

महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड 9,001 करोड़ रुपये का IPO लेकर आ रही है।
कंपनी ने इसके लिए 129 से 136 रुपए प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है।
2 रुपये फेस वैल्यू वाला यह इश्यू 19 से 23 नवंबर तक निवेश के लिए खुला रहेगा।
Mahanadi Coalfields Limited IPO Review: देश की बड़ी कोयला उत्पादक कंपनियों में शामिल महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड (Mahanadi Coalfields Limited) का लगभग 9,001 करोड़ रुपये का सार्वजनिक निर्गम (IPO) 19 नवंबर को खुलकर 23 नवंबर 2026 को बंद होगा। सार्वजनिक क्षेत्र की इस कोयला कंपनी का यह पूरी तरह ऑफर फॉर सेल (OFS) है, जिसके तहत 2 रुपये फेस वैल्यू वाले 66.18 करोड़ शेयर बिक्री के लिए पेश किए जाएंगे।
यानी इस IPO से जुटाई जाने वाली पूरी रकम महानदी कोलफील्ड्स की प्रमोटर कोल इंडिया लिमिटेड को मिलेगी, कंपनी को नहीं। हालांकि, कंपनी की मजबूत कारोबारी स्थिति, आकर्षक वैल्यूएशन और समूह की अन्य कंपनियों का शानदार लिस्टिंग रिकॉर्ड निवेशकों के लिए इसे दिलचस्प बना रहा है। आईपीओ में 110 शेयरों का लॉट साइज रखा गया है।
अप्रैल 1992 में स्थापित महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड, 'महारत्न' उपक्रम कोल इंडिया लिमिटेड की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी है। कंपनी का मुख्य कारोबार गैर-कोकिंग कोयले के खनन और उत्पादन से जुड़ा है। इसका परिचालन मुख्य रूप से ओडिशा के तालचेर और आईबी वैली कोलफील्ड्स में फैला हुआ है। कंपनी ऊर्जा क्षेत्र के अलावा सीमेंट, स्पंज आयरन, स्टील, एल्युमीनियम और कागज उद्योग को कोयले की आपूर्ति करती है। 30 जून 2026 तक कंपनी के पास कुल 17 खदानें थीं, जिनमें 14 खुली खदानें (ओपनकास्ट) और तीन भूमिगत खदानें शामिल हैं।
कंपनी का परिचालन बड़े पैमाने पर मशीनीकरण पर आधारित है। खनन में सरफेस माइनर्स के व्यापक इस्तेमाल से उत्पादन क्षमता और परिचालन दक्षता बढ़ाने में मदद मिलती है। इसके साथ ही विस्फोटकों के इस्तेमाल, जमीन में कंपन, धूल और शोर को कम करने में भी सहायता मिलती है।
महानदी कोलफील्ड्स की एक प्रमुख ताकत इसका खनन और कोयला परिवहन ढांचा है। कंपनी के पास कोयला हैंडलिंग प्लांट, रैपिड लोडिंग सिस्टम, साइलो और रेलवे कनेक्टिविटी जैसी सुविधाएं हैं। इससे खदानों से कोयले को ग्राहकों तक पहुंचाने की व्यवस्था मजबूत होती है। कंपनी आईबी वैली कोल वॉशरी का भी संचालन करती है, जिसकी क्षमता 10 मिलियन टन प्रतिवर्ष है।
यहां कम राख वाला धुला हुआ कोयला तैयार किया जाता है, जिसका इस्तेमाल उच्च दक्षता वाले बिजली संयंत्रों में किया जा सकता है। रेलवे नेटवर्क, समर्पित कोयला कॉरिडोर, सड़क और पूर्वी तट के बंदरगाहों तक पहुंच कंपनी के लिए अतिरिक्त परिचालन लाभ प्रदान करती है।
कंपनी की कमाई का एक बड़ा हिस्सा फ्यूल सप्लाई एग्रीमेंट (FSA) के तहत दीर्घकालिक आपूर्ति व्यवस्था से आता है। देश की बिजली कंपनियों और अन्य औद्योगिक ग्राहकों के साथ ऐसे समझौते कारोबार को अपेक्षाकृत स्थिरता प्रदान करते हैं।
भारत में बिजली की बढ़ती मांग और औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार के कारण कोयले की मांग का महत्व अभी भी बना हुआ है। बिजली उत्पादन में कोयले की भूमिका को देखते हुए महानदी कोलफील्ड्स जैसी कंपनियों के लिए दीर्घकालिक कारोबारी अवसर मौजूद हैं। कंपनी के पास बड़ा कोयला भंडार, रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण खदानें और कोल इंडिया जैसी बड़ी सरकारी कंपनी का समर्थन है। ये सभी बातें इसे प्रतिस्पर्धी कंपनियों के मुकाबले मजबूत स्थिति प्रदान करती हैं।
हालांकि, निवेशकों को यह भी ध्यान रखना होगा कि कोयला उद्योग का भविष्य केवल मांग पर निर्भर नहीं करता। पर्यावरण संबंधी नियमों, स्वच्छ ऊर्जा की ओर बढ़ते रुझान और खनन गतिविधियों से जुड़े नियामकीय पहलुओं का भी कंपनी का कारोबार पर असर पड़ सकता है।
इस IPO की सबसे महत्वपूर्ण बात इसका पूरी तरह ऑफर फॉर सेल होना है। इस इश्यू में कंपनी कोई नया शेयर जारी करके पूंजी नहीं जुटा रही है। मौजूदा शेयरधारक अपने शेयर बेचेंगे और बिक्री से प्राप्त पूरी रकम उन्हें मिलेगी। इसका मतलब यह है कि IPO के बाद कंपनी की बैलेंस शीट में इस इश्यू के कारण कोई नई पूंजी नहीं जुड़ेगी। न ही इस रकम का इस्तेमाल कंपनी की खदानों के विस्तार, नई परियोजनाओं, कर्ज चुकाने या तकनीकी निवेश के लिए किया जाएगा।
हालांकि, OFS होने का मतलब यह नहीं है कि कंपनी की कारोबारी संभावनाएं कमजोर हैं, लेकिन निवेशकों को यह समझना होगा कि इस इश्यू से कंपनी को सीधे कोई वित्तीय लाभ नहीं मिलेगा।
महानदी कोलफील्ड्स के IPO का एक आकर्षक पहलू इसका वैल्यूएशन और प्रमोटर कंपनी तथा अन्य सहायक कंपनियों का पिछला लिस्टिंग प्रदर्शन है। कंपनी की प्रमोटर कंपनी कोल इंडिया लिमिटेड के शेयरों की नवंबर 2010 में अपने आईपीओ प्राइस के मुकाबले लगभग 40 प्रतिशत प्रीमियम पर लिस्टिंग हुई थी। वहीं, एक अन्य सहायक कंपनी भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL) ने जनवरी 2026 में निवेशकों को करीब 96 प्रतिशत का शानदार लिस्टिंग मुनाफा दिया था।
BCCL का शेयर 23 रुपये के इश्यू प्राइस के मुकाबले 45 रुपये पर सूचीबद्ध हुआ था। ऐसे में निवेशक इन कंपनियों के पुराने प्रदर्शन को देखते हुए महानदी कोलफील्ड्स से भी अच्छे लिस्टिंग प्रदर्शन की उम्मीद लगा सकते हैं। हालांकि, पिछला प्रदर्शन भविष्य के रिटर्न की गारंटी नहीं है।
वैल्यूएशन के लिहाज से भी IPO आकर्षक नजर आता है। कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 में 10,698 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा कमाया था और उसका प्रति शेयर आय (EPS) 16.16 रुपये रही। IPO में 136 रुपये के ऊपरी प्राइस बैंड पर कंपनी का P/E रेशियो लगभग 8.41 गुना बैठता है, जबकि प्रतिस्पर्धी कंपनियों के समूह का औसत P/E 12 गुना है। इस तुलना में कंपनी का वैल्यूएशन उद्योग के औसत से काफी कम है।
मजबूत कारोबारी स्थिति, आकर्षक वैल्यूएशन और प्रमोटर समूह की कंपनियों के पुराने लिस्टिंग प्रदर्शन को देखते हुए निवेशक इस IPO में छोटी, मध्यम और लंबी अवधि के लिए निवेश का अवसर तलाश सकते हैं।