

Highlight:
Reddit प्लेटफॉर्म मुख्य रूप से लॉगिन आधारित बनाने की तैयारी कर रहा है।
CEO स्टीव हफमैन ने Reddit पर पोस्ट के जरिए इस बदलाव की जानकारी दी है।
Reddit पर अकाउंट बनाने के लिए असली नाम बताना जरूरी नहीं होगा।
Reddit Without Account: अगर आप Google पर किसी सवाल का जवाब खोजते हुए Reddit की पोस्ट और कमेंट बिना अकाउंट बनाए पढ़ते हैं तो आने वाले समय में आपका यह अनुभव बदल सकता है। बता दें कि Reddit अब अपने प्लेटफॉर्म को मुख्य रूप से लॉगिन आधारित बनाने की तैयारी कर रहा है। जिसका सीधा मतलब है कि बिना अकाउंट के वेबसाइट इस्तेमाल करने वाले लोगों को पहले की तरह हर पोस्ट और चर्चा देखने की सुविधा नहीं मिल सकती। कंपनी के CEO स्टीव हफमैन ने शेयरहोल्डर लेटर और Reddit पर पोस्ट के जरिए इस बदलाव की जानकारी दी है। लेकिन अभी के लिए इसकी टेस्टिंग अमेरिका के बाहर कुछ चुनिंदा बाजारों में की जा सकती है।
Reddit ने बताया है कि लॉगिन करने वाले यूजर्स को उनकी पसंद और रुचि के हिसाब से पोस्ट, कम्युनिटी और चर्चाएं दिखाना आसान होगा। अकाउंट के जरिए प्लेटफॉर्म को यह समझने में मदद मिलेगी कि कोई व्यक्ति किस तरह का कंटेंट देखना पसंद करता है। इससे यूजर्स को प्रासंगिक सुझाव मिल सकेंगे और वे अपनी पसंद की कम्युनिटी से जुड़ पाएंगे।
लेकिन इस फैसले के पीछे सिर्फ बेहतर यूजर एक्सपीरियंस नहीं है। कंपनी को इससे विज्ञापनों को यूजर की रुचि के मुताबिक दिखाने में भी मदद मिलेगी। इसके अलावा Reddit अपने कंटेंट की अनधिकृत डेटा स्क्रैपिंग को रोकना चाहता है। कंपनी का कहना है कि बिना लॉगिन ब्राउजिंग के जरिए उसके पोस्ट और कमेंट का डेटा बड़े पैमाने पर इकट्ठा किया जाता है।
Reddit ने अभी के लिए यह साफ नहीं किया है कि लॉगिन के बिना कौन-कौन सी पोस्ट और चर्चाएं उपलब्ध रहेंगी। CEO स्टीव हफमैन ने बताया है कि , वेबसाइट का होमपेज बिना अकाउंट के उपलब्ध रखना जरूरी है। इसके अलावा Google जैसे सर्च इंजन या किसी बाहरी लिंक से Reddit पर आने वाले विजिटर्स को संबंधित पोस्ट देखने की सुविधा देने की भी योजना है। लेकिन इस सुविधा की सीमा क्या होगी, यह टेस्टिंग के दौरान तय किया जाएगा। कमेंट करना, वोट देना और कम्युनिटी में हिस्सा लेना जैसी गतिविधियों के लिए अकाउंट की जरूरत पहले से ही होती है।
Reddit चौथी तिमाही में अमेरिका के बाहर चुनिंदा बाजारों में इस बदलाव की टेस्टिंग शुरू करेगा। अभी कंपनी ने उन देशों के नाम या भारत में इसे लागू करने की तारीख नहीं बताई है। टेस्ट के नतीजों के आधार पर दुनिया भर के लिए लॉगिन आधारित अनुभव तैयार किया जाएगा।
इसमें ध्यान देने वाली बात है कि Reddit पर अकाउंट बनाने के लिए असली नाम बताना जरूरी नहीं होगा। इसलिए यह बदलाव मुख्य रूप से प्लेटफॉर्म तक पहुंचने के तरीके को प्रभावित करेगा न कि यूजर की वास्तविक पहचान बताने की जरूरत को।