

HIGHLIGHTS
Qualcomm कंपनी ने भारत में छंटनी शुरू की
बुधवार सुबह कंपनी के बेंगलुरु दफ्तर से छंटनी शुरू
करीब 1000 से अधिक कर्मचारियों की नौकरी पर संकट
Qualcomm India Jobs Layoff: Canva और Microsoft कंपनी के बाद अब भी छंटनी थमी नहीं है। वल्डवाइड छंटनी के तहत अब 'क्वालकॉम' कंपनी में छंटनी की प्रक्रिया जारी है। ऐसे में करीब 1,000 या इससे ज्यादा कर्मचारियों की नौकरी खतरे में है। बता दें कि कंपनी Qualcomm ने भारत में छंटनी शुरू की है।
फिलहाल ये छंटनी बेंगलुरु से शुरू हुई है जिसमें कई सीनियर इंजीनियरों और नए कर्मचारियों पर भी नौकरी जाने का खतरा मंडरा रहा है।
Qualcomm एक दिग्गज अमेरिकी चिप निर्माता कंपनी है। कंपनी ने ग्लोबल वर्कफोर्स रिस्ट्रक्चरिंग प्लान के तहत भारत में छंटनी का फैसला किया है। बता दें कि छंटनी का पहला दौर सोमवार को बेंगलुरु स्थित दफ्तर में शुरू हो चुका है। इससे पहले अमेरिका में भी कंपनी ने कुछ दिन पहले कर्मचारियों को निकाला है। जिसके बाद भारत में ये प्रक्रिया कई चरणों में पूरी होने की उम्मीद है।
जानकारी के मुताबिक, इस छंटनी का असर सीनियर इंजीनियरों से लेकर हाल में भर्ती हुए कर्मचारियों पर भी पड़ सकता है। कर्मचारियों का दावा है कि पहले से उनके प्रदर्शन को लेकर कोई फीडबैक नहीं दिया गया और अब अचानक जॉब से निकाला जा रहा है। दूसरी तरफ कंपनी ने इस छंटनी को परफॉर्मेंस बेस्ड करार दे दिया है।
Qualcomm कंपनी के CEO क्रिस्टियानो आमोन ने अक्टूबर में ऑफिशियल मेल भेजकर इस छंटनी का फैसला लिया।
उन्होंने इसे बेहतर परफॉर्मेंस कल्चर बनाने की कोशिश बताया था। साथ ही ये भी कहा कि नौकरी जाने के बाद 3 महीने तक सैलरी मिलती रहेगी और इतना ही नहीं जो कर्मचारी 3 दिन के भीतर रिलीविंग दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करेंगे, उन्हें एक महीने की और अतिरिक्त सैलरी भी मिल सकती है।
बता दें कि Qualcomm ने ये छंटनी इसलिए शुरू की क्योंकि उसे कारोबार में चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा था। कंपनी के तिमाही नतीजे उम्मीद से बेहतर रहे, लेकिन रेवेन्यू का अनुमान बाजार की उम्मीदों से कमजोर रहा।
स्मार्टफोन चिप की मांग सुस्त है। वहीं, मेमोरी की बढ़ती कीमतें भी इलेक्ट्रॉनिक्स की मांग पर दबाव डाल रही हैं। जिसके तहत अमेरिकी कंपनी Qualcomm को लेऑफ का फैसला लेना पड़ा।