Ambikapur Congress Office Taps Theft: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से एक ऐसी ही अजीबोगरीब घटना सामने आई है, जिसने न केवल इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि लोगों को हैरत में भी डाल दिया है। अंबिकापुर स्थित कांग्रेस के जिला कार्यालय 'राजीव भवन' में हुई नलों की चोरी ने राजनीतिक हलकों में खलबली मचा दी है।
चोरों ने सिर्फ सामान पर ही हाथ साफ नहीं किया, बल्कि अपनी मौजूदगी का एक बेहद 'रोमांटिक' लेकिन शर्मनाक निशान भी छोड़ दिया। वे फर्श पर प्रशासन को चैलेंज देते हुए ‘आई लव यू’ लिखकर गए।
घटना अंबिकापुर के राजीव भवन की है, जहां चोरों ने रात के अंधेरे में धावा बोला। सुबह जब दफ्तर के कर्मचारी और नेता वहां पहुंचे, तो बाथरूम का नजारा देखकर सन्न रह गए। चोरों ने बाथरूम को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया था। वहां लगे स्टील के नल गायब थे और उनकी जगह सिर्फ पाइपों के मुंह खुले पड़े थे। बताया जा रह है कि चोरों ने एक-दो नहीं बल्कि पूरे 73 स्टील के नलों पर हाथ साफ कर दिया। बाथरूम के भीतर वॉश बेसिन टूटे पड़े थे और फ्लश टैंकों को भी बुरी तरह नुकसान पहुंचाया गया था। पूरी फर्श पर नलों के पाइप और प्लंबिंग का सामान बिखरा हुआ था, जो इस बात का गवाह था कि चोरों ने कितनी बेरहमी से तोड़फोड़ की थी।
इस चोरी की सबसे हैरान करने वाली बात वह संदेश था, जो चोरों ने मौके पर छोड़ा। वारदात को अंजाम देने के बाद चोरों ने फर्श पर जमी धूल का इस्तेमाल अपनी 'क्रिएटिविटी' दिखाने के लिए किया। उन्होंने फर्श पर उंगलियों से 'आई लव यू' लिख दिया। यह घटना न केवल चोरी की वारदात है, बल्कि अपराधियों की बेखौफ मानसिकता को भी दर्शाती है। ऐसा लगता है कि उन्हें पुलिस की कार्रवाई का रत्ती भर भी डर नहीं था।
यह भी पढ़ें: लखनऊ कचहरी में बवाल! अवैध चैंबरों पर चला नगर निगम का बुलडोजर तो भड़के वकील, पुलिस ने किया लाठीचार्ज- VIDEO
जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने इस घटना पर गहरी नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने बताया कि राजीव भवन में चोरी की यह कोई पहली घटना नहीं है, बल्कि चोर यहां तीसरी बार सेंध लगा चुके हैं। पाठक का मानना है कि इस तरह की वारदातों के पीछे स्थानीय नशेड़ियों और असामाजिक तत्वों का हाथ हो सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि शहर में नशे का कारोबार बढ़ रहा है और छत्तीसगढ़ पुलिस इन पर नकेल कसने में पूरी तरह नाकाम साबित हुई है। उनका कहना है कि जिस तरह से पुलिस काम कर रही है, उससे साफ लगता है कि कानून व्यवस्था अब उनके नियंत्रण से बाहर हो चुकी है।