फूड लिंक F&B होल्डिंग्स (इंडिया) लिमिटेड आईपीओ (सोर्स- डिजाइन फोटो/ नवभारत)
बिज़नेस

फूड लिंक F&B का 361 करोड़ का IPO: कारोबार में अच्छी पहचान, पर पहली छमाही में घाटा और 41 गुना P/E पर इश्यू

Foodlink F&B Holding Limited IPO: लग्जरी कैटरिंग के कारोबार में फूड लिंक जाना-पहचाना नाम है, लेकिन कंपनी की चमकदार कारोबारी तस्वीर के साथ उसके मुनाफे का हिसाब भी देखना जरूरी है।

विष्णु भारद्वाज, मनोज आर्या

Highlights:

  • फूड लिंक F&B होल्डिंग्स (इंडिया) 361 करोड़ रुपये का IPO लेकर आ रही है।

  • कंपनी ने ₹2 फेस वैल्यू वाले शेयर का मूल्य दायरा 181 से 191 रुपये रखा है।

  • यह पब्लिक इश्यू निवेश के लिए 26 से 30 नवंबर 2026 तक खुला रहेगा।

Foodlink F&B Holding Limited IPO Review: शादी-ब्याह की शाही दावतें हों, बड़े खेल आयोजन या कॉरपोरेट समारोह, फूड लिंक F&B होल्डिंग्स (इंडिया) लिमिटेड का नाम लग्जरी कैटरिंग के कारोबार में जाना-पहचाना है। कंपनी ने इस क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है और भारत के साथ विदेशों में भी कारोबार फैलाया है। अब कंपनी 361 करोड़ रुपये का IPO लेकर आ रही है।

लेकिन कंपनी की चमकदार कारोबारी तस्वीर के साथ उसके मुनाफे का हिसाब भी देखना जरूरी है। खासकर तब, जब चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही में कंपनी को 16.15 करोड़ रुपये का घाटा हुआ है।

निवेश के लिए कब खुल रहा है फूड लिंक का IPO?

फूड लिंक का IPO 26 से 30 नवंबर 2026 तक निवेश के लिए खुला रहेगा। शेयर का प्राइस बैंड 181 से 191 रुपये रखा गया है। दो रुपये फेस वैल्यू वाले शेयरों के लिए न्यूनतम आवेदन 78 शेयरों का होगा। इश्यू में 192 करोड़ रुपये का फ्रेश इश्यू और 169 करोड़ रुपये का ऑफर फॉर सेल (OFS) शामिल है। यानी करीब 47 फीसदी हिस्सा मौजूदा शेयरधारकों की हिस्सेदारी बेचने से आएगा। अपर प्राइस बैंड पर कंपनी का पोस्ट-IPO मार्केट कैप 1,191 करोड़ रुपये होगा।

फ्रेश इश्यू से मिलने वाली रकम में 21.40 करोड़ रुपये नया केंद्रीयकृत किचन बनाने, 41.50 करोड़ रुपये दो बैंक्वेट्स के निर्माण, 50.81 करोड़ रुपये सब्सिडियरी PGRCS में निवेश और 21 करोड़ रुपये कर्ज चुकाने में लगाए जाएंगे। बाकी रकम सामान्य कारोबारी जरूरतों पर खर्च होगी।

लग्जरी कैटरिंग से लेकर बड़े आयोजनों तक पहुंच

मुंबई की इस कंपनी के प्रमोटर संजय मनोहर वजीरानी हैं। कंपनी का कारोबार तीन हिस्सों में बंटा है- इवेंट्स कैटरिंग, रेस्टोरेंट और क्लाउड किचन तथा बैंक्वेट्स व इंटीग्रेटेड F&B सर्विसेज। कंपनी के रेस्तरां पोर्टफोलियो में चाइना बिस्ट्रो, इंडिया बिस्ट्रो, ग्लोकल और आर्ट ऑफ डम जैसे ब्रांड शामिल हैं।

कंपनी ने 2008 में रेस्टोरेंट कारोबार से शुरुआत की थी। धीरे-धीरे क्लाउड किचन, बैंक्वेट्स और बड़े आयोजनों की कैटरिंग में भी अपनी जगह बनाई। कंपनी के मुताबिक, F&S रिपोर्ट में वित्त वर्ष 2025 के दौरान संगठित अल्ट्रा-लग्जरी और लग्जरी कैटरिंग कारोबार में इसे राजस्व के लिहाज से देश की सबसे बड़ी कंपनी बताया गया है।

भारत से बाहर भी कंपनी का कारोबार

कंपनी एक ही आयोजन में 30,000 से ज्यादा मेहमानों के खाने-पीने का इंतजाम कर सकती है। इसके ग्राहकों में फिल्मी हस्तियां, क्रिकेटरों के परिवार, बड़े कारोबारी समूह और हाई नेटवर्थ वाले लोग शामिल हैं। भारत के अलावा UAE, ब्रिटेन और मलेशिया में भी इसका कारोबार है।

मुंबई, अहमदाबाद और दिल्ली में इसके Jade Banquets ब्रांड नाम से लग्जरी वेडिंग वेन्यू हैं, जिनका कुल क्षेत्रफल 2.42 लाख वर्ग फुट से ज्यादा है। दिल्ली के एक बड़े कन्वेंशन सेंटर में कंपनी को 10 साल के लिए फूड सर्विसेज का विशेष अनुबंध भी मिला है।

कंपनी के भारत में छह और दुबई में एक केंद्रीयकृत किचन हैं। इनकी कुल क्षमता रोजाना एक लाख से ज्यादा भोजन तैयार करने की है। सितंबर 2026 तक कंपनी में 1,481 कर्मचारी काम कर रहे थे।

आमदनी बढ़ी, लेकिन कभी घाटा, कभी मुनाफा

कंपनी की कुल आमदनी वित्त वर्ष 2023-24 में 380.17 करोड़ रुपये थी, जो 2024-25 में बढ़कर 455.40 करोड़ और 2025-26 में 572.26 करोड़ रुपये हो गई, लेकिन मुनाफे का रिकॉर्ड उतना सीधा नहीं है। FY24 में कंपनी को 15.35 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था। हालांकि FY25 में 14.26 करोड़ और FY26 में 29.11 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ, परंतु चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही में तस्वीर फिर बदल गई।

222.18 करोड़ रुपये की आमदनी के बावजूद कंपनी को 16.15 करोड़ रुपये का घाटा हुआ। PAT मार्जिन भी FY25 के 3.13 फीसदी और FY26 के 5.09 फीसदी से गिरकर H1-FY27 में निगेटिव 7.27 फीसदी पर पहुंच गया।

कंपनी प्रबंधन का कहना है कि उसका कारोबार मौसमी है। पहली छमाही में पूरे साल की आमदनी और मुनाफे का करीब 30-35 फीसदी हिस्सा आता है, जबकि दूसरी छमाही में कारोबार ज्यादा रहता है।

प्रबंधन ने पहली छमाही के कमजोर नतीजों के लिए भू-राजनीतिक तनाव को भी जिम्मेदार बताया है। अब हालात सुधरने के साथ कारोबार सामान्य होने की उम्मीद जताई गई है। हालांकि, दूसरी छमाही के नतीजे ही बताएंगे कि यह उम्मीद कितनी सही साबित होती है।

वैल्यूएशन में भी बड़ा डिस्काउंट नहीं

IPO के मूल्यांकन पर नजर डालें तो कंपनी ने प्री-IPO EPS 5.57 रुपये और पोस्ट-IPO EPS 4.67 रुपये बतायी है। 191 रुपये के ऊपरी प्राइस बैंड पर प्री-IPO P/E 34 गुना और पोस्ट-IPO P/E 41 गुना बैठता है। यानी नए शेयर जारी होने के बाद प्रति शेयर कमाई घटने से मूल्यांकन और महंगा हो जाता है।

पिछले तीन वर्षों का Weighted Average Basic EPS 3.23 रुपये है। इस आधार पर P/E रेशियो करीब 59 गुना निकलता है। 30 सितंबर 2026 की प्रति शेयर नेटवर्थ 41.30 रुपये के मुकाबले इश्यू का Price to Book Value P/B 4.62 गुना है।

कंपनी के कारोबार में विस्तार की गुंजाइश है, लेकिन इसके साथ कुछ जोखिम भी हैं। मुनाफे में उतार-चढ़ाव, मौसमी कारोबार और नए किचन व बैंक्वेट्स पर होने वाला खर्च इसकी कमाई पर असर डाल सकते हैं। कारोबार बढ़ने के साथ मुनाफा भी उसी रफ्तार से बढ़ेगा, इसकी अभी गारंटी नहीं है।

छमाही घाटे ने बढ़ाई चिंता

कुल मिलाकर, फूड लिंक F&B के पास अच्छा ब्रांड, बड़े ग्राहकों का आधार और कारोबार बढ़ाने के मौके हैं, लेकिन 16 करोड़ रुपये के छमाही घाटे और पोस्ट-IPO 41 गुना के पी/ई अनुपात को देखते हुए IPO का मूल्यांकन सस्ता नहीं कहा जा सकता।

कंपनी की असली ताकत तभी साबित होगी, जब कारोबार के विस्तार के साथ मुनाफे में भी लगातार बढ़ोतरी दिखे। फिलहाल, इस IPO में जल्दबाजी करने के बजाय कंपनी के अगले नतीजों और मुनाफे की वापसी का इंतजार करना ज्यादा समझदारी नजर आती है।

इश्यू विवरणजानकारी
इश्यू खुलने की तारीख26 नवंबर 2026
इश्यू बंद होने की तारीख30 नवंबर 2026
प्राइस बैंड (₹)181-191
इश्यू का कुल आकार (₹ करोड़)360.76 (अपर प्राइस बैंड पर)
फ्रेश इश्यू (₹ करोड़)192.00
OFS इश्यू (₹ करोड़)168.76
इश्यू में शेयरों की संख्या18,887,738
फ्रेश इश्यू (शेयरों की संख्या)10,052,356
OFS इश्यू (शेयरों की संख्या)8,835,382
फेस वैल्यू (प्रति शेयर)2
इश्यू के बाद मार्केट कैप (₹ करोड़)1190.9 (अपर प्राइस बैंड पर)
बुक रनिंग लीड मैनेजर (BRLM)Equirus Capital Ltd., JM Financial Ltd.
रजिस्ट्रारMUFG Intime India Pvt.Ltd
लॉट साइज78 शेयर और उसके गुणक में
योग्य संस्थागत निवेशक (QIB)75%
रिटेल निवेशक10%
गैर-संस्थागत निवेशक (NII)15%
इश्यू से प्राप्त राशि का उपयोगअनुमानित राशि (₹ करोड़)
कंपनी द्वारा दो प्रस्तावित केंद्रीकृत रसोई (सेंट्रलाइज्ड किचन) स्थापित करने के लिए पूंजीगत व्यय हेतु फंडिंग21.40
चार प्रस्तावित कैजुअल डाइनिंग रेस्तरां स्थापित करने के लिए पूंजीगत व्यय हेतु, मटेरियल सब्सिडियरी FGRCS में निवेश।50.81
कंपनी और FGRCS द्वारा लिए गए कुछ बकाया ऋणों (या उनके किसी हिस्से) का पूर्ण या आंशिक पुनर्भुगतान या पूर्व-भुगतान।21.00
कंपनी द्वारा प्रस्तावित दो बैंक्वेट स्थापित करने के लिए पूंजीगत व्यय की फंडिंग41.50
सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्य
कंपनी के वित्तीय परिणाम (राशि ₹ करोड़ में)30-Sep-2631-Mar-2631-Mar-2531-Mar-24
कुल परिसंपत्तियां (Assets)443.99454.32318.59268.13
कुल आय (Total Income)222.18572.26455.4380.17
कर पश्चात लाभ (PAT)-16.1529.1114.26-15.35
EBITDA (ब्याज, कर, मूल्यह्रास, परिशोधन से पहले का लाभ)16.1578.4361.4530.63
नेटवर्थ (Net Worth)216.01229.35106.2279.59
रिजर्व एवं सरप्लस205.55218.8996.2677.94
कुल उधारी (Total Borrowing)024.2935.8835.3
शेयरहोल्डिंग पैटर्न
श्रेणीIPO से पहलेIPO के बाद
प्रमोटर एवं प्रमोटर समूह63.40%49.51%
सार्वजनिक शेयरधारक36.60%50.49%
कुल100.00%100.00%
IPO मूल्यांकन
मूल्यांकन का आधारIPO से पहलेIPO के बाद
प्रति शेयर आय (EPS), ₹5.574.67
प्राइस-टू-अर्निंग अनुपात (P/E)34.3140.91
ऑफर प्राइस पर बाजार पूंजीकरण (₹ करोड़)998.901,190.90

Anant Singh Daughter Wedding Live: बारूद, चेतक, रॉकेट और बादल... मोकामा में घोड़ों की रेस देखने उमड़ी भीड़

मोदी कैबिनेट के 5 बड़े फैसले, भारत में बनेंगे क्रेन-बुलडोजर; असम को मिलेगा नया एयरपोर्ट

वैभव सूर्यवंशी का आने वाला समय वैभव से भरपूर: फैन्स ने की जमकर तारीफ, नेताओं ने दी शाबाशी; लिखे ढेरों पोस्ट

अनंत सिंह की बेटी की शादी से पहले इस शादी ने बनाया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड; 50 एकड़ जमीन पर हुई थी आलीशान शादी

राहुल गांधी को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत, CBI-ED जांच का आदेश रद्द; अब हाई कोर्ट में दोबारा होगी सुनवाई