

Most Dangerous Female Terrorists In World: अगर बात आतंकवाद की हो तो पुरूषों का नाम सबसे पहले आता है, लेकिन दुनिया में कई ऐसी महिला आतंकवादियों ने भी अपनी क्रूरता, चालाकी और खौफनाक रणनीतियों से वैश्विक सुरक्षा के लिए बड़ी चुनौती पेश की है।
इन महिलाओं ने न केवल आत्मघाती हमलों को अंजाम दिया बल्कि बड़े आतंकी संगठनों के लिए भर्ती अभियान चलाकर दुनिया भर की खुफिया एजेंसियों की नींद उड़ा दी। आइए जानते हैं कौन हैं वो महिला आतंकी जिनके नाम से कांपती थी दुनिया।
जॉर्डन धमाकों की खूंखार चेहरा साजिदा अल-रिशावी का नाम 2005 के जॉर्डन होटल बम धमाकों के बाद पूरी दुनिया में फैल गया। वह एक आत्मघाती मिशन पर थी लेकिन तकनीकी खराबी के कारण उसकी बम बेल्ट नहीं फटी और वह जिंदा पकड़ी गई। उसकी रिहाई के लिए ISIS ने एक जॉर्डनियन पायलट को बंधक बनाकर सौदेबाजी की कोशिश की थी लेकिन 2015 में उसे फांसी दे दी गई।
अंतरराष्ट्रीय आतंकवाद की 'रेड क्वीन' 70 और 80 के दशक में 'जापानी रेड आर्मी' की संस्थापक फुसाको शिगेनोबु ने दुनिया में दहशत पैदा कर दी थी। उसे 'रेड क्वीन' कहा जाता था। उसने मध्य-पूर्व के संगठनों के साथ मिलकर कई बड़े हमलों की साजिश रची, जिसमें 1974 का हेग स्थित फ्रांसीसी दूतावास हमला शामिल था। लगभग 30 साल तक फरार रहने के बाद उसे साल 2000 में गिरफ्तार किया गया था।
ISIS की ऑनलाइन रिक्रूटर फ्रांस की नागरिक हयात बुमेदीन ने आधुनिक समय में डिजिटल आतंक का रास्ता चुना। वह 2015 के पेरिस हमलों के बाद सुर्खियों में आई। हयात सीरिया भागने में सफल रही और वहां से ISIS के लिए ऑनलाइन भर्ती अभियान चलाने लगी। उसे यूरोप की महिलाओं को कट्टरपंथ की ओर धकेलने वाली सबसे प्रभावशाली महिला प्रचारक भी माना जाता था।
पेरू की घातक कमांडर लैटिन अमेरिका के सबसे हिंसक संगठनों में से एक 'शाइनिंग पाथ' की हिस्सा रही एनरिका मोंटेनेग्रो को 'ला चिनिता' कहा जाता था। वह सरकारी अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की हत्या करने वाले दस्तों का नेतृत्व करती थी। वहीं दूसरी ओर, रूस के खिलाफ लड़ने वाली 'ब्लैक विडोज' नामक चेचन महिला आत्मघाती ब्रिगेड ने भी बेस्लान स्कूल जैसे भयानक हमलों को अंजाम दिया जहां सैकड़ों मासूम बच्चों की जान लेकर उन्होंने पूरी मानवता को झकझोर कर रख दिया था।
'व्हाइट विडो' का आतंक दुनिया की सबसे चर्चित और खतरनाक महिला आतंकियों में ब्रिटेन में जन्मी सामंथा लेथवेट का नाम सबसे ऊपर आता है। सामंथा को 'व्हाइट विडो' के नाम से जाना जाता है। उसने लंदन मेट्रो में हुए आत्मघाती धमाकों के आरोपी जर्मेन मौरिस लिंडसे से शादी की थी।
पति की मौत के बाद वह कट्टरपंथ की ओर मुड़ी और अल-शबाब जैसे खूंखार संगठनों से जुड़ गई। सामंथा पर 2013 के नैरोबी शॉपिंग मॉल हमले का मास्टरमाइंड होने का आरोप है, जिसमें 60 से ज्यादा लोगों की जान गई थी। वह ओसामा बिन लादेन को अपना 'सच्चा प्यार' बताती थी।