बिहार के मोतिहारी में STF और अपराधियों के बीच एनकाउंटर (सोर्स- सोशल मीडिया) 
बिहार

मोतिहारी एनकाउंटर: 15 पुलिसवालों को मारने की धमकी देने वाले 2 बदमाश ढेर, एसटीएफ जवान श्रीराम यादव शहीद

Bihar के मोतिहारी में STF और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में दो कुख्यात बदमाश ढेर हो गए। पुलिस को 15 जवानों की हत्या की धमकी देने वाले इन अपराधियों से लड़ते हुए एसटीएफ जवान की शहीद हो गए।

अक्षय साहू

Motihari Encounter News In Hindi: बिहार के मोतिहारी जिले के चकिया थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक ऐसा एनकाउंटर हुआ जिसने पूरे प्रदेश को हिला कर रख दिया। स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने अपराधियों के साथ भीषण मुठभेड़ में दो इनामी बदमाशों को ढेर कर दिया। लेकिन इस सफलता की कीमत एक जाबांज जवान की शहादत के रूप में चुकानी पड़ी। एनकाउंटर  में 31 वर्षीय जवान श्रीराम यादव ने अपराधियों की गोलियों का सामना करते हुए शहीद हो गए।

पुलिस को दी थी 'लाशें बिछाने' की खौफनाक धमकी

इस मुठभेड़ की पटकथा दो दिन पहले ही लिखी जा चुकी थी, जब कुख्यात अपराधी कुंदन ठाकुर ने चकिया के अपर थानाध्यक्ष गौरव कुमार को फोन कर खुली चुनौती दी थी। कुंदन ने फोन पर कहा था कि पुलिस उसके परिवार को परेशान न करे, वरना वह 15 पुलिसकर्मियों की लाशें बिछा देगा। उसने खुद को यूपी के गैंगस्टर विकास दुबे के स्टाइल में पेश करने की कोशिश की और कहा कि उसे 'गुंडई' क्या होती है, यह शहर को दिखाने की जरूरत नहीं है।  अपराधी ने दावा किया था कि वह दोनों हाथों से गोलियां चला सकता है और मुठभेड़ होने पर भागेगा नहीं बल्कि लड़ेगा।

आधी रात को 'मिशन क्लीन' के तहत कार्रवाई

अपराधी की इस धमकी के बाद पुलिस और बिहार एसटीएफ की टीम सक्रिय हो गई। तकनीकी सर्विलांस के जरिए अपराधियों की लोकेशन चकिया के रामडीहा गांव में संत कुमार तिवारी के घर पर मिली। सोमवार रात करीब 2:30 बजे एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की टीम ने घर की घेराबंदी की। जैसे ही कॉन्स्टेबल श्रीराम यादव ने घर का दरवाजा खटखटाया, अपराधियों ने लाइट बुझा दी और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। अपराधियों ने कार्बाइन से गोलियां बरसाईं, जिसमें से एक गोली श्रीराम यादव के सीने और दूसरी कमर में लगी। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद एसटीएफ ने मोर्चा संभाला और जवाबी फायरिंग में कुंदन ठाकुर और प्रियांशु दुबे को ढेर कर दिया।

मारे गए बदमाश कुंदन ठाकुर व प्रियांश दुबे (सोर्स- सोशल मीडिया)

हथियारों का जखीरा बरामद

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद किया है। तलाशी के दौरान एक कार्बाइन, दो पिस्टल, दो कट्टा, 5 जिंदा कारतूस और 17 खोखे मिले हैं। इसके साथ ही पुलिस ने अपराधियों को शरण देने के आरोप में उज्ज्वल कुमार और उसके पिता संत कुमार तिवारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मारे गए अपराधी कुंदन ठाकुर का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और उस पर लूट व आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज थे।

इलाके में भारी पुलिस बल तैनात

एनकाउंटर की सूचना मिलते ही डीआईजी हरकिशोर राय और एसपी स्वर्ण प्रभात मौके पर पहुंचे। पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया है और फरार अन्य साथियों की तलाश में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

एनकाउंटर में मारा गया पुलिसकर्मी (सोर्स- सोशल मीडिया)

शहीद जवान श्रीराम यादव को पुलिस लाइन में गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया और उनके पार्थिव शरीर को परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया शुरू की गई। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति जारी रहेगी और पुलिस का मनोबल ऐसी धमकियों से टूटने वाला नहीं है।

क्यों की गई थी रेलवे सुरक्षा बल की स्थापना, IB को करनी पड़ी थी सिफारिश, जानिए पूरा इतिहास

गूंज नहीं, सीधा धमाका, DUSU में ABVP की जीत से गदगद हुई BJP, कांग्रेस और राहुल गांधी पर साधा निशाना

हिंदू दक्षिणपंथी सांप्रदायिकता देश के लिए खतरा, हामिद अंसारी के बयान बवाल, BJP ने किया पलटवार

सहारनपुर से चुनावी आगाज की परंपरा जारी रखेगी BJP? राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के दौरे से सियासी हलचल तेज

दिल्ली में वोटर लिस्ट से कटेगा केजरीवाल का नाम, चुनाव आयोग ने भेजा SIR का नोटिस, पूर्व CM से मांगे कागज