UNESCO Digital Business Solution Internship 2026: अंतरराष्ट्रीय स्तर पर करियर बनाने और वैश्विक संस्था में काम करने का सपना देख रहे युवाओं के लिए एक बेहतरीन अवसर सामने आया है। संयुक्त राष्ट्र शैक्षिक, वैज्ञानिक और सांस्कृतिक संगठन (UNESCO) की ओर से 'डिजिटल बिजनेस सॉल्यूशन इंटर्नशिप-2026' की पेशकश की जा रही है। यह इंटर्नशिप उन छात्रों और हाल में पढ़ाई पूरी करने वाले युवाओं के लिए है, जो टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में काम का अनुभव लेना चाहते हैं।
इंटर्नशिप के दौरान उम्मीदवारों को नेटवर्क ऑपरेशन, साइबर सिक्योरिटी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और एप्लिकेशन डेवलपमेंट जैसे क्षेत्रों में काम करने का मौका मिल सकता है। चयनित उम्मीदवार यूनेस्को के अलग-अलग प्रोजेक्ट्स का हिस्सा बनकर तकनीकी जानकारी के साथ प्रोफेशनल स्किल भी मजबूत कर सकेंगे। आवेदन की आखिरी तारीख 31 दिसंबर 2026 है।
UNESCO द्वारा जारी किए गए इस इंटर्नशिप के दौरान उम्मीदवारों को यूनेस्को के डिजिटल बिजनेस सॉल्यूशन से जुड़े अलग-अलग प्रोजेक्ट्स में काम करने का अवसर मिल सकता है।
इसमें नेटवर्क की निगरानी, क्लाउड प्लेटफॉर्म से जुड़े काम, सर्वर और नेटवर्क की तकनीकी समस्याओं को समझना और उनका समाधान करना शामिल है। इसके अलावा नेटवर्क से जुड़ी जानकारी और दस्तावेज तैयार करने, यूजर्स को तकनीकी सहायता देने तथा सपोर्ट टिकट सिस्टम को समझने जैसे काम भी इंटर्नशिप का हिस्सा हो सकते हैं।
यह इंटर्नशिप सिर्फ टेक्निकल काम तक सीमित नहीं है। उम्मीदवारों को प्रोजेक्ट मैनेजमेंट और यूनेस्को के काम करने के तरीके को समझने का भी मौका मिलेगा।
साथ ही टीम के साथ काम करने, बेहतर तरीके से लिखने और अलग-अलग देशों व संस्कृतियों से आने वाले लोगों के साथ संवाद करने का अनुभव मिलेगा। क्लाउड रिसोर्स को व्यवस्थित करने और नेटवर्क उपकरणों से जुड़े काम को करीब से समझना भी उम्मीदवारों के लिए उपयोगी अनुभव हो सकता है।
आवेदन करने वाले उम्मीदवार की उम्र कम से कम 20 वर्ष होनी चाहिए। तो वहीं बैचलर डिग्री के तीसरे या अंतिम वर्ष में पढ़ने वाले छात्र इस इंटर्नशिप के लिए आवेदन कर सकते हैं।
इसके अलावा मास्टर, पीएचडी या किसी अन्य समकक्ष यूनिवर्सिटी डिग्री में नामांकित उम्मीदवार भी पात्र हैं। पिछले 12 महीनों में बैचलर, मास्टर या पीएचडी पूरी करने वाले युवा भी आवेदन कर सकते हैं।
टेक्निकल या वोकेशनल ट्रेनिंग के अंतिम वर्ष में पढ़ रहे उम्मीदवार और पिछले एक साल में अपनी ट्रेनिंग पूरी करने वाले उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं।
उम्मीदवार को अंग्रेजी या फ्रेंच भाषा में लिखने और बोलने की अच्छी समझ होनी चाहिए। इसके साथ कंप्यूटर का सामान्य ज्ञान और ऑफिस में इस्तेमाल होने वाले सॉफ्टवेयर की जानकारी भी जरूरी है।
डिजिटल बिजनेस सॉल्यूशन इंटर्नशिप की अवधि 1 से 6 महीने तक हो सकती है। इंटर्नशिप के दौरान काम से जुड़े जोखिमों के लिए सीमित वर्कप्लेस इंश्योरेंस कवरेज दिया जाएगा।
इंटर्नशिप सफलतापूर्वक पूरी करने वाले उम्मीदवारों को सर्टिफिकेट भी मिलेगा, जिसे आगे नौकरी या उच्च शिक्षा के दौरान अपने अनुभव के तौर पर इस्तेमाल किया जा सकता है।
इच्छुक उम्मीदवार 31 दिसंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिए UNESCO की आधिकारिक करियर वेबसाइट careers.unesco.org/job/ पर जाना होगा।
वेबसाइट पर जाकर पहले Registration विकल्प चुनें। इसके बाद मांगी गई व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी भरकर रजिस्ट्रेशन पूरा करें। अगर पहले से अकाउंट बना हुआ है, तो मोबाइल नंबर या ईमेल आईडी की मदद से सीधे लॉग इन करके आवेदन प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सकती है।