BRICS Summit Leaders Hotels In Delhi: नई दिल्ली में 12 और 13 सितंबर को होने वाले 18वें ब्रिक्स समिट को लेकर विदेशी मेहमानों के ठहरने के लिए 3000 से ज्यादा कमरे बुक किए गए हैं। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और अन्य देशों के टॉप रिप्रेजेंटेटिव्स के लिए दिल्ली के प्रमुख लग्जरी होटल्स में खास इंतजाम किए गए हैं।
समिट के चलते कमरों की डिमांड बढ़ने से कई होटल्स में बुकिंग पूरी हो चुकी है, जबकि ITC मौर्या में एक रात के कमरे का किराया 2 लाख रुपये से अधिक पहुंच गया है।
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के ठहरने के लिए नई दिल्ली स्थित ITC मौर्या को चुना गया है। ब्रिक्स समिट से पहले होटल में कमरों की डिमांड काफी बढ़ गई है। इसके चलते एक रात के कमरे का किराया 2 लाख रुपये से ज्यादा पहुंचने की जानकारी सामने आई है।
वहीं चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग चाणक्यपुरी स्थित ताज पैलेस होटल में ठहरे हुए हैं। होटल की ऑफिशियल वेबसाइट पर सम्मेलन के दौरान कमरे पूरी तरह बुक दिखाई दे रहे हैं। दोनों नेताओं के ठहरने वाले होटल्स के आसपास सिक्योरिटी के भी कड़े इंतजाम किए गए हैं।
डॉ. जाकिर हुसैन मार्ग स्थित द ओबेरॉय होटल में ब्रिक्स के सदस्य देशों के कई डेलिगेशन ठहरे हुए हैं। इनमें ब्राजील, कजाखस्तान, इथियोपिया और इंडोनेशिया के डेलिगेशन शामिल हैं।
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन के भी इसी होटल में ठहरने की संभावना जताई गई है। विदेशी डेलिगेशन की मौजूदगी को देखते हुए होटल और आसपास के इलाकों में सिक्योरिटी बेहद कड़ी रखी गई है। होटल की वेबसाइट पर भी सम्मेलन के दौरान कमरों की अवेलेबिलिटी नहीं दिख रही है।
ताज महल होटल में उरुग्वे, फिलीपींस, क्यूबा, बेलारूस और वियतनाम के सीनियर डेलिगेशन के ठहरने की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा विश्व स्वास्थ्य संगठन यानी WHO और विश्व व्यापार संगठन यानी WTO के डायरेक्टर जनरल भी इसी होटल में ठहरे हुए हैं।
ब्रिक्स समिट में सदस्य देशों के अलावा पार्टनर और आउटरीच देशों के रिप्रेजेंटेटिव्स की मौजूदगी के कारण दिल्ली के प्रमुख होटल्स में कमरों की डिमांड तेजी से बढ़ी है।
नई दिल्ली के ले मेरिडियन होटल में संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस और एशियन इंफ्रास्ट्रक्चर इन्वेस्टमेंट बैंक यानी AIIB के प्रेसिडेंट के ठहरने की जानकारी है। इसी होटल में न्यू डेवलपमेंट बैंक यानी NDB के प्रेसिडेंट तथा युगांडा, नाइजीरिया और मलेशिया के हाई-लेवल डेलिगेशन भी रुके हुए हैं।
कनॉट प्लेस के पास स्थित द ललित न्यू दिल्ली में दक्षिण अफ्रीका और बुरुंडी सहित अफ्रीकी देशों के सीनियर डिप्लोमैट्स और डेलिगेशन ठहरे हैं। इन सभी होटल्स में सिक्योरिटी एजेंसियों की एडिशनल तैनाती की गई है।
अशोक रोड स्थित शांगरी-ला इरोस होटल में पश्चिम एशिया के एक ब्रिक्स सदस्य देश के डेलिगेशन के लिए ठहरने की व्यवस्था की गई है। यहां कमरों का किराया करीब 60,000 रुपये प्रति रात तक पहुंचने की जानकारी है और प्रीमियम सुइट पहले ही बुक हो चुके हैं।
ब्रिक्स समिट के लिए 10 देशों के टॉप लीडर्स, मिनिस्टर्स और सैकड़ों डिप्लोमैट्स के दिल्ली पहुंचने से लग्जरी होटल्स में डिमांड बढ़ी है। लिमिटेड अवेलेबिलिटी के बीच कई फाइव स्टार होटल्स के कमरों की कीमतों में भी बड़ा उछाल देखने को मिला है।