RAC Recruitment 2026 : रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) में वैज्ञानिक बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए शानदार अवसर है। डीआरडीओ के रिक्रूटमेंट एंड असेसमेंट सेंटर (RAC) ने साइंटिस्ट C, साइंटिस्ट D और साइंटिस्ट E के पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 33 रिक्त पदों को भरा जाएगा।
इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 19 जून 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और अभ्यर्थियों को डीआरडीओ आरएसी की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ही आवेदन करना होगा। चयनित उम्मीदवारों को रक्षा अनुसंधान और अत्याधुनिक तकनीकी विकास से जुड़े महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स पर काम करने का अवसर मिलेगा।
जारी अधिसूचना के अनुसार साइंटिस्ट E के 2 पद, साइंटिस्ट D के 11 पद और साइंटिस्ट C के 20 पदों पर भर्ती की जाएगी। आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से इंजीनियरिंग अथवा टेक्नोलॉजी में प्रथम श्रेणी की डिग्री होना अनिवार्य है।
संबंधित पदों के लिए इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग समेत निर्धारित विषयों में योग्यता मांगी गई है। इसके अलावा उम्मीदवारों के पास पद के अनुसार आवश्यक कार्य अनुभव भी होना चाहिए। अधिकतम आयु सीमा पद के अनुसार 35 से 45 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है, जबकि आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के तहत आयु में छूट दी जाएगी।
ये खबर भी पढ़ें : DU Recruitment 2026: दिल्ली यूनिवर्सिटी में निकली भर्ती, 1 लाख रुपये तक मिलेगी सैलरी
आवेदन शुल्क की बात करें तो सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों को 100 रुपये शुल्क देना होगा, जबकि एससी, एसटी और दिव्यांग वर्ग के अभ्यर्थियों को शुल्क से पूरी तरह छूट दी गई है। आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को सबसे पहले डीआरडीओ आरएसी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर पंजीकरण करना होगा।
इसके बाद आवेदन पत्र में सभी जरूरी जानकारी भरकर आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे और शुल्क का भुगतान करना होगा। आवेदन जमा करने के बाद उसका प्रिंटआउट भविष्य के लिए सुरक्षित रखना चाहिए। भर्ती से जुड़ी विस्तृत जानकारी उम्मीदवार आधिकारिक नोटिफिकेशन में देख सकते हैं।