

मस्तूरी थाना क्षेत्र के ग्राम गतौरा की घटना।
पत्नी-बच्चों के मायके में जाने की बात को लेकर दादा से विवाद।
शराब के नशे में पोते ने वारदात को दिया अंजाम।
रिश्तों को झकझोर देने वाली वारदात से इलाके में सनसनी।
Bilaspur Masturi Murder Case: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में रिश्तों को झकझोर देने वाली एक घटना सामने आई है। मस्तूरी थाना क्षेत्र के ग्राम गतौरा में पोते ने अपने ही 80 वर्षीय दादा की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उनकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि आरोपी शराब के नशे में था और पत्नी-बच्चों के मायके जाने की बात को लेकर दादा से विवाद कर रहा था। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम गतौरा के वार्ड क्रमांक 7 निवासी पंचराम चंद्राकर (80) शुक्रवार दोपहर अपने घर पर थे। इसी दौरान उनका पोता तुलाराम चंद्राकर शराब के नशे में घर पहुंचा। उसकी पत्नी बच्चों के साथ मायके गई हुई थी। इसी बात को लेकर उसने दादा से विवाद शुरू कर दिया। आरोपी का आरोप था कि दादा ने उसकी पत्नी और बच्चों को मायके जाने से नहीं रोका।
देखते ही देखते मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। गुस्से में आरोपी ने अपने बुजुर्ग दादा पर लात-घूंसों से हमला कर दिया। मारपीट में गंभीर चोट लगने के कारण पंचराम चंद्राकर की मौके पर ही मौत हो गई।
दोपहर करीब 4 बजे ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची मस्तूरी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और आरोपी पोते तुलाराम चंद्राकर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
बिलासपुर जिले में दो दिनों के भीतर रिश्तों को कलंकित करने वाली यह दूसरी घटना बताई जा रही है। इससे पहले एक बेटे पर अपने ही पिता के साथ मारपीट करने और उन्हें जिंदा जलाने की कोशिश करने का आरोप लगा था। गंभीर हालत में बुजुर्ग को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने पारिवारिक रिश्तों में बढ़ती हिंसा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।