होटल कारोबारी दीपक टंडन को बिलासपुर पुलिस ने किया गिरफ्तार।
न्यू राजेंद्र नगर स्थित रजत प्राइम अपार्टमेंट से छुपा था आरोपी दीपक।
पूर्व DSP कल्पना वर्मा पर लगे करोड़ों के ठगी का आरोप।
आरोपी AI से बनाता था आपत्तिजनक तस्वीरें।
Chhattisgarh DSP Kalpana Verma Fraud Case: छत्तीसगढ़ की पूर्व DSP कल्पना वर्मा पर प्रेमजाल में फंसाकर करोड़ों रुपए लेने का आरोप लगाकर सुर्खियों में आए होटल कारोबारी दीपक टंडन को बिलासपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस बार मामला खुद दीपक टंडन पर लगे ब्लैकमेलिंग और अवैध वसूली के आरोपों से जुड़ा है। पुलिस ने उसे रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर स्थित रजत प्राइम अपार्टमेंट से गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, दीपक टंडन 'द हनी बैजर न्यूज पोर्टल संचालित करता था। आरोप है कि वह AI तकनीक की मदद से लोगों की तस्वीरों में छेड़छाड़ कर आपत्तिजनक और भ्रामक खबरें तैयार करता था। इन खबरों को न्यूज पोर्टल और सोशल मीडिया पर प्रकाशित करने के बाद संबंधित लोगों पर दबाव बनाकर उनसे पैसे वसूलने की कोशिश करता था।
मामले की शुरुआत 29 अक्टूबर को हुई, जब तिफरा के महाराणा प्रताप नगर निवासी मणीशंकर पांडेय ने सिरगिट्टी थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायतकर्ता का आरोप था कि उनकी तस्वीरों को AI की मदद से एडिट कर आपत्तिजनक सामग्री तैयार की गई और फिर न्यूज पोर्टल व सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरें प्रसारित की गईं। इससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने और ब्लैकमेल करने का प्रयास किया गया।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच में दीपक टंडन की भूमिका सामने आने पर उसकी तलाश की गई। लोकेशन रायपुर में मिलने के बाद बिलासपुर पुलिस की टीम ने 6 नवंबर को रजत प्राइम अपार्टमेंट में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार, इन मोबाइल में कई आपत्तिजनक फोटो, वीडियो और ऑडियो क्लिप मिले हैं। आरोपी के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। फिलहाल पुलिस डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। इस मामले में अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
दीपक टंडन का नाम इससे पहले तत्कालीन DSP कल्पना वर्मा से जुड़े विवाद में सामने आया था। होटल कारोबारी ने आरोप लगाया था कि DSP कल्पना वर्मा ने उसे प्रेमजाल में फंसाया और शादी का झांसा देकर करोड़ों रुपए, महंगी गाड़ी और कीमती गहने लिए। फिलहाल DSP कल्पना वर्मा और दीपक टंडन से जुड़ा विवाद अपनी जगह है, लेकिन अब दीपक की गिरफ्तारी ने मामले को नया मोड़ दे दिया है। पुलिस की जांच में डिजिटल सामग्री और कथित ब्लैकमेलिंग के नेटवर्क को लेकर आगे और खुलासे होने की संभावना है।