पटाखा फैक्टरी Source- Social Media/Screen Capture
बिहार

बिहार के सीवान में पटाखा फैक्टरी में भीषण विस्फोट, आठ लोगों की मौत; कई घायल

Siwan Blast: बिहार के सीवान जिले के आलमापुर गांव में पटाखा फैक्टरी में भीषण धमाका हुआ। एक मकान ध्वस्त हो गया है और आठ लोगों की मौत की सूचना है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

अर्पित शुक्ला

Highlights

  • सीवान के आलमापुर गांव में पटाखे बनाते समय फैक्टरी में भीषण धमाका हुआ।

  • स्थानीय लोगों के मुताबिक, करीब डेढ़ घंटे तक रुक-रुककर विस्फोट हुए और एक मकान ध्वस्त हो गया।

  • आठ लोगों की मौत की सूचना है, लेकिन प्रशासन ने मृतकों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

Siwan Alampur Blast: बिहार के सीवान जिले के आलमापुर गांव में पटाखे बनाते समय एक फैक्टरी में भीषण धमाका हो गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हादसे में आठ लोगों की मौत की सूचना है, हालांकि प्रशासन ने मृतकों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

घटना में कई लोगों के घायल होने की भी आशंका है। स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, घटनास्थल पर काफी देर तक रुक-रुककर धमाके होते रहे। लगातार विस्फोट होने के कारण राहत और बचाव कार्य में भी मुश्किलें आईं। सुरक्षा के मद्देनजर इलाके की घेराबंदी की जा रही है।

डेढ़ घंटे तक रुक-रुककर होते रहे धमाके

मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, करीब डेढ़ घंटे तक रुक-रुककर धमाके होते रहे। इसकी वजह से एक मकान पूरी तरह ध्वस्त हो गया। घटनास्थल पर शवों के क्षत-विक्षत होने की भी सूचना है। स्थानीय लोगों ने बताया कि धमाके रुकने के बाद वे मौके पर पहुंचे। एक ही परिवार के मां, पिता और बेटी की मौत होने की बात भी सामने आई है।

दमकल और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। सदर एसडीओ आशुतोष गुप्ता और महाराजगंज के एसडीपीओ अमन भी घटनास्थल पर पहुंचे। बड़हरिया, जामो और गोरेयाकोठी समेत कई थानों की पुलिस मौके पर मौजूद है।

लगातार धमाकों की आशंका के बीच घटनास्थल पर सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है। हादसे में हताहतों की सही संख्या और धमाके के कारणों को लेकर सीवान प्रशासन की आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।

शुक्रवार को रोजाना की तरह घर के अंदर पटाखे बनाए जा रहे थे, तभी अचानक आग लग गई और पटाखों में विस्फोट शुरू हो गए। लगातार धमाकों के कारण मकान का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। विस्फोट इतना भयानक था कि तीन लोगों के शव बुरी तरह क्षत-विक्षत होकर घर के बाहर जा गिरे। इस घटना के बाद पूरे गांव में डर और खौफ का माहौल बन गया है।

नेहा बोरा की याचिका दिल्ली हाई कोर्ट ने की खारिज, भरना पड़ेगा पीस बॉन्ड

LAC पर भारत-चीन के बीच क्या बातचीत चल रही है? विदेश मंत्रालय के बयान का पूरा मतलब समझिए

MLC Election 2026 LIVE: चार राज्यों की 28 सीटों पर मतदान खत्म, कब आएंगे नतीजे?

रुला रहा अलनीनो: दलहन-गुड़-शक्कर के भाव आसमान पर, एथनॉल उत्पादन पर लग सकती है रोक!

अरुणाचल में चीनी सैनिकों से टकराव पर सियासत तेज, खरगे बोले- संसद में जवाब दें PM मोदी