इलाहाबाद हाईकोर्ट ने UPPSC APO प्रारंभिक परीक्षा-2025 का घोषित परिणाम रद्द किया।
कोर्ट ने कहा कि अनारक्षित सीटें सभी वर्गों के अभ्यर्थियों के लिए खुली होती हैं।
आयोग को नए सिरे से मेरिट लिस्ट तैयार करने का निर्देश दिया गया।
Allahabad High Court Order on UPPSC APO Prelims Result: इलाहाबाद हाईकोर्ट ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) की सहायक अभियोजन अधिकारी (APO) प्रारंभिक परीक्षा-2025 के परिणाम को रद्द कर दिया है। कोर्ट ने आयोग के 9 जनवरी 2020 के कार्यालय ज्ञापन (OM) को भी निरस्त कर दिया। अदालत ने स्पष्ट किया कि अनारक्षित यानी ओपन श्रेणी किसी एक वर्ग के लिए आरक्षित नहीं है। इसमें सभी वर्गों के अभ्यर्थियों को उनकी मेरिट के आधार पर जगह मिलनी चाहिए। यह नियम प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य परीक्षा और अंतिम चयन, तीनों स्तरों पर लागू होगा।
यह मामला उत्तर प्रदेश में APO के करीब 182 पदों पर भर्ती से जुड़ा है। आयोग ने अपने हलफनामे में बताया था कि 321 OBC और 43 SC अभ्यर्थियों के अंक अंतिम चयनित अनारक्षित उम्मीदवार से अधिक थे। इसके बावजूद इन अभ्यर्थियों को ओपन श्रेणी में शामिल करने के बजाय उनकी आरक्षित श्रेणियों में ही रखा गया। मुख्य परीक्षा के लिए भी इसी व्यवस्था का पालन किया गया था।
जस्टिस मनीष कुमार निगम ने अपने फैसले में कहा कि प्रारंभिक परीक्षा भले ही उम्मीदवारों की छंटनी के लिए होती है, लेकिन मुख्य परीक्षा में शामिल होने का रास्ता इसी से तय होता है। ऐसे में मेरिट के आधार पर अनारक्षित श्रेणी में जगह पाने वाले आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को ओपन लिस्ट से बाहर रखना संविधान के अनुच्छेद 14 और 16 के खिलाफ है।
इलाहाबाद हाई कोर्ट ने यह भी कहा कि आरक्षण नीति और उससे जुड़े नियम बनाने का अधिकार राज्य सरकार या विधानमंडल के पास है। आयोग को इस संबंध में 9 जनवरी 2020 का कार्यालय ज्ञापन जारी करने का अधिकार नहीं था। इसी आधार पर अदालत ने इस ज्ञापन को भी रद्द कर दिया।
हाईकोर्ट ने 30 अप्रैल 2026 को घोषित APO प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम को निरस्त कर दिया है। अदालत ने UPPSC को निर्देश दिया है कि वह नियमों के अनुसार सभी वर्गों के अभ्यर्थियों की मेरिट को ध्यान में रखते हुए नई सूची तैयार करे। इसके बाद नई मेरिट लिस्ट के आधार पर मुख्य परीक्षा का आयोजन नए सिरे से किया जाए।
UPPSC की यह भर्ती कुल 182 पदों के लिए निकाली गई थी। आयोग ने 30 अप्रैल 2026 को प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम जारी किया था। इसमें कुल 2856 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया था और उन्हें मुख्य परीक्षा में शामिल होने के योग्य माना गया था।
इससे पहले सितंबर 2026 में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने मामले में अंतिम फैसला आने तक मुख्य परीक्षा के परिणाम घोषित करने पर रोक लगा दी थी। अब अदालत ने प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम ही रद्द करते हुए पूरी मेरिट लिस्ट दोबारा तैयार करने का आदेश दिया है।