Anant Singh Daughter Shivangi Wedding: बिहार के मोकामा से विधायक अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी की शादी इन दिनों चर्चा का विषय बन गई है। शादी की शाही तैयारियों ने देशभर से ध्यान अपनी ओर खींचा है। लेकिन अब अनंत सिंह की इच्छाओं पर पानी फिरता हुआ नजर आ रहा है। शिवांगी की शादी में अब चक्रवात अकवान खलल डाल रहा है।
शिवांगी की शादी 25 नवंबर को उनके पैतृक गांव नदावन में होनी है। इन दिनों चक्रवात अकवान के कारण बिहार में भारी बारिश के संकेत मिल रहे है, जिसने उनकी मुश्किलें बढ़ा दी है। लगातार हो रही बारिश के कारण शादी का विशाल पंडाल कीचड़ से भर गया है।
बारिश से VVIP मेहमानों का स्वागत भी प्रभावित होने वाला है। मेहमानों के स्वागत की योजनाएं अब फेल होती दिखाई दे सकती है। अनंत सिंह ने बताया है कि पानी और कीचड़ भरने के कारण वहां हैलीकॉप्टर लैंड नहीं कर पाएगा।
हेलीपैड पूरा जलमग्न हो चुका है, जिसके कारण अब VVIP मेहमानों का आना मुश्किल लग रहा है। अनंत सिंह ने खुद बताया कि सुरक्षा कारणों से 16 हाई-प्रोफाइल मेहमानों के हवाई मार्ग से आने की योजना को रद्द करना पड़ा है।
नतीजतन, सभी VVIP और अन्य आमंत्रित लोगों को सड़क मार्ग से नदावन आना होगा, जिसके चलते आखिरी समय में रास्तों और पार्किंग की व्यवस्था में बड़े बदलाव करने पड़ रहे हैं। इसके अलावा, शादी के मुख्य आकर्षणों में से एक शानदार घुड़दौड़ पर भी संकट के बादल मंडरा रहे हैं।
इस आयोजन के लिए राज्य और देश भर से कई बेहतरीन घोड़े नदावन पहुंच चुके हैं, और जीतने वाले घुड़सवार को इनाम के तौर पर एक शानदार गाड़ी देने का वादा किया गया था। लेकिन बारिश की वजह से रेस ट्रैक की जमीन बहुत ज्यादा गीली और फिसलन भरी हो गई है, जिससे घोड़ों के लिए खतरा बढ़ गया है।
अनंत सिंह ने बताया कि कल दोपहर बारिश रुक गई थी। अगर अगले 24 घंटों तक मौसम साफ रहता है और धूप निकल आती है, तो जमीन सूख सकती है और हालात काफी हद तक काबू में आ सकते हैं।
गौरतलब है कि बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान अकवान भले ही कमजोर पड़ गया है। लेकिन इसके अवशेष बिहार के कई जिलों में बारिश की स्थिति पैदा कर रहे है। जैसे पटना, मुंगेर, पूर्णिया और भागलपुर में मौसम अचानक खराब हो गया है। सर्दियों के मौसम में हो रही इस बेमौसम बारिश ने न केवल आम जनजीवन को प्रभावित किया है, बल्कि मोकामा में होने वाले इस बड़े आयोजन के उत्साह को भी फीका कर दिया है।
फिलहाल, अनंत सिंह का परिवार और आयोजन समिति के सैकड़ों कर्मचारी कीचड़ हटाने और पंडालों की मरम्मत करने में युद्धस्तर पर जुटे हुए हैं, ताकि 25 नवंबर से पहले सब कुछ सामान्य हो सके। अनंत सिंह खुद शादी पंडाल में तैयारी की देखरेख कर रहे है।
शाही अंदाज में होने वाले इस भव्य आयोजन में लगभग चार लाख मेहमानों के शामिल होने की उम्मीद है। मौसम की चुनौतियों के बावजूद, इस शादी का विशाल स्तर और भव्यता पूरे बिहार में चर्चा का विषय बनी हुई है। अनुमान है कि इस कार्यक्रम में करीब 4 लाख मेहमान शिरकत करेंगे, जिनके स्वागत-सत्कार और खान-पान के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
इससे पहले, 'तिलक' समारोह तब सुर्खियों में आया था जब अनंत सिंह ने अपने होने वाले दामाद ऋषिकेश कुमार को लगभग 3.5 करोड़ रुपये की लग्जरी 'लैंड रोवर डिफेंडर' कार उपहार में दी थी। अब सबकी निगाहें आसमान की ओर टिकी हैं, और लोग उम्मीद कर रहे हैं कि मौसम मेहरबान रहेगा, ताकि यह भव्य शादी बिना किसी और रुकावट के संपन्न हो सके।