मिडटर्म चुनाव में ट्रंप की पार्टी हारी तो क्या जाएगी राष्ट्रपति की कुर्सी? भारतीय मूल के वोटर्स क्यों हैं अहम

US Midterm Elections Voting: मिडटर्म चुनाव से ट्रंप की राजनीतिक ताकत की परीक्षा होगी। जानिए रिपब्लिकन पार्टी की हार का राष्ट्रपति के कार्यकाल, महाभियोग और भारतीय मूल के वोटर्स पर क्या असर पड़ेगा।
US Midterm Elections 2026
अमेरिका मध्यावधि चुनाव के लिए मतदान(सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • मिडटर्म चुनाव में अमेरिकी कांग्रेस के दोनों सदनों की सीटों के लिए मतदान होता है

  • रिपब्लिकन पार्टी की हार से ट्रंप को कानून और बजट पास कराने में मुश्किलें आ सकती हैं

  • भारतीय मूल के वोटर्स करीबी मुकाबले वाले राज्यों में नतीजों को प्रभावित कर सकते हैं

US Midterm Elections 2026: अमेरिका में मिडटर्म चुनाव की उल्टी गिनती खत्म हो चुकी है और आज जनता अपने वोट से राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के अगले दो साल की राजनीतिक राह तय करेगी। यह चुनाव सिर्फ संसद में रिपब्लिकन और डेमोक्रेटिक पार्टी की ताकत का फैसला नहीं करेगा, बल्कि ट्रंप की नीतियों और फैसलों पर भी असर डालेगा। 

ऐसे में सवाल आता है कि ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी अगर बहुमत गंवा देती है, तो क्या राष्ट्रपति के लिए मुश्किलें बढ़ जाएंगी? क्या ट्रंप को अपनी कुर्सी छोड़नी पड़ सकती है? और इन चुनावों में भारतीय मूल के वोटर्स की भूमिका कितनी अहम होगी?

मिडटर्म चुनाव क्या होते हैं? 

अमेरिका में राष्ट्रपति का कार्यकाल चार साल का होता है। राष्ट्रपति के कार्यकाल के ठीक दो साल बाद होने वाले चुनाव को मिडटर्म चुनाव कहा जाता है। इन चुनावों में अमेरिकी संसद यानी कांग्रेस के दोनों सदनों हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स और सीनेट की सीटों के लिए मतदान होता है।

हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स की सभी 435 सीटों पर चुनाव होता है जबकि सीनेट की 100 सीटों में से लगभग एक तिहाई सीटों पर मतदान कराया जाता है। 2026 में मिडटर्म चुनाव 3 नवंबर को होने हैं। इन चुनावों के जरिए अमेरिकी जनता यह तय करती है कि कांग्रेस में किस पार्टी को बहुमत मिलेगा।

US Midterm Elections 2026
मिडटर्म चुनाव से पहले ट्रंप ने ईरान पर बोला हमला, केशम द्वीप पर बरसाई मिसाइलें, होर्मुज के पास बढ़ा तनाव

ट्रंप की पार्टी हार गई तो क्या होगा?

अगर रिपब्लिकन पार्टी मिडटर्म चुनाव में बहुमत गंवा देती है तो ट्रंप के लिए कई चुनौतियां खड़ी हो सकती हैं। सबसे बड़ा असर कानून बनाने की प्रक्रिया पर पड़ेगा। किसी भी नए कानून को पारित कराने के लिए कांग्रेस का समर्थन जरूरी होता है। ऐसे में विपक्ष के नियंत्रण वाले सदन में ट्रंप के प्रस्तावों को मंजूरी मिलना मुश्किल हो सकता है।

इसके अलावा डेमोक्रेटिक पार्टी को संसदीय समितियों का नियंत्रण मिल सकता है। इससे ट्रंप प्रशासन के फैसलों और नीतियों की जांच का रास्ता खुल जाएगा। अधिकारियों को संसदीय सुनवाई में जवाब देना पड़ सकता है। बजट और सरकारी खर्च से जुड़े मुद्दों पर भी दोनों दलों के बीच टकराव बढ़ सकता है। कई बार ऐसी राजनीतिक खींचतान के कारण सरकारी कामकाज ठप होने की स्थिति भी पैदा हो जाती है।

क्या ट्रंप की कुर्सी छिन सकती है?

मिडटर्म चुनाव में हार का मतलब यह नहीं है कि राष्ट्रपति को अपना पद छोड़ना पड़ेगा। अमेरिकी संविधान के अनुसार राष्ट्रपति का कार्यकाल चार साल का होता है। कांग्रेस में बहुमत बदलने से राष्ट्रपति का कार्यकाल समाप्त नहीं होता। यानी अगर रिपब्लिकन पार्टी चुनाव हार भी जाती है तो डोनाल्ड ट्रंप राष्ट्रपति बने रहेंगे।

हालांकि विपक्षी पार्टी हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में बहुमत हासिल करने के बाद राष्ट्रपति के खिलाफ महाभियोग की प्रक्रिया शुरू कर सकती है। लेकिन महाभियोग लगने का मतलब राष्ट्रपति को पद से हटाना नहीं है। इसके लिए हाउस में आरोप पारित होने के बाद सीनेट में सुनवाई होती है और दोषसिद्धि के लिए दो तिहाई सदस्यों का समर्थन जरूरी होता है।

भारतीय मूल के अमेरिकी वोटर्स क्यों हैं अहम

अमेरिकी चुनाव में भारतीय मूल के मतदाताओं की भूमिका भी महत्वपूर्ण मानी जाती है। अमेरिका में भारतीय मूल का समुदाय आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूत स्थिति रखता है। बड़ी संख्या में भारतीय मूल के लोग राजनीति कारोबार तकनीक और प्रशासन के क्षेत्र में सक्रिय हैं।

भारतीय मूल के मतदाता कैलिफोर्निया न्यूयॉर्क न्यू जर्सी टेक्सास और अन्य राज्यों में रहते हैं। इनमें से कुछ ऐसे राज्यों में भी हैं जहां चुनावी मुकाबला करीबी होता है। ऐसे राज्यों में मतदाताओं का छोटा समूह भी चुनावी नतीजों को प्रभावित कर सकता है।

US Midterm Elections 2026
US Midterm Elections: क्या है मिडटर्म चुनाव? क्यों टिकी हैं इस पर दुनियाभर की नजरें, जानें ट्रंप पर इसका असर

ट्रंप के लिए क्यों अहम हैं ये चुनाव

मिडटर्म चुनाव के नतीजे ट्रंप के कार्यकाल के अगले दो वर्षों की राजनीतिक दिशा तय करेंगे। अगर रिपब्लिकन पार्टी अपना बहुमत बरकरार रखती है तो ट्रंप को अपनी नीतियां लागू करने में आसानी हो सकती है। वहीं डेमोक्रेटिक पार्टी को कांग्रेस के किसी एक या दोनों सदनों में बहुमत मिलने पर ट्रंप को विपक्ष के साथ तालमेल बैठाकर काम करना होगा। इसलिए मिडटर्म चुनाव ट्रंप की राष्ट्रपति की कुर्सी का फैसला तो नहीं करेंगे लेकिन उनके राजनीतिक प्रभाव और सरकार चलाने की क्षमता पर इनका बड़ा असर पड़ सकता है।