धनतेरस पर नागपुर में खरीदारी (सौजन्य-नवभारत) 
बिज़नेस

धनतेरस पर Nagpur में टूटा रिकॉर्ड! 800 करोड़ का बंपर कारोबार, हर सेक्टर में जमकर हुई खरीदी

Nagpur Business Record Dhanteras: नागपुर में धनतेरस पर 800 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार हुआ। सोना-चांदी, वाहन, इलेक्ट्रॉनिक्स और बर्तनों की खरीदारी में ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ी।

प्रिया जैस

Nagpur Dhanteras 2025: ऑरेंज सिटी में धनतेरस पर जमकर धन वर्षा हुई। बाजार में ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सराफा मार्केट, वाहन बाजार, इलेक्ट्रॉनिक शोरूम, फर्नीचर शोरूम के साथ कपड़ों की दुकानें ग्राहकों से खचाखच भरी रहीं। किसी ने कार खरीदी तो किसी ने बाइक। किसी ने खरीदा फ्रिज तो किसी ने खरीदी एलईडी और वाशिंग मशीन।

सोना और चांदी के बर्तन और आभूषण खरीदने की लोगों में जमकर होड़ नजर आई। इलेक्ट्रॉनिक और बर्तन की दुकानों पर भी ग्राहकों का देर रात तक तांता लगा रहा। वहीं रियल एस्टेट मार्केट भी गुलजार रहा। कुल मिलाकर धनतेरस के दिन पूरे जिले में 800 करोड़ से ऊपर का कारोबार हुआ। मोबाइल फोन, पूजन सामग्री, ड्राई फ्रूट्स हैंपर, लक्ष्मी गणेश की मूर्तियों के बाजार भी गुलजार रहे।

6,000 से ऊपर दोपहिया व 1,200 फोर-व्हीलर की बिक्री

विदर्भ ऑटोमोबाइल्स डीलर्स के अध्यक्ष अनुज पांडे के अनुसार दोपहिया के साथ चारपहिया शोरूम पर सुबह से ही ग्राहकों की भारी भीड़ लग गई थी। हीरो, होंडा, बजाज, टीवीएस, सुजुकी, यामाहा, इनफील्ड के शोरूम्स में देर रात तक भीड़ लगी रही। वहीं अचल गांधी के अनुसार जीएसटी कटौती के साथ कंपनियों द्वारा दिए जा रहे ऑफर्स का भी लोगों ने जमकर फायदा उठाया। मार्केट में महंगाई का कोई असर नजर नहीं आया। चारपहिया वाहनों की बात की जाए तो मारुति, हुंडई, टाटा के साथ-साथ अन्य कंपनियों की लगभग 1,200 कारें डिलीवर हुईं। शोरूम्स में भीड़ होने के चलते सभी अपनी बारी की प्रतीक्षा में लगे रहे। वहीं मार्केट में 6000 से ऊपर दोपहिया वाहन उठे।

150 करोड़ का व्यापार सराफा में

सराफा व्यापारी राजेश रोकड़े के अनुसार धनतेरस के मौके पर जिले में करीब 150 करोड़ का व्यापार सराफा में हुआ। सोने और चांदी की अच्छी डिमांड रही। लोगों ने 2 ग्राम से लेकर 25 ग्राम तक की ज्वेलरी खरीदी। इस बार चांदी की अच्छी डिमांड रही। मध्यम वर्ग में चांदी के बर्तन और सिक्के खरीदने का क्रेज नजर आया। वहीं उच्च वर्ग ने चांदी की मूर्तियां, बर्तन और सोना के साथ प्लेटिनम और हीरे के ज्वेलरी की खरीदी की। एंटिक ज्वेलरी की ओर भी लोगों का रुझान रहा। लोगों ने हॉलमार्क ज्वेलरी और चांदी व सोने के सिक्के खरीदने में दिलचस्पी दिखाई। सोना के हॉलमार्क आइटम और हीरे के सर्टिफाइड आभूषण खरीदने में ग्राहक व्यस्त नजर आए।

इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार को लगे पंख

व्यापारी राजेश गड़ेकर बताते हैं कि इलेक्ट्रॉनिक्स मार्केट में लोग सुबह से ही जुटे रहे। वाशिंग मशीन, फ्रिज, एलईडी टीवी, जूसर, एसी, मिक्सर, ग्राइंडर, माइक्रोवेब ओवन की अच्छी डिमांड रही। हर कोई धनतेरस पर कुछ न कुछ खरीदने के लिए बाजार में आया था। कंपनियों ने लोगों की खरीदी को आकर्षित बनाने के लिए अच्छे-खासे ऑफर्स की बारिश भी की। भारी छूट, कैश बैक सहित अन्य ऑफर्स की सौगात दी गई।

बर्तन बाजार में पांव रखने जगह नहीं

बर्तन बाजार के अध्यक्ष जतीश शाह के अनुसार धनतेरस पर लोगों ने जमकर स्टील के बर्तन खरीदे। सुबह से देर रात तक बाजार में पांव रखने तक की जगह नहीं थी। लोगों ने डिनरसेट, थाली, कटोरी, ग्लास सेट, पानदान के अलावा फ्लावर पॉट, पीतल की घंटी, पूजा थाली के साथ जमकर गिफ्ट आइटम भी खरीदे। नानस्टिक बर्तनों की भी डिमांड रही।

छोटे व्यापारी भी खुश

त्योहारी सीजन में मूर्ति, फूल माला, गृह सज्जा, रुई बाती, दीये, लाई-बताशे, पटाखे, फुटवियर्स, किराना, बेकरी, मिठाइयों के कारोबार में भी बंपर ग्राहकी रही।

जाम ने किया परेशान

धनतेरस पर खरीदारी के लिए शहर के कई बाजारों में ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ी। वहीं हॉकर्स ने भी सड़कों के किनारे अपना सामान सजाकर रखा। सड़कों पर लगीं दुकानों के कारण बाजारों की सड़कें संकरी हो गईं। ऐसे में शनिवार को सुबह से ही बाजार की सड़कों पर जाम लगना शुरू हो गया था।

वाहनों की पूजा के लिए मंदिर में लाइन

गणेश मंदिर के साथ शहर के अन्य मंदिरों में लोग नए वाहनों की पूजा-अर्चना कराने के लिए सुबह से ही पहुंचे। मंदिरों में पूजा के लिए वाहनों के पहुंचने का तांता देर रात तक चला। दोपहिया वाहन और कारों के मालिक मंदिर के पंडितों द्वारा पूजा-अर्चना व रक्षा सूत्र बंधवाकर अपने नए वाहनों को घर लेकर गये। वाहनों की लंबी कतारें होने के कारण लोग अपनी बार का इंतजार करते हुए नजर आए।

MLC Election Results LIVE: यूपी, बिहार, महाराष्ट्र समेत चार राज्यों में मतगणना, यूपी की 11 सीटों पर नजर

BRICS Parliamentary Forum 2026: ब्रिक्स फोरम में बिरला का संदेश, चर्चाओं से नहीं ठोस नतीजों से तय होगी सफलता

Bihar MLC Election Result: पटना में मतगणना केंद्र पर हंगामा, CCTV नहीं होने पर कांग्रेस-जन सुराज ने उठाए सवाल

चक्रवात अर्णव आंध्र प्रदेश के तट से टकराएगा, 140 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं; 20 राज्यों में बारिश का अलर्ट

ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में आज सुनवाई, 12 विपक्षी पार्टियों की संयुक्त याचिका को साथ सुनेगा कोर्ट