Battery as a Service India: भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों की बढ़ती मांग के बीच Citroen ने अपनी नई अपडेटेड e-C3X को लॉन्च कर दिया है। इस इलेक्ट्रिक क्रॉसओवर की सबसे बड़ी खासियत इसकी कीमत नहीं बल्कि इसका नया खरीदारी मॉडल है। बता दें कि कंपनी ने Battery-as-a-Service प्रोग्राम के साथ इसे पेश किया है। जिससे ग्राहकों को शुरुआती कीमत काफी कम पड़ेगी। जानकारी में सामने आया है कि नई Citroen e-C3X की शुरुआती कीमत सिर्फ ₹6.89 लाख रखी गई है जबकि इसकी नियमित एक्स-शोरूम कीमत ₹10.25 लाख है। लेकिन कम कीमत का फायदा उठाने वाले ग्राहकों को बैटरी उपयोग के लिए अलग से ₹2.26 प्रति किलोमीटर के हिसाब से भुगतान करना होगा।
इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने वालों की सबसे बड़ी चिंता अक्सर बैटरी की कीमत होती है। इसी समस्या को हल करने के लिए Citroen ने BaaS मॉडल पेश किया है। इसके तहत ग्राहक कार को बैटरी से अलग खरीद सकते हैं और बैटरी के उपयोग के लिए किलोमीटर आधारित EMI का भुगतान कर सकते हैं। कंपनी का मानना है कि इससे EV खरीदने की शुरुआती लागत कम होगी और ग्राहकों को रनिंग कॉस्ट का बेहतर अंदाजा भी रहेगा।
नई e-C3X में LED हेडलैंप्स, स्प्लिट LED DRLs, फॉग लैंप्स, 15-इंच डायमंड कट अलॉय व्हील्स और 170mm का ग्राउंड क्लीयरेंस दिया गया है। इसके अलावा SUV को नया X-बैजिंग और फ्रंट-रियर स्किड प्लेट्स भी मिली हैं जो इसे ज्यादा आकर्षक बनाती हैं। इंटीरियर में Electric Blu थीम वाला डैशबोर्ड, नई अपहोल्स्ट्री और आरामदायक सीट्स दी गई हैं। 2,450mm व्हीलबेस और 315 लीटर बूट स्पेस इसे फैमिली यूज के लिए भी उपयुक्त बनाते हैं।
कार में 10.25-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम मिलता है जो वायरलेस Apple CarPlay और Android Auto को सपोर्ट करता है। इसके साथ 7-इंच TFT डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, वायरलेस फोन चार्जिंग और Connected Car 2.0 तकनीक दी गई है, जिसमें 40 से ज्यादा रिमोट एक्सेस फीचर्स शामिल हैं। ग्राहक चाहें तो JBL प्रीमियम साउंड सिस्टम और डैशकैम पैकेज भी चुन सकते हैं।
ये भी पढ़े: Toyota का बड़ा दांव: महाराष्ट्र में बनेगी नई फैक्ट्री, 2029 में लॉन्च होगी ऐसी SUV जो बढ़ाएगी सबकी टेंशन
Citroen e-C3X में 6 एयरबैग, ABS with EBD, ISOFIX चाइल्ड सीट एंकर्स, ऑटो डोर लॉकिंग और हाई-स्पीड वार्निंग सिस्टम जैसे फीचर्स स्टैंडर्ड दिए गए हैं। बैटरी सुरक्षा के लिए अलग आर्किटेक्चर भी शामिल किया गया है। नई Citroen e-C3X छह आकर्षक रंगों में उपलब्ध होगी और इसकी बुकिंग देशभर के डीलरशिप्स और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर शुरू हो चुकी है। कम शुरुआती कीमत और नए BaaS मॉडल के चलते यह कार भारतीय EV बाजार में बड़ा बदलाव ला सकती है।