Haldiram कर रहा शेयर बाजार में उतरने की तैयारी
साल 2027 से शेयर बादार में लिस्ट हो सकता ही कंपनी
IPO के माध्यम से कंपनी 10 हजार करोड़ जुटाने की कर रही तैयारी
Haldiram IPO Size Valuation 10000 Crore: देश की मशहूर नमकीन और मिठाई निर्माता कंपनी हल्दीराम अब शेयर बाजार में कदम रखने की तैयारी कर रही है। कंपनी जल्द ही अपना इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग (IPO) ला सकती है। रिपोर्ट के मुताबिक, हल्दीराम ने IPO की तैयारियां शुरू कर दी हैं और इस पूरी प्रक्रिया को संभालने के लिए ईवाई (EY) को नियुक्त किया है। माना जा रहा है कि कंपनी का IPO साल 2027 में शेयर बाजार में लिस्ट हो सकता है।
दरअसल, दिल्ली की हल्दीराम स्नैक्स और नागपुर की हल्दीराम फूड्स इंटरनेशनल का विलय होने के बाद हल्दीराम स्नैक्स फूड कंपनी बनी थी। इस विलय को एक साल से ज्यादा समय हो चुका है। अब कंपनी अपने कारोबार को अगले स्तर पर ले जाने और शेयर बाजार से पूंजी जुटाने की तैयारी में है।
इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, हल्दीराम का प्रस्तावित IPO करीब 10,000 करोड़ रुपये का हो सकता है। वहीं, कंपनी 1 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा के वैल्यूएशन का लक्ष्य लेकर चल रही है। हालांकि, अभी तक कंपनी की ओर से IPO के आकार और वैल्यूएशन को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
रिपोर्ट के मुताबिक, IPO की तैयारियों को बेहतर तरीके से आगे बढ़ाने के लिए कंपनी ने एक प्रोजेक्ट मैनेजमेंट ऑफिस (PMO) टीम भी बनाई है। यह टीम कंपनी के अलग-अलग कारोबार के बीच तालमेल और जरूरी नियमों के पालन पर नजर रखेगी।
हल्दीराम के IPO में नए शेयर जारी करने के साथ-साथ मौजूदा शेयरधारक अपने कुछ शेयर भी बेच सकते हैं। इसे ऑफर फॉर सेल (OFS) कहा जाता है। यानी IPO के जरिए कंपनी को नई पूंजी मिलने के साथ मौजूदा निवेशकों को भी अपनी हिस्सेदारी बेचने का मौका मिल सकता है।
हालांकि, IPO की तारीख, शेयरों की कीमत और कुल इश्यू साइज जैसी जानकारियां कंपनी के सेबी के पास ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) दाखिल करने के बाद ही स्पष्ट होंगी।
शेयर बाजार में लिस्ट होने के बाद हल्दीराम का मुकाबला बीकाजी फूड्स इंटरनेशनल और प्रताप स्नैक्स जैसी कंपनियों से होगा। इसके अलावा जेप्टो, रेजरपे, फोनपे, फ्लिपकार्ट और ओयो जैसी कंपनियां भी आने वाले समय में IPO लाने की तैयारी कर रही हैं।