

सरगुजा में खत्म हुआ 17 लोगों की जान लेने वाले कबरा का आतंक।
छह दिन के लंबे रेस्क्यू के बाद वन विभाग ने कबरा हाथी को पकड़ा।
तीरथ और दुर्योधन की मदद से बेहोश किया गया आदमखोर कबरा हाथी।
रामगढ़ पहाड़ के पास वन अमले को मिली हाथी पकड़ने की बड़ी सफलता।
अब रेडियो कॉलर लगाकर रखी जाएगी कबरा हाथी के हर कदम पर नजर।
Killer Elephant Caught In Chhattisgarh : सरगुजा संभाग के ग्रामीणों के लिए लंबे समय से कबरा हाथी खौफ का दूसरा नाम था। पिछले पांच दिनों से वन विभाग की टीम इस हाथी को पकड़ने में जुटी थी। आखिरकार अभियान के छठवें दिन वन अमले को बड़ी कामयाबी हाथ लगी।
उदयपुर वन परिक्षेत्र में रामगढ़ पहाड़ के पास जंगल में इसे ट्रैंकुलाइज किया गया। बेहोशी का डार्ट लगने के बाद हाथी शांत हो गया है। इस खबर के सामने आते ही आसपास के गांवों के लोगों ने राहत की सांस ली है।
इस कठिन अभियान को पूरा करने के लिए कई जिलों की टीमें एक साथ लगी थीं। सरगुजा के साथ सूरजपुर और बलरामपुर वन विभाग के सैकड़ों कर्मचारी दिन-रात जंगल में डटे रहे। अधिकारी और कर्मचारी सुबह से शाम तक हाथी की तलाश में जुटे रहते थे।
रात के समय भी टीम उदयपुर वन परिक्षेत्र में कैंप लगाकर रुकती थी। जंगल में हाथी की सही लोकेशन जानने के लिए आधुनिक तकनीक का सहारा लिया गया। इसमें ड्रोन कैमरे और थर्मल कैमरों की मदद ली गई। विशेषज्ञों की एक टीम लगातार हाथी की हर गतिविधि पर अपनी नजर बनाए हुए थी।
कबरा हाथी लगातार जंगल के अलग-अलग हिस्सों में तेजी से घूम रहा था। इस वजह से पांच दिनों तक टीम को सफलता नहीं मिल पा रही थी। अभियान को सफल बनाने के लिए विशेष रूप से प्रशिक्षित कुमकी हाथियों को बुलाया गया।
तीरथ और दुर्योधन नाम के इन कुमकी हाथियों ने रेस्क्यू में बड़ी मदद की। इन्हीं की मदद से टीम कबरा हाथी के करीब पहुंचने में सफल रही। इसके बाद विशेषज्ञों ने सटीक निशाना लगाकर हाथी को बेहोशी का डार्ट लगाया।
हाथी को बेहोश करने के बाद अब सबसे बड़ी चुनौती सामने है। कबरा हाथी अभी 17 हाथियों के एक बड़े दल के साथ मौजूद है। वन विभाग की टीम अब उसे इस झुंड से सुरक्षित बाहर निकालने में जुटी है।
झुंड से अलग करने के बाद हाथी के गले में कॉलर आईडी लगाई जाएगी। इसके लग जाने से हाथी की लोकेशन और हर हरकत पर नजर रखना आसान होगा। इससे भविष्य में मानव और हाथी के बीच होने वाले टकराव को रोका जा सकेगा।
Story by - Sanjay Rajak