Nepal Flood: नेपाल की मदद के लिए अमेरिका ने बढ़ाया हाथ, 5 लाख डॉलर की आपात सहायता का ऐलान, UN भी आया आगे

Nepal Flash Flood: नेपाल के रसुवा जिले में आई विनाशकारी बाढ़ के बाद अमेरिका ने 5 लाख डॉलर की आपातकालीन सहायता और डिजास्टर रिस्पॉन्स एडवाइजर भेजने की घोषणा की है। यूएन भी राहत में जुटा है।
US Announces Aid to Nepal
अमेरिका ने नेपाल को मदद की घोषणा की(सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

US Announces Aid to Nepal: अमेरिका नेपाल के रसुवा जिले में आई विनाशकारी अचानक बाढ़ के बाद एक डिजास्टर रिस्पॉन्स एडवाइजर भेज रहा है और पांच लाख डॉलर की आपातकालीन सहायता भी प्रदान कर रहा है। इस आपदा में कई लोगों की जान गई है और बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है। अमेरिकी विदेश विभाग ने इस सहायता की घोषणा की। इसी दौरान संयुक्त राष्ट्र भी नेपाल सरकार के नेतृत्व में चल रहे राहत और बचाव कार्यों के लिए राहत सामग्री और कर्मियों को जुटा रहा है।

अमेरिकी विदेश विभाग ने कहा, नेपाल के रसुवा जिले में आई विनाशकारी बाढ़ में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों और उनके प्रियजनों के प्रति अमेरिका अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता है। इस आपदा से प्रभावित सभी लोगों के साथ हमारी संवेदनाएं हैं।

बाढ़ प्रभावित क्षेत्र पर अमेरिका की नजर 

विदेश विभाग ने बताया कि वह बाढ़ प्रभावित क्षेत्र की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। डिजास्टर रिस्पॉन्स एडवाइजर मौके पर राहत कार्यों में सहयोग करेगा। पांच लाख डॉलर की यह सहायता अमेरिकी विदेश विभाग के वैश्विक कार्यक्रम के तहत कैथोलिक रिलीफ सर्विसेज के माध्यम से दी जाएगी।

इस धनराशि का उपयोग आपातकालीन आश्रय (शेल्टर) उपलब्ध कराने और राहत सामग्री वितरित करने में किया जाएगा। साथ ही, बाढ़ प्रभावित समुदायों को स्वच्छ पानी, स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराने में भी मदद मिलेगी।

अमेरिकी नागरिकों का तलाने में जुटे अधिकारी

विदेश विभाग ने बताया कि काठमांडू स्थित अमेरिकी दूतावास स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर प्रभावित क्षेत्रों में मौजूद अमेरिकी नागरिकों का पता लगाने और उनकी सहायता करने का काम कर रहा है। प्रभावित इलाकों में मौजूद अमेरिकी नागरिकों को स्थानीय समाचारों पर नजर रखने और स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करने की सलाह भी दी गई है।

संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने जताया दुख

इस बीच, संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने नेपाल और चीन में आई भीषण बाढ़ पर दुख व्यक्त किया है। इस आपदा में लोगों की जान गई है, कई लोग लापता हैं और व्यापक स्तर पर नुकसान हुआ है। एंटोनियो गुटेरेस के प्रवक्ता स्टीफन डुजारिक ने कहा, महासचिव नेपाल में आई बाढ़ से दुखी हैं, जिसने कई लोगों की जान ले ली है, कई लोग लापता हैं और बड़े पैमाने पर तबाही हुई है। वे पीड़ितों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हैं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हैं। वे इस आपदा से प्रभावित सभी लोगों के साथ अपनी एकजुटता प्रकट करते हैं।

US Announces Aid to Nepal
संयुक्त राष्ट्र रेस टू रेसिलिएंस अभियान में भाग लेने वाला औरंगाबाद महाराष्ट्र का पहला शहर

संयुक्त राष्ट्र नेपाल सरकार की मदद कर रहा है जबकि अधिकारी आपदा के वास्तविक नुकसान का आकलन करने और तत्काल राहत पहुंचाने में लगे हुए हैं। बयान के मुताबिक, संयुक्त राष्ट्र की टीमें और मानवीय सहायता से जुड़े साझेदार संगठन बाढ़ प्रभावित समुदायों तक मदद पहुंचाने के लिए राहत सामग्री और कर्मियों को तेजी से जुटा रहे हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com