माइक्रोसॉफ्ट बॉन्ड ऑफरिंग के जरिए 25 अरब डॉलर जुटाने की तैयारी में है
कंपनी ने 2026 के लिए करीब 175 अरब डॉलर के कैपिटल खर्च का अनुमान लगाया है
Azure की मांग उपलब्ध क्षमता से अधिक होने के कारण डेटा सेंटर विस्तार पर जोर है
Microsoft $25 Billion Bond Offering: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और क्लाउड कंप्यूटिंग के बढ़ते कारोबार के बीच माइक्रोसॉफ्ट अपने इंफ्रास्ट्रक्चर पर भारी निवेश कर रहा है। इसी जरूरत को पूरा करने के लिए कंपनी डेट मार्केट से 25 अरब डॉलर जुटाने की तैयारी में है। दिलचस्प बात यह है कि इससे कुछ दिन पहले ही माइक्रोसॉफ्ट ने भारत, अमेरिका, कनाडा और ब्रिटेन में करीब 60 हजार कर्मचारियों को वॉलंटरी एग्जिट पैकेज देने की पेशकश की थी। हालांकि, कंपनी ने इन दोनों फैसलों के बीच सीधे संबंध की पुष्टि नहीं की है।
माइक्रोसॉफ्ट ने 2026 के लिए करीब 175 अरब डॉलर के कैपिटल खर्च का अनुमान लगाया है। इस रकम का इस्तेमाल डेटा सेंटर की क्षमता बढ़ाने, सर्वर और दूसरे इंफ्रास्ट्रक्चर में निवेश करने के साथ सामान्य कॉर्पोरेट जरूरतों को पूरा करने में किया जाएगा।
यह 2017 के बाद माइक्रोसॉफ्ट की पहली अमेरिकी इन्वेस्टमेंट-ग्रेड डेट ऑफरिंग है। कंपनी ने बॉन्ड की कीमत 10 अलग-अलग हिस्सों में तय की है, जिनकी मैच्योरिटी 2028 से 2066 के बीच है। यह ऑफर 4 नवंबर को बंद होने वाला है।
इस बॉन्ड ऑफरिंग को निवेशकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली है। ट्रांजैक्शन से जुड़े लोगों के मुताबिक, इसके लिए करीब 115 अरब डॉलर के ऑर्डर मिले, जो जुटाई जाने वाली रकम से लगभग 4.6 गुना ज्यादा हैं। फिक्स्ड रेट बॉन्ड पर ब्याज दर 2028 में मैच्योर होने वाले नोट्स के लिए 4.85 फीसदी से लेकर 2066 वाले बॉन्ड के लिए 6.35 फीसदी तक है। इसके अलावा कंपनी ने 1-1 अरब डॉलर के दो फ्लोटिंग रेट हिस्से भी रखे हैं।
माइक्रोसॉफ्ट उन चुनिंदा अमेरिकी कंपनियों में शामिल है, जिन्हें मूडीज और S&P दोनों से AAA क्रेडिट रेटिंग मिली हुई है। इससे पहले 2017 में कंपनी ने बॉन्ड के जरिए 17 अरब डॉलर जुटाए थे।
माइक्रोसॉफ्ट ने 26 अक्टूबर को वॉलंटरी एग्जिट प्रोग्राम की घोषणा की थी। इसके तहत अमेरिका, भारत, कनाडा और ब्रिटेन में चुनिंदा टीमों के लेवल 70 और उससे नीचे के योग्य कर्मचारियों को कंपनी छोड़ने का विकल्प दिया गया है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एक्सपीरियंस, कोपायलट, फाइनेंस, HR, Xbox और Windows + Devices जैसी टीमें इसमें शामिल हैं, जबकि मार्केटिंग, कमर्शियल बिजनेस और सिक्योरिटी के कर्मचारी इससे बाहर हैं।
कंपनी की चीफ पीपल ऑफिसर एमी कोलमैन के मुताबिक, यह कर्मचारियों को कंपनी के सहयोग से अपने करियर में बदलाव करने का मौका देने वाला स्वैच्छिक कार्यक्रम है। करीब 2.23 लाख कर्मचारियों वाली कंपनी को उम्मीद है कि 3,000 या उससे कम कर्मचारी इस ऑफर को स्वीकार करेंगे।
माइक्रोसॉफ्ट के क्लाउड और AI कारोबार में लगातार विस्तार हो रहा है। कंपनी ने पिछली तिमाही में 19 फीसदी रेवेन्यू और 21 फीसदी ऑपरेटिंग इनकम ग्रोथ दर्ज की। वहीं, Azure के रेवेन्यू में 48 फीसदी की बढ़ोतरी हुई। CFO एमी हूड के मुताबिक, Azure सेवाओं की मांग उपलब्ध क्षमता से अधिक बनी हुई है। इसी वजह से कंपनी डेटा सेंटर और कंप्यूटिंग इंफ्रास्ट्रक्चर का विस्तार कर रही।