दंतेवाड़ा बैलाडीला भूस्खलन सोर्स- नवभारत लाइव
बस्तर

बैलाडीला में भूस्खलन का खतरा बरकरार, पहाड़ पर विशाल दरारें देख बढ़ी चिंता, 8 KM तक फैला मलबा

Bailadila Landslide : ऊपरी हिस्से में बड़ी-बड़ी दरारें, करीब 5 लाख टन मलबे से जंगल और जलस्रोत तबाह, 25 से 30 हेक्टेयर वन क्षेत्र प्रभावित होने का अनुमान, वन विभाग ने दर्ज किया वन अपराध।

अजय श्रीवास्तव, रोहित कुमार बंछोर

HIGHLIGHTS

  • बैलाडीला के डिपॉजिट-14 में भूस्खलन का खतरा अब भी बरकरार।

  • पहाड़ के ऊपरी हिस्से में विशाल दरारें।

  • 25 से 30 हेक्टेयर जंगल प्रभावित।

  • चार प्राकृतिक जलस्रोत प्रभावित, वन्यजीवों के आवास पर संकट।

  • कांग्रेस जांच दल ने खनन और ब्लास्टिंग पर उठाए सवाल।

Dantewada Bailadila Landslide : बैलाडीला की पहाड़ियों पर भूस्खलन का खतरा अभी टला नहीं है। डिपॉजिट-14 में हुए बड़े भूधंसाव के बाद अब पहाड़ के ऊपरी हिस्से में उभरी विशाल दरारें और लगातार जारी खनन गतिविधियां नए खतरे की आशंका पैदा कर रही हैं। मलबा करीब 8 किलोमीटर तक फैल चुका है। इसकी चपेट में आकर प्राकृतिक जलस्रोत और नाले दब गए हैं।

हजारों पेड़-पौधों के साथ वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास को भी भारी नुकसान पहुंचने की आशंका है। हालात ऐसे हैं कि पहाड़ पर एक बार फिर बड़ा भूस्खलन हुआ तो तबाही का दायरा और बढ़ सकता है।

मंगलवार को को कांग्रेस जांच दल ने प्रभावित पहाड़ी के ऊपरी हिस्से का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने एनएमडीसी की खनन गतिविधियों पर सवाल उठाते हुए पूछा कि जब पहाड़ पर इतनी बड़ी दरारें मौजूद हैं और मलबा 8 किलोमीटर दूर तक फैल चुका है, तब भी आसपास खनन और ब्लास्टिंग जारी रखने की जरूरत क्यों है? क्या किसी बड़ी घटना के बाद ही जिम्मेदारी तय होगी?

25 से 30 हेक्टेयर जंगल प्रभावित होने का अनुमान

भूस्खलन से हुए नुकसान का शुरुआती आकलन चौंकाने वाला है। डीएफओ गंगानाथ रामकृष्ण के मुताबिक प्रारंभिक जांच में 25 से 30 हेक्टेयर जंगल प्रभावित होने का अनुमान है। इससे करीब 2.5 से 3 करोड़ रुपए तक का नुकसान हो सकता है। वहीं वन विभाग की ओर से सामने आई जानकारी के अनुसार डिपॉजिट-14 से खिसका मलबा आरक्षित वन क्षेत्र के कंपार्टमेंट नंबर 673 तक पहुंचा है। मामले में संबंधित एजेंसी के खिलाफ वन अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई है। हालांकि मलबा स्थिर नहीं होने के कारण नुकसान का अंतिम आकलन अभी बाकी है।

चार जलस्रोत प्रभावित, वन्यजीवों के अस्तित्व पर संकट

इस घटना का असर केवल जंगल तक सीमित नहीं है। मलबे के फैलाव से चार प्राकृतिक जलस्रोत प्रभावित होने की जानकारी सामने आई है। नंदराज पहाड़ का प्राकृतिक नाला भी मलबे में दब गया है, जिसका पानी आसपास के ग्रामीण अपनी जरूरतों के लिए इस्तेमाल करते थे। हजारों पेड़-पौधे मलबे में समा गए हैं। वहीं सैकड़ों वन्यजीवों के इसकी चपेट में आने की आशंका जताई जा रही है। लोहागांव के ग्रामीणों के मुताबिक मलबे की चपेट में उनके पूर्वजों की देवस्थली भी आ गई है। इससे प्राकृतिक संसाधनों के साथ उनकी सांस्कृतिक विरासत को भी नुकसान पहुंचा है।

पहाड़ पर दरारें, नीचे मलबे का पहाड़

सबसे बड़ी चिंता पहाड़ी के ऊपरी हिस्से में दिखाई दे रही बड़ी-बड़ी दरारों को लेकर है। नीचे की ओर करीब 8 किलोमीटर तक फैला मलबा और उसमें दब चुकी प्राकृतिक जलधाराएं इस घटना की गंभीरता बयां कर रही हैं। शुरुआती रिपोर्टों में मलबे का फैलाव 2 से 3 किलोमीटर बताया गया था, लेकिन बाद में मौके का निरीक्षण करने पहुंचे कांग्रेस के जांच दल ने इसके करीब 7 से 8 किलोमीटर तक फैलने का दावा किया। करीब 5 लाख टन मलबे के फैलाव का अनुमान भी सामने आया है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि मलबा अब भी धीरे-धीरे खिसकने की आशंका बनी हुई है। यदि बारिश हुई तो मलबे का बहाव दोबारा तेज हो सकता है और जंगल, जलस्रोतों तथा आसपास के गांवों के लिए खतरा बढ़ सकता है।

जिम्मेदारी तय होगी या फिर हादसे के बाद शुरू होगी जांच?

कांग्रेस की जांच टीम ने खनन गतिविधियों को लेकर सवाल उठाए हैं। दरारों से प्रभावित पहाड़ के आसपास खनन और ब्लास्टिंग जारी रहने की बात सामने आने के बाद निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। वहीं कांग्रेस के जांच दल ने भी मलबे के वास्तविक फैलाव और पर्यावरणीय नुकसान को लेकर एनएमडीसी प्रबंधन की जवाबदेही तय करने की मांग की है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि पहाड़ पर मंडरा रहे खतरे को रोकने के लिए समय रहते क्या कदम उठाए जा रहे हैं और किसी संभावित दूसरी घटना की जिम्मेदारी किसकी होगी?

एनएमडीसी करा रहा सर्वे, आईआईटी विशेषज्ञों की ली जा रही मदद

इधर एनएमडीसी का कहना है कि प्रभावित क्षेत्र का ड्रोन सर्वे कराया जा रहा है। प्रबंधन के अनुसार वेस्ट डंप पिछले दो दशकों से स्थिर था और भूगर्भीय संरचनाओं में प्राकृतिक पार्श्वीय हलचल के कारण आंशिक भूधंसाव हुआ। घटना के कारणों और प्रभावों का आकलन करने के लिए आईआईटी बॉम्बे और आईआईटी रुड़की के भू-तकनीकी विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है। प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षा उपायों के साथ जिला प्रशासन के अधिकारियों की संयुक्त टीम भी स्थिति का जायजा ले रही है।

मुंबई में प्रदर्शन करना पड़ा भारी! CJP के तीनों बड़े नेताओं पर LOC जारी, दीपके और रांका भी पुलिस के रडार पर

परिसीमन बिल को लेकर महाविकास अघाडी में रार! सुप्रिया सुले का नरम रुख, जानिए पूरा सियासी समीकरण

26/11 Mumbai Terror Attack: देश के लिए बलिदान या साध्वी का श्राप? शहीद हेमंत करकरे की विवादों से भरी कहानी

घर की छत पर सोलर लगवाने को लेकर सरकार ले आई नया नियम, अब बैटरी लगवाना होगा जरूरी; जानें कब से लागू होगा नियम

UP Politics: बातों से ज्यादा काम करने की जरूरत, इमरान मसूद को खड़गे की दो टूक नसीहत; कहा- गठबंधन होकर रहेगा