UPSC CSE Result : संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा (CSE Prelims) 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया है। परीक्षा में शामिल हुए लाखों उम्मीदवार अब अपना परिणाम आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर देख सकते हैं। आयोग ने परिणाम PDF फॉर्मेट में जारी किया है, जिसमें सफल अभ्यर्थियों के रोल नंबर शामिल किए गए हैं।
इस बार कुल 13,343 उम्मीदवारों ने प्रीलिम्स परीक्षा पास कर मुख्य परीक्षा (Mains) के लिए क्वालिफाई किया है। UPSC ने 24 मई 2026 को देशभर में सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा आयोजित की थी। परीक्षा के बाद पहली बार आयोग ने प्रोविजनल आंसर-की जारी कर उम्मीदवारों से ऑनलाइन आपत्तियां भी मांगी थीं। आपत्तियों के निस्तारण के बाद अब अंतिम परिणाम घोषित कर दिया गया है।
जिन उम्मीदवारों का रोल नंबर चयनित अभ्यर्थियों की सूची में शामिल है, वे अब सिविल सेवा मुख्य परीक्षा 2026 में शामिल हो सकेंगे। UPSC Mains परीक्षा का आयोजन 21 अगस्त 2026 से किया जाएगा। मुख्य परीक्षा और इंटरव्यू, सिविल सेवा चयन प्रक्रिया के सबसे महत्वपूर्ण चरण माने जाते हैं। इस वर्ष UPSC सिविल सेवा परीक्षा के माध्यम से कुल 933 पदों पर भर्ती की जाएगी।
आयोग के आंकड़ों के अनुसार लगभग 8.19 लाख उम्मीदवारों ने परीक्षा के लिए आवेदन किया था, जबकि करीब 5.49 लाख अभ्यर्थियों ने प्रीलिम्स परीक्षा में भाग लिया था। अब सफल उम्मीदवारों को अगले चरण के लिए विस्तृत आवेदन पत्र (DAF) भरना होगा, जिसके बाद ही वे मुख्य परीक्षा में शामिल हो सकेंगे।
ये खबर भी पढ़ें : NCERT ने बदला फैसला, 9वीं की किताब में अब मूल रूप में दिखेगी ‘डांसिंग गर्ल’ मूर्ति
रिजल्ट देखने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले UPSC की आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in या upsconline.nic.in पर जाएं। इसके बाद "Results" सेक्शन में जाकर "UPSC Civil Services Prelims Result 2026" लिंक पर क्लिक करें। PDF खुलने के बाद उम्मीदवार Ctrl+F की मदद से अपना रोल नंबर सर्च कर सकते हैं।
यदि रोल नंबर सूची में मौजूद है तो अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा के लिए चयनित माना जाएगा। आयोग ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे मुख्य परीक्षा से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण जानकारियों और आगामी नोटिफिकेशन के लिए नियमित रूप से आधिकारिक वेबसाइट चेक करते रहें।