बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी  सोर्स- IANS
बिहार

बिहार सरकार का बड़ा फैसला! राज्य में PPP मॉडल पर चलेंगे 16 मेडिकल कॉलेज, 17 प्रस्तावों पर लगी कैबिनेट मुहर

Bihar Cabinet Meeting: बिहार कैबिनेट बैठक में 17 अहम प्रस्तावों को मंजूरी मिली है। बिहार में अब 16 मेडिकल कॉलेज PPP मॉडल पर चलेंगे। साथ ही राजगीर में स्पोर्ट्स साइंस सेंटर को भी मंजूरी मिली है।

अमन मौर्या

Bihar Cabinet Approves 17 Proposals: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को राज्य मंत्रिमंडल की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में कुल 17 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। कैबिनेट बैठक में खेल, न्यायिक व्यवस्था, उद्योग, जलापूर्ति, पर्यटन, स्वास्थ्य, शिक्षा, संस्कृति और प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करने से जुड़े कई अहम निर्णय लिए गए। इन फैसलों के जरिए सरकार ने आधारभूत संरचना के विकास, प्रशासनिक क्षमता बढ़ाने और सार्वजनिक सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया है।

बैठक में लिए गए प्रमुख निर्णय ‘सात निश्चय-3’ के तहत राज्य में 16 ब्राउनफील्ड चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पतालों, जिनमें डेंटल कॉलेज एवं अस्पताल भी शामिल हैं, के संचालन की प्रक्रिया सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल पर होगा।। इसके लिए सरकार द्वारा ट्रांजैक्शन एडवाइजर के रूप में प्राइसवाटरहाउसकूपर्स प्राइवेट लिमिटेड (पीडब्ल्यूसी) को चयनित करते हुए 8.27 करोड़ रुपए की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई।

‘स्पोर्ट्स साइंस सेंटर’ के लिए 25 करोड़ होंगे खर्च

कैबिनेट बैठक में प्रदेश में खेल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राजगीर स्थित राज्य खेल अकादमी परिसर में ‘स्पोर्ट्स साइंस सेंटर’ की स्थापना और संचालन को भी मंजूरी दी गई। इस परियोजना पर करीब 25 करोड़ रुपए खर्च किया जाएगा। इसके अलावा ज्ञान भारतम मिशन के तहत प्राचीन पांडुलिपियों के डिजिटलीकरण और मेटाडाटा निर्माण की योजना के लिए 6.23 करोड़ रुपए से अधिक की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई।

अमृत 2.0 योजना को मिली मंजूरी

बैठक में शहरी जलापूर्ति को मजबूत करने के लिए अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत जमालपुर जलापूर्ति परियोजना के लिए 102.22 करोड़ रुपए तथा मुंगेर जलापूर्ति परियोजना (फेज-1) के लिए 177.72 करोड़ रुपए की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई। उद्योग विभाग के अंतर्गत सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) निदेशालय के पुनर्गठन को भी मंजूरी दी गई।

इसके तहत मुख्यालय और क्षेत्रीय स्तर पर पदों के पुनर्संरचना का निर्णय लिया गया। साथ ही कला एवं संस्कृति विभाग के पुरातत्व निदेशालय में तकनीकी पदों पर संविदा के आधार पर नियुक्ति का भी निर्णय लिया गया।

इन जिलों में विशेष न्यायालयों का होगा गठन

न्यायिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए पूर्णिया, भागलपुर और गया प्रमंडल में एनडीपीएस अधिनियम के मामलों की सुनवाई हेतु विशेष न्यायालयों के गठन के लिए 27 नए पदों के सृजन को मंजूरी दी गई। इसके अलावा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए राज्य के विभिन्न जिलों में 19 अतिरिक्त विशेष न्यायालय स्थापित किए जाएंगे, जिनके लिए 171 पदों के सृजन को स्वीकृति दी गई।

साथ ही सामाजिक कल्याण विभाग के तहत संचालित एवं प्रस्तावित बाल गृहों, बालिका गृह, विशेष गृह और सुरक्षित स्थानों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए 330 गृह रक्षकों की तैनाती तथा इस मद में लगभग 14.53 करोड़ रुपए के वार्षिक व्यय को मंजूरी दी गई।

बिहार आयुष चिकित्सा सेवा नियमावली, 2026 में संशोधन

बिहार कैबनेट द्वारा स्वास्थ्य क्षेत्र में बिहार आयुष चिकित्सा सेवा नियमावली, 2026 में संशोधन को स्वीकृति दी गई। साथ ही बिहार स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय, पटना के प्रशासनिक कार्यों के लिए छह नए पदों के सृजन का निर्णय लिया गया।

राजकीय आयुर्वेदिक कॉलेज, पटना में दो सुपरन्यूमरेरी पदों के सृजन को भी मंजूरी दी गई। पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री बिहार हेली-टूरिज्म एवं एयर टूरिज्म सेवा योजना-2026 के तहत हेलीकॉप्टर सेवा के संचालन के लिए निर्धारित वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई।

BISF के लिए 44 एकड़ सरकारी भूमि का हस्तांतरण

इसके अलावा पूर्वी चंपारण जिले में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना के लिए राज्य सरकार की भूमि 30 वर्षों की लीज पर उपलब्ध कराने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। कैबिनेट ने गृह विभाग के प्रस्ताव पर नवादा जिले में बिहार औद्योगिक सुरक्षा बल (बीआईएसएफ) की स्थापना के लिए लगभग 44 एकड़ सरकारी भूमि के नि:शुल्क अंतर्विभागीय हस्तांतरण को भी स्वीकृति प्रदान की। साथ ही ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के सफल आयोजन के लिए 6.12 करोड़ रुपए के व्यय को मंजूरी दी गई।

एजेंसी इनपुट के साथ…

दिल्ली में छात्रों पर लाठीचार्ज मामले में गृह मंत्री देंगे जवाब, सरकार संसद में चर्चा के लिए तैयार

आज की ताजा खबर 10 अगस्त LIVE: रांची में पुलिस के सामने राष्ट्रगान गाने लगे छात्र; पुलिस ने किया लाठीचार्ज

मानसून सत्र में नहीं थम रहा गतिरोध, प्रश्नकाल और शून्यकाल चढ़े हंगामें की भेंट, सभापति की अपील रही बेअसर

6 बागी सांसदों के शिवसेना में प्रवेश पर लगेगी रोक या मिलेगा अधिकार? सुप्रीम कोर्ट ने शिंदे गुट से मांगा जवाब

JPSC के पूर्व चेयरमैन गिरफ्तार, छात्र आंदोलन के बाद CID का बड़ा एक्शन, छापे के बाद दिया था इस्तीफा