भाटापारा-रायपुर स्टेशन पर टिकट चेकिंग, 325 यात्री पकड़ाए, 2.92 लाख जुर्माना वसूला

Bhatapara Railway Station : बिना और अनियमित टिकट के साथ यात्रा करने वालों के खिलाफ रेलवे प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। भाटापारा और रायपुर रेलवे स्टेशन पर चेकिंग अभियान चलाया गया।
Bhatapara Railway Station
रायपुर-भाटापारा रेलवे स्टेशनसोर्स- नवभारत लाइव
Published on: 
Updated on: 

HIGHLIGHTS

  • भाटापारा और रायपुर रेलवे स्टेशन पर चलाया टिकट चेकिंग अभियान।

  • 16 ट्रेनों और दोनों स्टेशनों के सभी प्लेटफार्मों पर हुई टिकटों की जांच।

  • बिना टिकट यात्रा करते 207 यात्री पकड़े गए।

  • अनियमित टिकट वाले 102 और अधिक लगेज वाले 15 यात्री पकड़ में आए।

  • कुल 325 मामलों में रेलवे को 2 लाख 92 हजार 40 रुपये का राजस्व मिला।

Raipur-Bhatapara Railway Station : दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल में बिना टिकट और अनियमित टिकट के साथ यात्रा करने वालों के खिलाफ रेलवे प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। भाटापारा रेलवे स्टेशन पर किलाबंदी टिकट चेकिंग (Fortress Check) और रायपुर रेलवे स्टेशन पर नाका चेकिंग (Naka Check) अभियान चलाया गया। इस दौरान रेलवे की टीम ने कुल 325 मामलों में कार्रवाई करते हुए 2 लाख 92 हजार 40 रुपये का राजस्व प्राप्त किया।

यह अभियान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. सुस्कर विपुल विलासराव के निर्देश पर चलाया गया। इसके तहत भाटापारा और रायपुर रेलवे स्टेशन के सभी प्लेटफार्मों के साथ 16 ट्रेनों में भी टिकटों की जांच की गई। अभियान का उद्देश्य बिना टिकट और अनियमित तरीके से यात्रा करने वाले यात्रियों पर कार्रवाई करने के साथ लोगों को उचित टिकट लेकर सफर करने के प्रति जागरूक करना था।

बिना टिकट यात्रा करते 207 यात्री पकड़े गए

टिकट जांच के दौरान सबसे अधिक मामले बिना टिकट यात्रा करने वालों के सामने आए। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक बिना टिकट यात्रा करते पकड़े गए 207 यात्रियों से जुर्माने के रूप में 2 लाख 14 हजार 635 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। वहीं अनियमित टिकट लेकर यात्रा करने वाले 102 यात्रियों से 74 हजार 800 रुपये वसूले गए।

इसके अलावा अधिक लगेज लेकर यात्रा करने के 15 मामलों में 2 हजार 170 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। एक अन्य मामले में 435 रुपये की कार्रवाई की गई। इस तरह कुल 325 मामलों से रेलवे को 2 लाख 92 हजार 40 रुपये की आय हुई।

Bhatapara Railway Station
रायपुर में सजेगी सुरों की शाम, धुन फाउंडेशन की महफिल ए धुन में लाइव बैंड के साथ गूंजेंगे सुरीले नगमे

रेलवे ने यात्रियों से की उचित टिकट लेने की अपील

इस विशेष अभियान में सहायक वाणिज्य प्रबंधक-1 (कोचिंग) राजेश कुमार साह, मुख्य वाणिज्य निरीक्षक, टिकट चेकिंग विभाग के अधिकारी और 20 टिकट चेकिंग कर्मचारी शामिल रहे। टीम ने स्टेशनों और ट्रेनों में यात्रियों के टिकटों की जांच की।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले उचित टिकट जरूर खरीदें। रेलवे परिसर में प्रवेश करने से पहले प्लेटफॉर्म टिकट लेना भी अनिवार्य है। इसके साथ ही यात्रियों से निर्धारित कोच में बैठने, अधिकृत सामान सीमा का पालन करने और रेल परिसर को साफ-सुथरा रखने में सहयोग करने की अपील की गई है।

Bhatapara Railway Station
भिलाई समेत 4 निकायों में चुनाव की तैयारी तेज, दिसंबर में मतदान और मतगणना के संकेत