चीन में बारिश ने मचाई तबाही! 95 हजार से ज्यादा लोग घर छोड़ने को मजबूर, कई इलाकों में रेड अलर्ट
Typhoon Bavi China : चीन की राजधानी बीजिंग में भारी बारिश और दो टाइफून 'मायसक' और 'बावी' के खतरे के बीच प्रशासन ने अब तक करीब 96,000 लोगों को सुरक्षित ठिकानों पर पहुंचाया है।
- Written By: अमन उपाध्याय
बीजिंग में भारी बारिश के कारण लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया, फोटो IANS
Typhoon Bavi China Heavy Rain: चीन की राजधानी बीजिंग इस समय भीषण प्राकृतिक आपदा का सामना कर रही है। शुक्रवार को हुई मूसलाधार बारिश ने शहर के कई हिस्सों में जनजीवन को पूरी तरह से ठप कर दिया है।
बीजिंग नगर बाढ़ नियंत्रण कार्यालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक पूरे शहर में रिकॉर्ड तोड़ बारिश दर्ज की गई है। सबसे खराब स्थिति शहर के बाहरी इलाके पिंगगू जिले में देखी गई, जहां एक स्थानीय बाजार क्षेत्र में 164 मिमी तक पानी बरस गया, जिससे चारों ओर जलभराव की स्थिति पैदा हो गई।
95 हजार से अधिक लोगों का रेस्क्यू
प्रशासन ने भारी बारिश और संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए बड़े पैमाने पर बचाव अभियान शुरू किया है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, शुक्रवार शाम तक 36,279 परिवारों के कुल 95,657 लोगों को उनके घरों से निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
सम्बंधित ख़बरें
भारत और न्यूजीलैंड के बीच बड़ा ऐलान! पीएम मोदी-लक्सन बैठक में FTA पर लगी मुहर, जानिए पूरी डील
Tibet Identity Threat: चीन का नया कानून बना तिब्बत के लिए संकट, मानवाधिकारों का हो रहा घोर उल्लंघन
Trump Iran Threat: ट्रंप की चेतावनी, अगर मेरी हत्या हुई तो ईरान में मचेगी इतिहास की सबसे बड़ी तबाही
बहामास में प्लेन क्रैश, आजादी के जश्न के बीच 10 लोगों की मौत; सरकार ने सस्पेंड की विमान सेवाएं
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे बिना किसी आपातकालीन कार्य के अपने घरों से बाहर न निकलें और मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करें।
जलाशयों पर कड़ी नजर
फिलहाल राहत की बात यह है कि शहर के सभी बड़े और मध्यम आकार के जलाशय अपनी अधिकतम जल-सीमा से नीचे बने हुए हैं। हालांकि, खतरा अभी टला नहीं है।
मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि शुक्रवार की रात और शनिवार को भी कई इलाकों में मध्यम से लेकर मूसलाधार बारिश जारी रह सकती है। प्रशासन ने अपनी आपातकालीन टीमों को अलर्ट पर रखा है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।
दोहरे टाइफून का खतरा
चीन के लिए चिंता केवल बीजिंग की बारिश तक सीमित नहीं है। जल संसाधन मंत्रालय के अनुसार, टाइफून मायसक और टाइफून बावी के कारण देश की कई प्रमुख नदियों में बाढ़ का खतरा पैदा हो गया है।
टाइफून ‘मायसक’ की वजह से दक्षिणी चीन के गुआंग्शी झुआंग ऑटोनॉमस रीजन में पहले ही भीषण बारिश हो चुकी है, जिससे पर्ल नदी क्षेत्र के कई हिस्सों में गंभीर बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए गुआंग्शी और पड़ोसी ग्वांगडोंग प्रांत में ‘रेड अलर्ट’ जारी कर दिया गया है।
यह भी पढ़ें:- भारत और न्यूजीलैंड के बीच बड़ा ऐलान! पीएम मोदी-लक्सन बैठक में FTA पर लगी मुहर, जानिए पूरी डील
सुपर टाइफून ‘बावी’ की चेतावनी
विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि सुपर टाइफून ‘बावी’ चीन के पूर्वी तट की ओर तेजी से बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से आने वाले एक सप्ताह के भीतर देश के छह प्रमुख नदी क्षेत्रों में भारी तबाही और बाढ़ आने की आशंका है। जल संसाधन मंत्रालय ने संबंधित विभागों को जलाशयों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, पहाड़ी इलाकों में अचानक आने वाली बाढ़ की निगरानी करने और जल परियोजनाओं की नियमित जांच करने के सख्त निर्देश दिए हैं।
