तत्कालीन कुसमी SDM करुण डहरिया को सुप्रीम कोर्ट से नहीं मिली राहत।
सुप्रीम कोर्ट ने जमानत याचिकाएं की खारिज।
बॉक्साइट परिवहन विवाद के दौरान मारपीट में ग्रामीण की हुई थी मौत।
हाई कोर्ट ने 17 सितंबर को जमानत अपील खारिज की।
अब मामले की सुनवाई ट्रायल कोर्ट में होगी।
Chhattisgarh Balrampur Hanspur case : जिले के कुसमी क्षेत्र के हंसपुर गांव में ग्रामीण की मौत के मामले में तत्कालीन एसडीएम करुण डहरिया की मुश्किलें कम होती नजर नहीं आ रही हैं। हाई कोर्ट से जमानत नहीं मिलने के बाद अब सुप्रीम कोर्ट ने भी उन्हें राहत देने से इनकार कर दिया है। शीर्ष अदालत ने करुण डहरिया और सह आरोपी सुदीप यादव की जमानत याचिकाएं खारिज कर दी हैं। दोनों आरोपियों को फिलहाल जेल में ही रहना होगा।
मामला 15 फरवरी 2026 को हंसपुर गांव में बॉक्साइट परिवहन को लेकर हुए विवाद और मारपीट से जुड़ा है। इस घटना में ग्रामीण रामनरेश गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनकी उपचार के दौरान मौत हो गई थी। घटना के बाद तत्कालीन एसडीएम करुण डहरिया समेत अन्य लोगों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं और एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था।
अभियोजन पक्ष के अनुसार 15 फरवरी की रात बॉक्साइट से लदे वाहन को ग्रामीणों ने रोक लिया था। इसके बाद विवाद बढ़ा और झड़प की स्थिति बन गई। आरोप है कि तत्कालीन एसडीएम करुण डहरिया और उनके साथ मौजूद लोगों ने ग्रामीणों के साथ मारपीट की। इस घटना में कई ग्रामीण घायल हुए थे, जिनमें रामनरेश भी शामिल थे। गंभीर चोटों के कारण रामनरेश की इलाज के दौरान मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस ने 16 फरवरी को तत्कालीन एसडीएम करुण डहरिया सहित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद आरोपियों ने नियमित जमानत के लिए विशेष न्यायालय में आवेदन किया लेकिन वहां से राहत नहीं मिली।
विशेष न्यायालय से निराशा मिलने के बाद आरोपियों ने छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। 17 सितंबर 2026 को न्यायमूर्ति राकेश मोहन पांडेय की एकल पीठ ने करुण डहरिया, सुदीप यादव और मनजीत यादव की जमानत अपील खारिज कर दी थी।
बचाव पक्ष ने कलेक्टर की जांच रिपोर्ट, गवाहों के बयान और विवेचना पूरी होने का हवाला देते हुए जमानत की मांग की थी। वहीं शासन और आपत्तिकर्ता पक्ष ने घटना की गंभीरता तथा अभियोजन पक्ष के गवाहों के बयानों का हवाला देते हुए जमानत का विरोध किया था।
हाई कोर्ट से राहत नहीं मिलने के बाद करुण डहरिया और सुदीप यादव ने सुप्रीम कोर्ट में विशेष अनुमति याचिकाएं दाखिल की थीं। 19 नवंबर को सुनवाई के दौरान शासन ने जवाबी हलफनामा दाखिल करने के लिए समय मांगा था। इसके बाद 27 नवंबर को न्यायमूर्ति विक्रम नाथ और न्यायमूर्ति अपरेश कुमार सिंह की पीठ ने दोनों याचिकाओं पर सुनवाई की।
दोनों पक्षों को सुनने के बाद सुप्रीम कोर्ट ने हाई कोर्ट के फैसले में हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया और दोनों याचिकाएं खारिज कर दीं। इस फैसले के बाद करुण डहरिया और सुदीप यादव को जमानत नहीं मिल सकी।
अब मामले की सुनवाई विचारण न्यायालय में होगी। हाई कोर्ट पहले ही मुकदमे का शीघ्र निपटारा करने की स्वतंत्रता दे चुका है। हालांकि जमानत याचिका खारिज होना दोषसिद्धि नहीं है। आरोपियों के दोषी या निर्दोष होने का अंतिम फैसला ट्रायल के दौरान पेश होने वाले साक्ष्यों के आधार पर होगा।