छत्तीसगढ़ धान खरीदी सोर्स - सोशल मीडिया
बिलासपुर

धान खरीदी की तैयारी पूरी, बिलासपुर के 154 और बस्तर के 417 केंद्र तैयार, 3100 रुपये भाव तय

Chhattisgarh Paddy Procurement : छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 15 नवंबर से शुरू होने जा रही है। इसे लेकर प्रदेशभर में प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

रोहित कुमार बंछोर

HIGHLIGHTS

  • छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू।

  • बिलासपुर जिले के 154 और बस्तर संभाग के 417 केंद्र तैयार।

  • बिलासपुर में 1.36 लाख और बस्तर संभाग में 2.72 लाख किसानों का पंजीयन।

  • किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदा जाएगा धान।

Bilaspur-Jagdalpur Paddy Procurement : छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 15 नवंबर से शुरू होने जा रही है। इसे लेकर प्रदेशभर में प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बिलासपुर जिले के सभी 154 धान उपार्जन केंद्र किसानों से धान खरीदने के लिए तैयार हैं।

वहीं बस्तर संभाग के सात जिलों में 417 उपार्जन केंद्रों के माध्यम से धान की खरीदी की जाएगी। इस वर्ष प्रदेश सरकार ने धान का समर्थन मूल्य 3100 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। किसानों को अधिकतम 21 क्विंटल प्रति एकड़ तक धान बेचने की सुविधा मिलेगी।

छत्तीसगढ़ बिलासपुर धान खरीदी

बिलासपुर में 1.36 लाख किसानों ने कराया पंजीयन

बिलासपुर जिले में इस खरीफ सीजन में करीब 1 लाख 36 हजार किसानों ने धान बेचने के लिए पंजीयन कराया है। खरीदी शुरू होने से पहले कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह ने सेंदरी धान उपार्जन केंद्र पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने बारदाने, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन और ऑनलाइन खरीदी प्रक्रिया सहित अन्य इंतजामों का निरीक्षण किया। सभी 154 केंद्रों के नोडल अधिकारियों ने भी तैयारियां पूरी होने की रिपोर्ट प्रशासन को सौंप दी है।

धान खरीदी के पहले दिन 15 नवंबर के लिए जिले में अब तक 151 टोकन जारी किए गए हैं। 14 नवंबर की रिपोर्ट के अनुसार, 95 उपार्जन केंद्रों में किसानों को टोकन मिल चुके हैं। इनमें 62 टोकन समितियों के माध्यम से और 89 टोकन मोबाइल एप के जरिए जारी किए गए हैं। इन टोकनों के आधार पर पहले दिन 504.18 मीट्रिक टन धान की आवक प्रस्तावित है।

इसमें समितियों से जारी टोकन के जरिए 159.38 मीट्रिक टन और मोबाइल एप से जारी टोकन के माध्यम से 344.80 मीट्रिक टन धान आने का अनुमान है।

छत्तीसगढ़ जगदलपुर धान खरीदी

बस्तर संभाग के 7 जिलों में 417 खरीदी केंद्र

बस्तर संभाग में धान खरीदी के लिए कुल 297 सहकारी समितियां हैं। इनमें 279 समितियों के माध्यम से खरीदी की व्यवस्था की गई है। संभाग के सात जिलों में कुल 417 उपार्जन केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इस वर्ष संभाग में 2 लाख 72 हजार 357 किसानों ने पंजीयन कराया है।

जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित जगदलपुर के अध्यक्ष दिनेश कश्यप और उपाध्यक्ष श्रीनिवास मिश्रा ने प्रेसवार्ता में धान खरीदी की तैयारियों और कृषक उन्नति योजना के नए प्रावधानों की जानकारी दी।

आंकड़ों के मुताबिक, बस्तर जिले में 88, बीजापुर में 31, दंतेवाड़ा में 16, कांकेर में 163, कोंडागांव में 73, नारायणपुर में 19 और सुकमा में 27 उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं।

पिछले खरीफ विपणन वर्ष में बस्तर संभाग में 2 लाख 28 हजार 29 किसानों ने धान बेचा था। इस दौरान 13 लाख 74 हजार 383.52 मीट्रिक टन धान की खरीदी हुई थी। इस बार संभाग के लिए 15 लाख 59 हजार 40 मीट्रिक टन धान खरीदी का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

पात्र किसानों को मिलेगी 13,839 रुपये प्रति एकड़ आदान सहायता

इस वर्ष किसानों के लिए कृषक उन्नति योजना के तहत आदान सहायता को लेकर भी नई व्यवस्था लागू की गई है। पात्र किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की आदान सहायता मिलेगी। खास बात यह है कि जिन किसानों का धान उत्पादन 21 क्विंटल प्रति एकड़ से कम होगा, उन्हें भी निर्धारित पात्रता और सत्यापित रकबे के आधार पर पूरी सहायता राशि दी जाएगी।

सरकार के अनुसार, प्रदेश में 27.50 लाख से अधिक पंजीकृत किसानों से धान खरीदी का लक्ष्य है। किसानों की सुविधा के लिए 360 नए उपार्जन केंद्र भी शुरू किए जा रहे हैं।

इस तरह 15 नवंबर से शुरू होने वाली धान खरीदी के लिए प्रदेश में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अब किसानों को खरीदी शुरू होने का इंतजार है।

Kal Ka Mausam: 15 नवंबर को 4 राज्यों में बारिश के आसार, बंगाल की खाड़ी में चक्रवात का अलर्ट

धामी सरकार के 5 साल में उत्तराखंड को मिले 3 नए मेडिकल-नर्सिंग कॉलेज, CM बोले- हर क्षेत्र तक पहुंचें बेहतर इलाज

जेल में डाल दो, गला घोंट दो... सिर नहीं झुकेगा, पुलिस स्टेशन से बाहर आते ही अभिषेक बनर्जी का तीखा बयान

हसीना को बांग्लादेश भेजने के लिए भारत ने रखीं 2 शर्तें, रिपोर्ट में सहमति बनने का दावा

पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ को AIIMS से मिली छुट्टी, मॉर्निंग वॉक में हुए थे बेहोश