Highlights:
महंगाई के दौर में आम जनता को एक और झटका लगने वाला है।
मदर डेयर ने दूध की कीमतों में 2 से 4 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है।
इससे पहले मई में दिल्ली-एनसीआर में दूध के दाम 2 रुपये प्रति लीटर बढ़ाए थे।
Mother Dairy Milk Price Hike: महंगाई के दौर में आम जनता को एक और झटका लगने वाला है। मदर डेयरी ने ऐलान किया है कि गुरुवार, 12 नवंबर से दूध की कीमतों में 2 से 4 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की जाएगी। इससे पहले कंपनी ने 14 मई 2026 को दिल्ली-एनसीआर में दूध के दाम 2 रुपये प्रति लीटर बढ़ाए थे। अब फिर से कीमतें बढ़ने जा रही हैं।
न्यूज एजेंसी PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, किसानों से दूध खरीदने की लागत बढ़ गई है, जिसके कारण कंपनी को इस बढ़ी हुई लागत का कुछ भार उपभोक्ताओं पर डालना पड़ रहा है। मदर डेयरी अपनी कुल दूध बिक्री आय का 75 से 80 प्रतिशत हिस्सा सीधे दूध उत्पादक किसानों को देती है।
एनसीआर में टोन्ड दूध (खुला दूध) की कीमत 58 रुपये प्रति लीटर से बढ़ाकर 60 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है। फुल क्रीम दूध (पैकेट वाला) अब 72 रुपये के बजाय 76 रुपये प्रति लीटर मिलेगा। वहीं, टोन्ड दूध (पैकेट वाला) की कीमत 60 रुपये प्रति लीटर से बढ़ाकर 62 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है।
साथ ही, डबल टोन्ड दूध की कीमत 54 रुपये प्रति लीटर से बढ़कर 56 रुपये प्रति लीटर हो गई है। गाय के दूध की कीमत 62 रुपये प्रति लीटर से बढ़ाकर 65 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है।
| दूध की किस्म | पुरानी कीमत (प्रति लीटर) | नई कीमत (प्रति लीटर) | कुल बढ़ोतरी |
| फुल क्रीम दूध (पाउच) | 72 रुपये | 76 रुपये | 4 रुपये |
| गाय का दूध | 62 रुपये | 65 रुपये | 3 रुपये |
| टोंड मिल्क (पाउच) | 60 रुपये | 62 रुपये | 2 रुपये |
| टोंड मिल्क (थोक/बल्क वेंडेड) | 58 रुपये | 60 रुपये | 2 रुपये |
| डबल टोंड मिल्क | 54 रुपये | 56 रुपये | 2 रुपये |
पीटीआई सूत्रों के मुताबिक, मदर डेयरी ने खुले दूध की विभिन्न किस्मों की उपभोक्ता कीमत में दो से चार रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की है। हालांकि, मदर डेयरी के प्रवक्ता ने इस पर कोई टिप्पणी करने से मना कर दिया।
सूत्रों के अनुसार, किसानों से दूध की खरीद की कीमतें बढ़ने के कारण कंपनी को लागत में हुई वृद्धि का कुछ भार उपभोक्ताओं पर डालना पड़ रहा है। मदर डेयरी अपनी दूध बिक्री से होने वाली आय का 75-80 प्रतिशत हिस्सा किसानों को प्रदान करती है।
गुजरात कोऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन लिमिटेड (GCMMF), जो अमूल ब्रांड के तहत उत्पाद बेचती है, ने इनपुट लागत में वृद्धि के चलते 2 नवंबर से घी की कीमतों में 50 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। इसके अलावा टेबल बटर के 500 ग्राम पैक की कीमत में भी 15 रुपये की वृद्धि की गई है।