वैश्विक स्तर पर सोना-चांदी कीमतों में मंदी का दबाव बढ़ता जा रहा है।
बुधवार को भारी बिकवाली से दोनों कीमती धातुओं में भारी गिरावट आई।
न्यूयॉर्क में सोना दिसंबर वायदा भाव 78 डॉलर टूटकर 3800 डॉलर पर चला गया।
Gold And Silver Price Fall: वैश्विक स्तर पर सोना-चांदी कीमतों में मंदी का दबाव बढ़ता जा रहा है। बुधवार को संस्थागत निवेशकों और सट्टेबाजों की भारी बिकवाली से दोनों कीमती धातुओं में भारी गिरावट आई। न्यूयॉर्क में सोना दिसंबर वायदा भाव 78 डॉलर यानी 2% टूटकर 3800 डॉलर के नीचे चला गया।
नीचे में 3744 डॉलर तक गिरने के बाद यह समाचार लिखे जाने तक 3770 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड कर रहा था। चांदी तो 5% की भारी गिरावट के साथ 45 डॉलर के नीचे चली गई।
नीचे में 44.98 डॉलर तक गिरने के बाद चांदी दिसंबर वायदा भाव चांदी 45.13 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड कर रहा था, जो कि सितंबर 2025 के बाद सबसे न्यूनतम स्तर है। उल्लेखनीय है कि इस साल जनवरी में सोना 5625 डॉलर और चांदी 121 डॉलर प्रति औंस की ऐतिहासिक ऊंचाई पर पहुंच गई थी, लेकिन उसके बाद कीमतों में भारी गिरावट आई और अब मंदी की धारणा बन गई है।
वैश्विक बाजारों से मंदी के समाचारों से लगातार पांचवें दिन स्थानीय जवेरी बाजार में गिरावट आई। 24 कैरेट सोना 3040 रुपये टूटकर 1,31,160 रुपये प्रति दस ग्राम रह गया। इसी तरह शुद्ध चांदी 5440 रुपये टूटकर 1,63,730 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई। पिछले 5 दिनों में जहां सोना 6400 रुपये यानी 7% सस्ता हुआ है, वहीं चांदी 16,700 रुपये यानी 12% सस्ती हुई है।
उधर, वैश्विक बाजार में सोना 3860 डॉलर प्रति औंस और चांदी 47.80 डॉलर प्रति औंस पर आ गई। सर्वोच्च स्तरों से इस साल जहां सोना 51 हजार रुपये प्रति दस ग्राम यानी 28% सस्ता हुआ है, वहीं चांदी 2.64 लाख रुपये प्रति किलोग्राम यानी 62% सस्ती हुई है।
उल्लेखनीय है कि इस साल जनवरी में मुंबई में सोना 1.82 लाख और चांदी 4.27 लाख रुपये की ऐतिहासिक ऊंचाई पर पहुंच गई थी, लेकिन उसके बाद कीमतों में भारी गिरावट आई और अब मंदी की धारणा बन गई है।
कीमतों में भारी गिरावट से सर्राफा बाजार में भारतीय ग्राहकों का उत्साह तो बढ़ा है, लेकिन घटते दाम पर खरीददारी कमजोर पड़ रही है, ग्राहकों को लगता है कि कीमतों में और गिरावट आ सकती है, लिहाजा और सस्ता होने पर ही खरीदा जाए। विशेषज्ञों का कहना है कि विश्व स्तर पर मंदी का माहौल बन गया है।
ज्वेलमेकर्स वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय शाह का कहना है कि युद्ध में फंसा रूस लगातार सोने की बिकवाली कर रहा है और चीन ने अपनी खरीद कम कर दी है। अमेरिका में निवेशक बॉन्ड मार्केट में पैसा लगा रहे हैं। ऐसे में मंदी का दबाव बढ़ता दिख रहा है। मंदी की इस धारणा में सोना 1.25 लाख रुपये और चांदी 1.30 लाख रुपये तक आ सकती है।