तुर्किये में ISIS के खिलाफ बड़ा ऑपरेशन, एक रात में 13 प्रांतों में 108 छापे; 6 आतंकी भी ढेर

Turkey ISIS Operation: तुर्किये ने आतंकी संगठन ISIL (ISIS) के खिलाफ अब तक की सबसे व्यापक कार्रवाइयों में से एक को अंजाम दिया है। एक ही रात में 13 प्रांतों में किए गए छापों के दौरान यालोवा में भीषण...
Major operation against ISIS in Turkey, 108 raids in 13 provinces in one night; 6 terrorists also killed
तुर्किये में ISIS के खिलाफ बड़ा ऑपरेशन, फोटो (सो. एआई डिजाइन)
Updated on

Turkey ISIS News In Hindi: तुर्किये के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में आतंकी संगठन ISIL (ISIS) के खिलाफ सुरक्षा बलों ने एक बड़ी और निर्णायक कार्रवाई की है। तुर्किये के गृह मंत्रालय के अनुसार, सुरक्षा एजेंसियों ने एक ही रात में देश के 13 अलग-अलग प्रांतों में ISIL से जुड़े ठिकानों पर कुल 108 छापे मारे। इस अभियान में छह आतंकवादी मारे गए जबकि तीन पुलिसकर्मियों की जान चली गई।

गृह मंत्री अली येरलिकाया ने आधिकारिक बयान जारी कर इस ऑपरेशन की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि इन छापों का उद्देश्य देश में सक्रिय ISIL के स्लीपर सेल नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करना था, जो छुट्टियों के दौरान हमलों की योजना बना रहे थे।

खुफिया सूचना के आधार पर छापा

इस अभियान की सबसे गंभीर और खूनी कार्रवाई यालोवा प्रांत के एलमालिक गांव में हुआ जो इस्तांबुल के दक्षिण में स्थित एक रिहायशी इलाका है। सोमवार तड़के करीब 2 बजे पुलिस टीम ने खुफिया सूचना के आधार पर एक घर पर छापा मारा। जैसे ही सुरक्षा बल घर के भीतर दाखिल हुए, वहां छिपे ISIL आतंकियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद दोनों तरफ से भारी गोलीबारी हुई। इस मुठभेड़ में छह ISIL आतंकवादी मौके पर ही मारे गए, जबकि तीन पुलिस अधिकारी शहीद हो गए। इसके अलावा आठ पुलिसकर्मी और एक नाइट वॉचमैन गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

आतंकी हमलों को लेकर चेतावनी

तुर्किये में यह कार्रवाई ऐसे समय पर हुई है, जब सुरक्षा एजेंसियों को आतंकी हमलों को लेकर गंभीर खुफिया चेतावनियां मिली थीं। अधिकारियों के मुताबिक, ISIL के कुछ स्लीपर सेल छुट्टियों के दौरान खास तौर पर गैर-मुस्लिम समुदायों और भीड़भाड़ वाले इलाकों को निशाना बनाने की तैयारी में थे। इससे पहले गुरुवार को भी देशभर में 124 ठिकानों पर छापे मारे गए थे, जिनमें 115 संदिग्ध ISIL समर्थकों को गिरफ्तार किया गया था।

ISIL ठिकानों को निशाना

इसी बीच अमेरिका ने भी सीरिया में ISIL के खिलाफ बड़े सैन्य हमले किए हैं। अमेरिकी सेना ने मध्य और उत्तर-पूर्वी सीरिया में 70 से अधिक ISIL ठिकानों को निशाना बनाया। ये हमले उस घटना के बाद किए गए, जिसमें सीरिया के पलमायरा शहर में दो अमेरिकी सैनिक और एक दुभाषिया मारे गए थे।

तुर्किये की सीरिया से लंबी सीमा लगती है, जिसके चलते वह कई वर्षों से ISIL के खिलाफ सख्त अभियान चला रहा है। तुर्की सरकार का कहना है कि 2019 में इराक और सीरिया में ISIL की हार के बाद उसके कई आतंकी तुर्किये में आकर छिप गए थे। मार्च में हुई पिछली कार्रवाइयों के दौरान दो हफ्तों में ही 47 प्रांतों से करीब 300 संदिग्ध ISIL सदस्यों को गिरफ्तार किया गया था।

Navbharat Live
navbharatlive.com