प्रतीकात्मक फोटो, सोर्स- सोशल मीडिया 
बिहार

पूर्णिया में रेप की नाकाम कोशिश के बाद गुस्साए ससुर ने गर्भवती बहू का किया कत्ल, बेटे संग मिलकर छिपाया शव

Bihar Crime News: बिहार के पूर्णिया में ससुर ने दुष्कर्म के विरोध पर अपनी चार महीने की गर्भवती बहू की गला दबाकर हत्या कर दी और पति की मदद से शव मुर्गी फॉर्म में छिपा दिया। जानिए फिर कैसे खुला राज।

प्रतीक पाण्डेय

Purnia Murder News: बिहार के पूर्णिया जिले से एक ऐसी दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने मानवीय संवेदनाओं और पवित्र रिश्तों को पूरी तरह शर्मसार कर दिया है। पूर्णिया के धमदाहा क्षेत्र में एक शख्स ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। एक तरफ जहां ससुर ने बहू की हत्या की और एक पति ने अपनी जीवनसंगिनी की हत्यारे को बचाने के लिए उसके शव का सौदा कर लिया।

घटना पूर्णिया के धमदाहा थाना क्षेत्र के नेहरू चौक स्थित वार्ड नंबर 11 की है। जानकारी के मुताबिक, मधेपुरा की रहने वाली अभिलाषा कुमारी की शादी आठ महीने पहले यहां के रहने वाले टुनटुन मेहता के बेटे अभिषेक से हुई थी। रविवार की रात जब घर में सन्नाटा था, तब ससुर टुनटुन मेहता ने अपनी बहू अभिलाषा के साथ जोर-जबरदस्ती करने की कोशिश की। जब चार महीने की गर्भवती बहू ने अपनी गरिमा और बच्चे की सलामती के लिए डटकर विरोध किया, तो ससुर का खून खौल उठा। उसने अपनी ही बहू का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

गुनाह में पति भी हुआ शामिल

इस पूरी कहानी का सबसे विचलित करने वाला हिस्सा वह है जब मृतका का पति अभिषेक घर पहुंचा। अपनी पत्नी और अजन्मे बच्चे की मौत की सच्चाई जानकर भी उसका कलेजा नहीं पसीजा। उसने पुलिस को सूचना देने या न्याय की मांग करने के बजाय अपने पिता का साथ देना बेहतर समझा। इसके बाद दोनों ने मिलकर रात के अंधेरे में शव को ठिकाने लगाने की साजिश रची। अभिषेक ने अपनी पत्नी की लाश को एक ठेले पर लादा, उस पर मुर्गी के दाने की बोरियां रखीं और चुपके से अपने मुर्गी फार्म में ले जाकर छिपा दिया। बाप-बेटे एक पूरे दिन तक शव को पूरी तरह गायब करने का मौका ढूंढते रहे, लेकिन कुदरत को कुछ और ही मंजूर था।

कैसे खुला हत्या का राज?

जब अभिलाषा की अपनी मां से बात होना बंद हो गई, तो किसी अनहोनी की आशंका से घबराकर उन्होंने तुरंत अपने भाई और परिजनों को इसकी सूचना दी। मृतका के मामा गजेंद्र मेहता जब ससुराल पहुंचे, तो ससुर घर से नदारद मिला। पहले तो पति अभिषेक पुलिस और परिजनों को गुमराह करता रहा कि अभिलाषा मेला देखने गई है, लेकिन परिजनों ने शक होने पर डायल 112 को फोन कर दिया। बिहार पुलिस की सख्ती के आगे अभिषेक ज्यादा देर तक झूठ नहीं टिका सका और उसने सारा सच उगल दिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर मुर्गी फॉर्म से बोरियों के नीचे दबा हुआ शव बरामद किया, जो दो दिन बीत जाने के कारण काफी खराब स्थिति में पहुंच चुका था।

पहले भी हुई थी दरिंदगी

परिजनों का आरोप है कि ससुर टुनटुन मेहता की नियत शादी के कुछ समय बाद से ही खराब थी और वह पहले भी बहू के साथ दरिंदगी कर चुका था। अभिलाषा ने इसकी शिकायत अपने पति से की थी, लेकिन उसने अपनी पत्नी की सुनने के बजाय उसे ही चुप रहने को कहा।

पंचायत के सामने ससुर ने मांगी थी माफी

जब मामला पंचायत और मायके वालों तक पहुंचा, तो ससुर ने हाथ जोड़कर दोबारा ऐसी गलती न करने की कसम खाई थी। मासूम अभिलाषा और उसके मायके वालों ने समाज की लोक-लाज और बेटी का घर बचाने के लिए उस अपराधी पर भरोसा किया, जो अंत में उसकी और उसके बच्चे की जान का दुश्मन बन गया। फिलहाल पुलिस ने पति अभिषेक को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी ससुर फरार है।

BRICS Summit 2026 LIVE: मेहमान देशों को संबोधित कर रहें PM नरेंद्र मोदी; ब्रिक्स नेताओं के साथ ली फैमिली फोटो

मेंटल हेल्थ के लिए ट्रेनिंग हब बनेगा बेंगलुरु स्थित NIMHANS, ब्रिक्स बैठक में बनी सहमति

ख्वाब हो तुम या कोई हकीकत... किशोर कुमार के फैन निकले मलेशियाई PM अनवर इब्राहिम, BRICS में गाया बॉलीवुड गीत

आखिर कितनी ताकतवर है UNSC?, BRICS समिट के दौरान पीएम मोदी ने उठाई सुधार की मांग

BRICS Summit 2026: भाजपा ने गिनाए सम्मेलन के फायदे, विपक्ष के सवालों पर नेताओं का करारा जवाब