PM बनते ही एक्शन मोड में तारिक रहमान, पहली कैबिनेट मीटिंग में दिखाए सख्त तेवर, बनाया अगले 180 दिन का प्लान
Bangladesh Cabinet Meeting: तारिक रहमान ने 180 दिन की योजना में महंगाई नियंत्रण, कानून-व्यवस्था, सप्लाई चेन स्थिरता और गैस-बिजली की निर्बाध आपूर्ति को प्राथमिकता दी, ‘मॉब कल्चर’ पर सख्ती के संकेत दिए।
- Written By: अक्षय साहू
तारिक रहमान (सोर्स- सोशल मीडिया)
Bangladesh PM Tarique Rahman Cabinet Meeting: तारिक रहमान ने बुधवार को अपनी नई सरकार की पहली कैबिनेट बैठक की अध्यक्षता की और अगले 180 दिनों के लिए विस्तृत प्राथमिकता योजना को मंजूरी दी। यह बैठक ढाका के सचिवालय स्थित कैबिनेट डिवीजन में आयोजित की गई। सरकार ने स्पष्ट किया कि शुरुआती छह महीनों में उसका मुख्य फोकस आवश्यक वस्तुओं की कीमतों को नियंत्रित करने, कानून-व्यवस्था को मजबूत रखने, सप्लाई चेन को स्थिर बनाने तथा गैस और बिजली की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने पर रहेगा।
बैठक के बाद गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि नई सरकार के पहले दिन कैबिनेट बैठक करना एक सामान्य प्रक्रिया है। हालांकि इस बार सरकार ने पारंपरिक 100 दिनों के एजेंडे के बजाय 180 दिनों का व्यापक और रणनीतिक प्लान तैयार किया है। उन्होंने बताया कि इस योजना की विस्तृत जानकारी जल्द ही सार्वजनिक की जाएगी। सरकार का मानना है कि लंबी अवधि की स्पष्ट कार्ययोजना से प्रशासनिक समन्वय बेहतर होगा और नीतियों के क्रियान्वयन में तेजी आएगी।
महंगाई पर नियंत्रण सर्वोच्च प्राथमिकता
सलाहुद्दीन अहमद ने कहा कि महंगाई पर नियंत्रण और ऊर्जा क्षेत्र की स्थिरता सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं। खासतौर पर गैस और बिजली की आपूर्ति में किसी भी प्रकार का व्यवधान नहीं आने दिया जाएगा। उन्होंने आगामी रमजान को ध्यान में रखते हुए बाजार पर कड़ी निगरानी रखने की बात कही, ताकि आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता बनी रहे और कीमतों में अनावश्यक वृद्धि न हो।
सम्बंधित ख़बरें
कैमरे के सामने पहली बार आई BLA Female Commander, दुनिया को दी खुली चुनौती, वीडियो वायरल
Chemical Leak: कैलिफोर्निया में खतरनाक केमिकल का रिसाव, 40000 लोगों को शहर खाली करने का सख्त आदेश
भारत पहुंचे अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो, आज PM नरेंद्र मोदी से करेंगे मुलाकात, जानें शेड्यूल- VIDEO
Twisha Sharma Case: सरेंडर करने पहुंचे ₹30,000 के इनामी पति को पुलिस ने दबोचा, हाईकोर्ट ने दिया अहम फैसला
मॉब कल्चर पर सख्त रुख
गृह मंत्री ने ‘मॉब कल्चर’ पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि इसे किसी भी रूप में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि लोकतांत्रिक तरीके से रैली और कार्यक्रम करना सभी का अधिकार है, लेकिन मांगों को मनवाने के लिए हाईवे जाम करना या सार्वजनिक व्यवस्था बाधित करना स्वीकार्य नहीं होगा।
यह भी पढ़ें: परमाणु समझौते को लेकर बढ़ी टेंशन…अमेरिका ने ईरान के अधिकारियों पर लगाया वीजा बैन, बताई ये बड़ी वजह
उल्लेखनीय है कि बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के चेयरमैन तारिक रहमान ने 13वें संसदीय चुनाव में प्रचंड जीत दर्ज करने के बाद देश के 11वें प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली। उन्होंने अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस का स्थान लिया। दिवंगत राष्ट्रपति जियाउर रहमान और पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के बेटे तारिक रहमान 17 वर्षों के स्व-निर्वासन के बाद दिसंबर 2025 में स्वदेश लौटे थे।
