'अब रूस को मिलेगा करारा जवाब...' यूक्रेन को इस देश ने दिया खास हथियार, जेलेंस्की ने बताया गेम-चेंजर

Ukraine Russia War: यूक्रेन को अमेरिका निर्मित पैट्रियट वायु रक्षा प्रणाली मिल गई है। राष्ट्रपति जेलेंस्की ने इसे रूस के हमलों के खिलाफ गेम-चेंजर बताया है।
'Now Russia will get a befitting reply...' This country gave Ukraine a special weapon, Zelensky called it a game-changer.
यूक्रेन को मिला खास हथियार, (कॉन्सेप्ट फोटो)
Published on: 
Updated on: 

Patriot Air Defense System:  रूस और यूक्रेन के बीच जारी जंग में एक नया मोड़ आ गया है। यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने पुष्टि की है कि यूक्रेन को अमेरिका निर्मित पैट्रियट वायु रक्षा प्रणालियां प्राप्त हो चुकी हैं। यह प्रणाली रूस के लगातार होते मिसाइल और ड्रोन हमलों से बचाव के लिए अत्यंत अहम मानी जा रही है।

जेलेंस्की ने अपने संबोधन में कहा कि अब और अधिक पैट्रियट यूक्रेन में हैं और इन्हें अभियानों में लगाया जा रहा है। हालांकि हमारे पूरे देश की सुरक्षा के लिए और प्रणालियों की आवश्यकता बनी हुई है। उन्होंने इस रक्षा सहयोग के लिए जर्मनी और उसके चांसलर फ्रेडरिक मर्ज का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया। जर्मनी ने तीन महीने पहले घोषणा की थी कि वह यूक्रेन को दो अतिरिक्त पैट्रियट वायु रक्षा प्रणालियां प्रदान करेगा।

ड्रोन हमलों में एक व्यक्ति की मौत

इस बीच, रूस की ओर से किए गए ड्रोन हमलों में एक व्यक्ति की मौत हो गई और उसके परिवार के पांच सदस्य घायल हो गए, जिनमें दो बच्चे भी शामिल हैं। यूक्रेनी अधिकारियों के मुताबिक, यह हमला उत्तर-पूर्वी सूमी क्षेत्र में हुआ, जहां एक रूसी ड्रोन एक आवासीय घर पर गिरा। रूस ने सर्दियों में यूक्रेन की ऊर्जा आपूर्ति, जल संसाधन और हीटिंग सिस्टम को निशाना बनाकर नागरिकों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। युद्ध की शुरुआत से अब तक हजारों लोगों की जान जा चुकी है जबकि लाखों लोग विस्थापित हो चुके हैं।

सबसे प्रभावी रक्षा प्रणाली

विश्लेषकों का मानना है कि पैट्रियट प्रणाली रूस की मिसाइलों और ड्रोन के खिलाफ अब तक की सबसे प्रभावी रक्षा साबित हो सकती है। हालांकि, जेलेंस्की ने चेताया कि इन प्रणालियों की उत्पादन क्षमता सीमित है और पश्चिमी सहयोगी देश अपने भंडार भी बनाए रखना चाहते हैं, जिससे आपूर्ति की रफ्तार धीमी है।

पैट्रियट प्रणाली का निर्माण केवल संयुक्त राज्य अमेरिका में किया जाता है। नाटो इस समय यूक्रेन को विभिन्न रक्षा उपकरणों की सामूहिक आपूर्ति का समन्वय कर रहा है। यूरोपीय सहयोगी और कनाडा भी अपने सैन्य उपकरण अमेरिका से ही खरीद रहे हैं।

यूक्रेन को बड़े पैमाने पर हथियार

वहीं, रिपोर्टों के अनुसार ट्रंप प्रशासन यूक्रेन को बड़े पैमाने पर हथियारों की आपूर्ति को लेकर बाइडेन सरकार से अलग नीति अपनाए हुए है। यूक्रेनी वायु सेना का कहना है कि रूस ने रविवार से सोमवार की रात में 12 मिसाइलें और 138 हमलावर ड्रोन दागे थे। इनमें से कई को पैट्रियट प्रणाली की मदद से नष्ट कर दिया गया।