ब्रेटन वुड्स समझौते और मजबूत अर्थव्यवस्था ने अमेरिकी डॉलर को वैश्विक व्यापार की प्रमुख मुद्रा बनाया।
कच्चे तेल के कारोबार, विदेशी मुद्रा भंडार और वित्तीय बाजारों के कारण देश डॉलर पर निर्भर हैं।
बढ़ते कर्ज व महंगाई की चुनौतियों के बावजूद वैश्विक स्तर पर डॉलर की पकड़ मजबूत है।
युआन और रुपये में व्यापार बढ़ने के बावजूद भरोसे के बिना डॉलर का विकल्प आसान नहीं।
US Dollar Dominance: दुनिया के मौजूद लगभग हर देश देश दूसरे देशों से व्यापार करने के लिए अमेरिकी डॉलर का इस्तेमाल करता है। फिर चाहे वो अबर के देशों से कच्चा तेल खरीदना हो या फिर खाने पीने का सामान, हर सौदे में अमेरिकी डॉलर का ही सिक्का चलता है। ऐसे में हर देश अपने पास अमेरिका डॉलर जमा करके रखता है, ताकि उसे दूसरे देश से व्यापार करने में किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
ऐसे में सवाल आता है कि आखिर अमेरिकी डॉलर इतना ताकतवर कैसे बन गया और दुनिया के देश इस पर इतने निर्भर क्यों हैं? क्या भी किसी देश ने अमेरिकी डॉलर के इस वर्चस्व को चुनौति देने की कोशिश नहीं की? आइए समझते हैं कि अमेरिकी डॉलर ने दुनिया में इतनी अहम जगह कैसे बनाई।
द्वितीय विश्व युद्ध के बाद अमेरिका दुनिया की सबसे बड़ी आर्थिक शक्तियों में शामिल हो गया। उस समय यूरोप के कई देश युद्ध के कारण आर्थिक संकट से जूझ रहे थे, जबकि अमेरिका की अर्थव्यवस्था मजबूत बनी हुई थी। इससे दुनिया के दूसरे देशों का भरोसा अमेरिकी डॉलर पर बढ़ने लगा।
साल 1944 में ब्रेटन वुड्स समझौता हुआ। इसके तहत डॉलर को अंतरराष्ट्रीय मुद्रा व्यवस्था में खास जगह मिली। उस समय डॉलर को सोने से जोड़ा गया था और दूसरी कई मुद्राओं का मूल्य भी डॉलर के आधार पर तय किया जाता था। इससे अंतरराष्ट्रीय कारोबार में डॉलर का इस्तेमाल तेजी से बढ़ा।
दुनिया में तेल की खरीद और बिक्री में अमेरिकी डॉलर की बड़ी भूमिका है। भारत, चीन, जापान और यूरोप जैसे कई देश दूसरे देशों से तेल खरीदते हैं। इस कारोबार में आमतौर पर डॉलर का इस्तेमाल किया जाता है।
इसका मतलब है कि किसी देश को तेल खरीदने के लिए अक्सर डॉलर की जरूरत पड़ती है। यही वजह है कि दुनिया के कई देशों को अपने विदेशी मुद्रा भंडार में डॉलर रखना पड़ता है। तेल के अलावा कई दूसरी जरूरी चीजों के अंतरराष्ट्रीय कारोबार में भी डॉलर का इस्तेमाल होता है।
इसके अलावा भारत समेत दुनिया के कई देशों के केंद्रीय बैंक अपने विदेशी मुद्रा भंडार में अमेरिकी डॉलर रखते हैं। इसका इस्तेमाल दूसरे देशों से सामान खरीदने, विदेशी कर्ज चुकाने और अंतरराष्ट्रीय भुगतान करने में किया जाता है।
अगर किसी देश की अपनी मुद्रा की कीमत गिरने लगती है या उसे आर्थिक संकट का सामना करना पड़ता है, तो विदेशी मुद्रा भंडार काफी काम आता है। डॉलर दुनिया के ज्यादातर वित्तीय बाजारों में आसानी से इस्तेमाल किया जा सकता है। इसलिए कई देश इसे अपने भंडार का अहम हिस्सा बनाकर रखते हैं।
अमेरिका का वित्तीय बाजार दुनिया के सबसे बड़े बाजारों में शामिल है। यहां दुनिया के कई देशों की सरकारें, बैंक और बड़े निवेशक पैसा लगाते हैं। अमेरिकी सरकार भी सरकारी बॉन्ड जारी करके पैसा जुटाती है।
दुनिया के कई देश और निवेशक इन बॉन्ड में पैसा लगाते हैं। इससे डॉलर की मांग बनी रहती है। हालांकि अमेरिका पर बढ़ता कर्ज और वहां महंगाई जैसी समस्याएं समय समय पर डॉलर की मजबूती को प्रभावित करती हैं।
दुनिया के कई देश अब अमेरिकी डॉलर पर अपनी निर्भरता कम करना चाहते हैं। चीन अपनी मुद्रा युआन में अंतरराष्ट्रीय कारोबार बढ़ाने की कोशिश कर रहा है। वहीं भारत भी रुपये में दूसरे देशों के साथ व्यापार को बढ़ावा दे रहा है।
लेकिन डॉलर की जगह किसी दूसरी मुद्रा को अपनाना इतना आसान नहीं है। इसके लिए उस देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होनी चाहिए। साथ ही दूसरे देशों का उस मुद्रा पर भरोसा होना भी जरूरी है। अंतरराष्ट्रीय कारोबार में उसका आसानी से इस्तेमाल किया जा सके, यह भी एक बड़ी शर्त है।
अमेरिकी डॉलर को चुनौती देने के लिए कई देश अपनी मुद्राओं का इस्तेमाल बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं। चीन की मुद्रा युआन और यूरो को भी अंतरराष्ट्रीय कारोबार में इस्तेमाल किया जाता है। इसके बावजूद डॉलर की जगह अभी कोई दूसरी मुद्रा पूरी तरह नहीं ले पाई है।
इसकी सबसे बड़ी वजह यह है कि दुनिया के व्यापार, बैंकिंग और वित्तीय बाजारों में डॉलर की मजबूत पकड़ है। जब तक किसी दूसरी मुद्रा को दुनिया के देशों का उतना ही भरोसा और स्वीकार्यता नहीं मिलती, तब तक डॉलर की भूमिका को पूरी तरह खत्म करना मुश्किल रहेगा।
कुल मिलाकर अमेरिकी डॉलर की ताकत के पीछे अमेरिका की मजबूत अर्थव्यवस्था, अंतरराष्ट्रीय व्यापार और दुनिया के वित्तीय बाजारों में उसकी बड़ी भूमिका है। यही वजह है कि भारत समेत दुनिया के कई देश डॉलर पर निर्भर हैं।