HIGHLIGHTS
जिंदा बुजुर्ग महिला को सरकारी कागजों में मृत घोषित किया।
चार महीने से राशन के लिए भटक रही बेमेतरा की वृद्धा।
सिस्टम की लापरवाही से छिन गया बुजुर्ग का निवाला।
मुझे मृत्यु प्रमाणपत्र दो, ताकि स्वर्ग जाने का सबूत दिखाऊं।
जांच के आश्वासन के बीच राशन कार्ड सुधार का इंतजार।
Bemetara Living Woman Declared Dead : छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में सरकारी सिस्टम की बड़ी लापरवाही सामने आई है। ग्राम अंधियारखोर की निवासी जेठिया बाई को सरकारी रिकॉर्ड में मृत बता दिया गया है। इस गलती के कारण उन्हें पिछले चार महीने से राशन नहीं मिल पा रहा है। वृद्धा राशन दुकान और सरकारी दफ्तरों के लगातार चक्कर लगा रही हैं। अब जिला खाद्य अधिकारी ने इस पूरे मामले की जांच कराने की बात कही है।
राशन बंद होने के बाद से जेठिया बाई लगातार सरकारी कार्यालयों में भटक रही हैं। उन्हें कथित तौर पर जन्म प्रमाणपत्र लाने और पोर्टल खुलने का इंतजार करने को कहा गया। वह नवागढ़ और अंधियारखोर के बीच चक्कर लगाते हुए पूरी तरह थक चुकी हैं।
निराश होकर उन्होंने सीएम हेल्पलाइन में भी अपनी शिकायत दर्ज कराई। लेकिन वहां से भी राहत मिलने के बजाय एक से दूसरे दफ्तर जाने की सलाह मिली। अब तक न तो उन्हें चावल मिला और न ही रिकॉर्ड सुधारा गया।
व्यवस्था की इस संवेदनहीनता से नाराज होकर जेठिया बाई ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि जब सरकार ने उन्हें मृत मान ही लिया है, तो मृत्यु प्रमाणपत्र दे दे। इससे वह लोगों को अपने स्वर्ग में होने का प्रमाण तो दिखा सकेंगी।
इस मामले ने अब राजनीतिक रूप भी ले लिया है। छत्तीसगढ़ जोहार पार्टी की जिलाध्यक्ष भारती गंधर्व ने भाजपा की छत्तीसगढ़ प्रभारी स्मृति ईरानी को पत्र लिखा है। उन्होंने स्मृति ईरानी को बेमेतरा आकर जमीनी हकीकत देखने का न्योता दिया है।
भारती गंधर्व ने आरोप लगाया कि राशन कार्ड से करीब 20 प्रतिशत नाम काट दिए गए हैं। नाम जुड़वाने में तीन से चार महीने लग रहे हैं और पुराना राशन भी नहीं मिलता। उन्होंने धान खरीदी में भी 20 प्रतिशत किसानों का रकबा कम करने का आरोप लगाया है।
मामला तूल पकड़ने के बाद अब प्रशासन हरकत में आया है। जिला खाद्य अधिकारी ओंकार सिंह ठाकुर ने मामले का संज्ञान लिया है। उन्होंने कहा है कि जेठिया बाई को राशन क्यों नहीं मिल रहा, इसकी जांच कराई जाएगी।