतरा, आईआईटी विशेषज्ञ करेंगे तकनीकी जांच।

NMDC Mining Waste Landslide : दंतेवाड़ा की बैलाडीला पहाड़ियों में 18 नवंबर की रात भारी भूस्खलन हुआ। लौह अयस्क खनन का लाल अपशिष्ट खिसककर घने जंगल में फैल गया। इस हादसे में हजारों पेड़ों के दबने और वन्यजीवों के प्रभावित होने की आशंका है। घटना के 48 घंटे बाद इसकी जानकारी सार्वजनिक हुई और मीडिया को रोका गया। अब आईआईटी की टीम मौके पर पहुंचकर हादसे की तकनीकी जांच करेगी।

मलबे के दायरे पर अलग दावे

हादसे के बाद मलबे के फैलाव को लेकर विरोधाभासी आंकड़े सामने आ रहे हैं। NMDC का कहना है कि मलबा एक जलधारा के रास्ते दो से तीन किलोमीटर तक बहा। इसके बाद यह समतल क्षेत्र में जाकर रुक गया।

दूसरी तरफ, जिला पंचायत सदस्य सोमारू कड़ती ने अलग दावा किया है। उनके मुताबिक मलबे का फैलाव करीब दस किलोमीटर तक हुआ है। इस बड़े अंतर के कारण स्वतंत्र सर्वेक्षण की मांग जोर पकड़ रही है।

मीडिया को रोकने पर उठे सवाल

घटना 18 नवंबर को हुई, लेकिन इसकी विस्तृत जानकारी 20 नवंबर को सामने आई। आरोप है कि प्रभावित इलाके में मीडिया कर्मियों और आम लोगों को जाने से रोका गया। इस वजह से घटनास्थल की वास्तविक तस्वीर बाहर नहीं आ सकी है। प्रशासन और वन विभाग का कहना है कि पहाड़ी अभी अस्थिर है। दोबारा मलबा खिसकने के डर से तत्काल निरीक्षण नहीं किया जा सका।

आईआईटी टीम करेगी तकनीकी जांच

NMDC ने इसे खनन गतिविधि के बजाय एक प्राकृतिक घटना बताया है। हालांकि, जिला कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने मामले की तकनीकी जांच के निर्देश दिए हैं। अब आईआईटी रुड़की और बॉम्बे के विशेषज्ञ घटनास्थल का निरीक्षण करेंगे।

मलबा एक जलधारा से होकर गुजरा है, जिससे स्थानीय जलस्रोतों पर खतरा मंडरा रहा है। ग्रामीणों को चिंता है कि मलांगिर पर्यटन क्षेत्र और बस्तियों का पानी प्रदूषित हो सकता है। इसकी पुष्टि के लिए पानी के नमूनों की वैज्ञानिक जांच होना बेहद जरूरी है।

NMDC को देना होगा सवालों का जवाब

बैलाडीला में लौह अयस्क खनन से NMDC को बड़ा आर्थिक लाभ मिलता है, लेकिन खनन से जुड़े अपशिष्ट के कारण जंगल और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों को नुकसान उठाना पड़े तो इसकी जवाबदेही भी तय होनी चाहिए।

1.भूस्खलन से कितने हेक्टेयर जंगल प्रभावित हुए और कितने पेड़ नष्ट हुए?

2.क्या किसी वन्यजीव की मौत हुई है या उनके प्राकृतिक आवास को स्थायी नुकसान पहुंचा है?

3.खनिज अपशिष्ट का विशाल ढेर किस तकनीकी मानक के तहत जमा किया गया था?

4.क्या टेलिंग्स डंप का नियमित सुरक्षा ऑडिट हुआ था?

5.मीडिया को घटनास्थल तक जाने से रोकने के पीछे क्या कारण थे?

6.क्या पानी के स्रोतों में खनिज अपशिष्ट के प्रदूषण की जांच कराई जाएगी?

7.पर्यावरणीय नुकसान की भरपाई और प्रभावित वन क्षेत्र के पुनर्स्थापन की जिम्मेदारी कौन लेगा?

Shivangi Singh Tilak Photos: शिवांगी के तिलक में क्या-क्या हुआ खास? देखें समारोह की वायरल तस्वीरें

राजस्थान पंचायत चुनाव में BJP क्यों हारी? जानें 5 बहुत बड़े कारण; 20 मंत्री नहीं बचा पाए अपना गढ़

IIT खड़गपुर के 75 साल पूरे, पीएम नरेंद्र मोदी ने जारी किया स्मारक सिक्का, छात्रों से की खास बातचीत

महाराष्ट्र में भारत के पहले 100% इलेक्ट्रिक हाइड्रोफॉइल जहाज का सफल परीक्षण, समंदर में दौड़ा कंडेला P-12 जहाज

फिल्म धुरंधर से बिल्कुल अलग है दाऊद इब्राहिम की असली जिंदगी? पूर्व FBI एजेंट कामरान फरीदी ने किए कई बड़े दावे