बालोद पुलिस ने गांजा तस्करी नेटवर्क का किया भंडाफोड़।
ओडिशा से लाया गया 138.551 किलो गांजा जब्त।
गांजे की कीमत 69.27 लाख रुपये आंकी गई।
चार आरोपी गिरफ्तार, दो सगे भाई भी शामिल।
पिकअप, बाइक, मोबाइल और नकदी समेत 85.72 लाख की संपत्ति जब्त।
Cannabis Smuggling Balod Chhattisgarh : जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बालोद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ओडिशा से गांजा लाकर छत्तीसगढ़ में खपाने वाले नेटवर्क का खुलासा किया है। थाना सनौद क्षेत्र में की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने कुल 138.551 किलोग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 69 लाख 27 हजार 550 रुपये बताई गई है।
वहीं गांजा तस्करी में इस्तेमाल पिकअप वाहन, मोटरसाइकिल, चार मोबाइल फोन और 13 हजार रुपये नकद सहित कुल 85 लाख 72 हजार 550 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। मामले में चार आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 21 नवंबर 2026 को थाना सनौद पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम अरकार निवासी भीषम सतनामी अपने घर में गांजा रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने गवाहों के साथ मौके पर दबिश दी। तलाशी के दौरान भीषम सतनामी (28 वर्ष) के कब्जे से दो पैकेट और पुड़िया में रखा कुल 1.995 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। पूछताछ में उसने गांजा ग्राम अरकार निवासी कामता प्रसाद कोसरे से खरीदना बताया। पुलिस ने भीषम को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया।
मामले की जांच आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने कामता प्रसाद कोसरे (43 वर्ष) से पूछताछ की। पूछताछ में उसने ग्राम खप्परवाड़ा निवासी दो सगे भाइयों ओमप्रकाश पटेल (28 वर्ष) और कुलेश्वर पटेल (24 वर्ष) से गांजा खरीदने की जानकारी दी। उसके अनुसार दोनों भाई पिछले करीब एक वर्ष से गांजा सप्लाई कर रहे थे। पुलिस ने कामता प्रसाद के कब्जे से गांजा बिक्री की रकम 3 हजार रुपये और सप्लाई के संबंध में बातचीत के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला मोबाइल फोन भी जब्त किया।
कामता प्रसाद से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम खप्परवाड़ा पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों सगे भाइयों ओमप्रकाश पटेल एवं कुलेश्वर पटेल को पकड़ा। पूछताछ में दोनों ने ओडिशा के बालीगुड़ा क्षेत्र से गांजा खरीदकर छत्तीसगढ़ में स्थानीय स्तर पर खपाने की बात बताई। पुलिस ने उनके घर की तलाशी ली तो लोहे की पेटी और दीवान में छिपाकर रखे गए 134 पैकेटों में कुल 136.56 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसकी अनुमानित कीमत 68 लाख 27 हजार 800 रुपये आंकी गई है।
पुलिस के मुताबिक, दोनों भाइयों ने वर्ष 2023 में खेती का काम छोड़कर महिंद्रा पिकअप वाहन खरीदा था। शुरुआत में वे वाहन को किराये पर चलाते थे। बाद में फल-सब्जी लाने के लिए ओडिशा जाने के दौरान अधिक मुनाफा कमाने के उद्देश्य से गांजा तस्करी के अवैध कारोबार में शामिल हो गए। आरोपी कथित तौर पर एक बार में 10 से 20 किलो तक गांजा खरीदकर लाते और घर में छिपाकर रखते थे। इसके बाद स्थानीय स्तर पर इसकी सप्लाई की जाती थी।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान कुल 138.551 किलोग्राम गांजा, महिंद्रा पिकअप वाहन क्रमांक CG 07 CQ 1575, मोटरसाइकिल क्रमांक CG 08 BF 9607, चार मोबाइल फोन और 13 हजार रुपये नकद जब्त किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत 85 लाख 72 हजार 550 रुपये बताई गई है।
इस मामले में थाना सनौद में अपराध क्रमांक 143/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) में अपराध पंजीबद्ध किया गया था। विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर धारा 29 एनडीपीएस एक्ट भी जोड़ी गई है। पुलिस द्वारा आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बालोद किरण गंगाराम चव्हाण के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चन्द्रकांत गवर्ना एवं डीएसपी विनय साहू के मार्गदर्शन में ANTF बालोद, थाना सनौद पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने की। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सोनसिंग सोरी सहित पुलिस एवं साइबर सेल के अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही।
Story By Jageshwar Sinha