

सेंसेक्स 156 अंक चढ़कर 73,401 के स्तर पर कारोबार कर रहा था
निफ्टी 36 अंक बढ़कर 22,743 के स्तर पर पहुंच गया
आईटी और मीडिया शेयरों में खरीदारी से बाजार को मजबूती मिली
Share Market Today: भारतीय शेयर बाजार में गुरुवार को कारोबार की शुरुआत बढ़त के साथ हुई। सुबह 9:25 बजे सेंसेक्स 156 अंक यानी 0.21 प्रतिशत की तेजी के साथ 73,401 पर कारोबार कर रहा था। वहीं, निफ्टी 36 अंक या 0.16 प्रतिशत की बढ़त के साथ 22,743 के स्तर पर पहुंच गया। इससे पहले बुधवार को बाजार गिरावट के साथ बंद हुए थे।
शुरुआती कारोबार में आईटी और मीडिया शेयरों में खरीदारी से बाजार को मजबूती मिली। सेक्टोरल इंडेक्स में निफ्टी मीडिया, निफ्टी आईटी, निफ्टी पीएसयू बैंक, निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, निफ्टी सर्विसेज, निफ्टी इन्फ्रा, निफ्टी पीएसई, निफ्टी एनर्जी, निफ्टी कमोडिटीज, निफ्टी फार्मा और निफ्टी हेल्थकेयर बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। इसके विपरीत निफ्टी ऑटो, निफ्टी इंडिया डिफेंस, निफ्टी रियल्टी और निफ्टी इंडिया मैन्युफैक्चरिंग में गिरावट दर्ज की गई।
शेयर बाजार में लार्जकैप शेयरों के साथ मिडकैप और स्मॉलकैप सेगमेंट में भी खरीदारी का रुझान देखने को मिला। निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 60 अंक यानी 0.33 प्रतिशत की बढ़त के साथ 18,695 पर पहुंच गया। वहीं, निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 167 अंक या 0.29 प्रतिशत चढ़कर 57,441 के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
सेंसेक्स में शामिल शेयरों में अदाणी पोर्ट्स, पावर ग्रिड, टीसीएस, टाइटन, कोटक महिंद्रा बैंक, एनटीपीसी, इन्फोसिस, एचयूएल, बीईएल, टेक महिंद्रा, एसबीआई, सन फार्मा, इंडिगो, भारती एयरटेल और एक्सिस बैंक बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, ट्रेंट, एलएंडटी, एशियन पेंट्स, मारुति सुजुकी, बजाज फिनसर्व, टाटा स्टील, एचडीएफसी बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट और इटरनल के शेयरों में गिरावट देखने को मिली।
वैश्विक बाजारों से मिले संकेत भी मिले-जुले रहे। एशिया में शंघाई, हांगकांग, सोल और जकार्ता के शेयर बाजार लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसके उलट टोक्यो का बाजार हरे निशान में था। अमेरिकी शेयर बाजार बुधवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में कमजोरी दर्ज की गई। खबर लिखे जाने तक डब्ल्यूटीआई क्रूड 1.30 प्रतिशत गिरकर 101 डॉलर प्रति औंस पर था, जबकि ब्रेंट क्रूड 1.23 प्रतिशत की गिरावट के साथ 110.28 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था। -एजेंसी इनपुट के साथ