

US Iran Second Round Peace Talks Latest News In Hindi: अमेरिका और ईरान के बीच पिछले सात हफ्तों से जारी संघर्ष को समाप्त करने की दिशा में एक बड़ी उम्मीद जगी है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिया है कि दोनों देशों के बीच दूसरे दौर की शांति वार्ता अगले 36 से 72 घंटों के भीतर फिर से शुरू हो सकती है। ट्रंप ने इस खबर को 'गुड न्यूज' बताते हुए एक टेक्स्ट मैसेज में कहा, 'यह संभव है!। इस मैसेज के बाद दुनिया में एक बार फिर से US-ईरान को युद्धविराम को लेकर हलचल तेज हो गई। हालांकि अभी इस पर ईरान के तरफ से किसी तरह की जानकारी नहीं मिली है।
राष्ट्रपति ट्रंप ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और फील्ड मार्शल आसिम मुनीर के अनुरोध पर ईरान के साथ चल रहे युद्धविराम (Ceasefire) को अनिश्चितकाल के लिए बढ़ा दिया है। इससे पहले 8 अप्रैल को घोषित दो सप्ताह का युद्धविराम समाप्त होने वाला था। ट्रंप का मानना है कि इस अतिरिक्त समय से तेहरान के नेतृत्व को, जो इस समय गंभीर आंतरिक मतभेदों से जूझ रहा है, युद्ध समाप्त करने के लिए एक समेकित प्रस्ताव तैयार करने का अवसर मिलेगा।
व्हाइट हाउस ने स्पष्ट किया है कि शांति वार्ता का अगला दौर भी पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में ही आयोजित किया जाएगा। हालांकि, उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर के नेतृत्व वाले अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल की प्रस्तावित पाकिस्तान यात्रा फिलहाल टल गई है। यह कदम इसलिए उठाया गया है ताकि ईरानी प्रतिनिधियों को अपना प्रस्ताव पेश करने के लिए पर्याप्त समय मिल सके।
फिलहाल तो ईरान के तरफ से इसको लेकर कोई बात नहीं की गई इतना ही नहीं इस समय ईरान लगातार होर्मुज मे अपनी पकड़ बनाए हुए है और जहाजों पर लगातार हमले कर रहा है। इसको लेकर पूरी दुनिया तेल और ऊर्जा को लेकर संकट गहराता जा रहा है।
भले ही हवाई हमलों को रोकने के लिए युद्धविराम बढ़ाया गया है, लेकिन ट्रंप ने साफ कर दिया है कि ईरान के बंदरगाहों पर आर्थिक नाकेबंदी बदस्तूर जारी रहेगी। अमेरिकी राष्ट्रपति ने अपनी सेना को किसी भी स्थिति के लिए पूरी तरह तैयार और सक्षम रहने का निर्देश दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि युद्धविराम तब तक प्रभावी रहेगा जब तक कि ईरान का प्रस्ताव पेश नहीं हो जाता और बातचीत किसी सार्थक नतीजे पर नहीं पहुंच जाती।