Highlights:
आईआईटी खड़गपुर MD कोर्स शुरू करने वाला देश का पहला आईआईटी बना।
छह विशेषज्ञताओं में कुल 12 सीटें उपलब्ध होंगी।
प्रवेश NEET PG 2026 की MCC ऑनलाइन काउंसलिंग के जरिए मिलेगा।
IIT Kharagpur MD Admission 2026: देश के प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थान आईआईटी खड़गपुर ने मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में कदम बढ़ाया है। संस्थान ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 से पोस्ट ग्रेजुएट मेडिकल डिग्री यानी एमडी कोर्स शुरू करने का फैसला किया है। इसके साथ ही आईआईटी खड़गपुर एमडी स्तर के मेडिकल कार्यक्रम शुरू करने वाला देश का पहला आईआईटी बन गया है।
ये पाठ्यक्रम राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) से मान्यता प्राप्त हैं और संस्थान के डॉ. बी.सी. रॉय मल्टी-स्पेशियलिटी मेडिकल रिसर्च सेंटर में संचालित होंगे। शुरुआती चरण में छह विषयों के लिए कुल 12 सीटें रखी गई हैं। इनमें दाखिला NEET PG 2026 के स्कोर और मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC) की ऑनलाइन काउंसलिंग के जरिए होगा।
आईआईटी खड़गपुर ने पहले चरण में छह मेडिकल विशेषज्ञताओं में एमडी कार्यक्रम शुरू किए हैं। प्रत्येक विषय में दो-दो सीटें निर्धारित की गई हैं। विषयवार सीटों का विवरण इस प्रकार है:
जनरल मेडिसिन: 2 सीटें
रेडियोलॉजी: 2 सीटें
पैथोलॉजी: 2 सीटें
फिजियोलॉजी: 2 सीटें
कम्युनिटी मेडिसिन: 2 सीटें
बायोकेमिस्ट्री: 2 सीटें
इस तरह सभी छह विशेषज्ञताओं को मिलाकर कुल 12 सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा।
इन पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए NEET PG 2026 का स्कोर जरूरी होगा। उम्मीदवारों का चयन मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC) की ऑनलाइन काउंसलिंग प्रक्रिया के माध्यम से किया जाएगा।
दाखिले के लिए दूसरे राउंड की काउंसलिंग 10 से 23 नवंबर 2026 तक निर्धारित है। पात्र उम्मीदवार काउंसलिंग के दौरान उपलब्ध सीटों और आधिकारिक सीट मैट्रिक्स के आधार पर अपनी पसंद भर सकते हैं। आवेदन और सीट आवंटन से जुड़े निर्देश MCC के आधिकारिक पोर्टल पर देखे जा सकते हैं।
आईआईटी खड़गपुर के इन एमडी कार्यक्रमों की फीस और विद्यार्थियों को मिलने वाला स्टाइपेंड एम्स के मानकों के अनुरूप रखा जाएगा। इससे मेडिकल स्नातकों को संस्थान में विशेषज्ञता हासिल करने के साथ प्रशिक्षण के दौरान आर्थिक सहायता भी मिलेगी।
संस्थान का उद्देश्य चिकित्सा शिक्षा को तकनीकी अनुसंधान के साथ जोड़ना है, ताकि डॉक्टरों को इलाज के पारंपरिक तरीकों के साथ आधुनिक तकनीकों पर काम करने का अवसर मिल सके।
जबकि इन पाठ्यक्रमों का संचालन आईआईटी खड़गपुर के डॉ. बी.सी. रॉय मल्टी-स्पेशियलिटी मेडिकल रिसर्च सेंटर के माध्यम से किया जाएगा। इसके लिए संस्थान के नए डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सुपरस्पेशियलिटी हॉस्पिटल और साउथ ईस्टर्न रेलवे हॉस्पिटल, खड़गपुर के साथ साझेदारी की गई है।
संस्थान के अनुसार, इन अस्पतालों का क्लिनिकल इंफ्रास्ट्रक्चर मेडिकल विद्यार्थियों को मरीजों के इलाज और व्यावहारिक प्रशिक्षण का अनुभव देगा। यह व्यवस्था राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग की निर्धारित शर्तों के अनुरूप तैयार की गई है।
आईआईटी खड़गपुर के इन कार्यक्रमों की खासियत यह होगी कि मेडिकल विद्यार्थियों को इलाज और क्लिनिकल ट्रेनिंग के साथ तकनीकी शोध से भी जोड़ा जाएगा। संस्थान ने कई ऐसे क्षेत्रों की पहचान की है, जिनमें विद्यार्थी काम कर सकेंगे।
इनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं:
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित क्लिनिकल निर्णय (Artificial Intelligence-Based Clinical Decisions)
एडवांस्ड मेडिकल इमेजिंग (Advanced Medical Imaging)
कंप्यूटेशनल पैथोलॉजी (Computational Pathology)
बायोमेडिकल डिवाइस (Biomedical Devices)
मॉलिक्यूलर डायग्नोस्टिक्स (Molecular Diagnostics)
प्रिसिजन मेडिसिन (Precision Medicine)
पॉपुलेशन हेल्थ (Population Health)
बता दें कि आईआईटी खड़गपुर की यह पहल मेडिकल और इंजीनियरिंग शिक्षा के बीच सहयोग को नया आयाम दे सकती है। संस्थान का जोर ऐसे डॉक्टर तैयार करने पर है, जो मरीजों के इलाज के साथ चिकित्सा से जुड़ी नई तकनीकों और शोध में भी योगदान दे सकें।
AI आधारित जांच, मेडिकल इमेजिंग और आधुनिक डायग्नोस्टिक तकनीकों का इस्तेमाल आने वाले समय में स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावित कर सकता है। ऐसे में एमडी कोर्स के साथ तकनीकी रिसर्च को जोड़ना मेडिकल विद्यार्थियों के लिए नए अवसर खोल सकता है।