

पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मलिक ने भारत के साथ बातचीत दोबारा शुरू होने की संभावना जताई।
मलिक के मुताबिक, संवाद के लिए दोनों देशों की संप्रभुता और राष्ट्रीय पहचान का सम्मान जरूरी है।
उन्होंने 20 से 22 नवंबर तक दिल्ली में आयोजित SCO सभ्यता संवाद मंच में पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व किया।
मलिक ने कहा कि सांस्कृतिक और सभ्यतागत संवाद से क्षेत्रीय देशों के बीच समझ बढ़ सकती है।
Musadik Malik Praise India: भारत और पाकिस्तान के बीच रिश्ते लंबे समय से खराब चल रहे हैं। इस बीच पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण समन्व मंत्री मुसादिक मलिक ने दोनों देशों के बीच बातचीत दोबारा शुरू होने की संभावना जताई है। उनका कहना है कि भारत के साथ चर्चा हो सकती है, लेकिन इसके लिए दोनों पक्षों को कुछ जरूरी बातों पर सहमति बनानी होगी। मलिक हाल ही में शंघाई सहयोग संगठन (SCO) बैठक में शामिल होने के लिए भारत आए थे।
पाकिस्तानी मीडिया को दिए बयान में मलिक ने तीन शर्तों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भारत और पाकिस्तान में एक बार फिर वार्ता हो सकती है, लेकिन इसके लिए दोनों देशों को एक दूसरे की संप्रभुता, सम्मान और अखंडता को महत्व देना होगा। उनके मुताबिक, इन बातों को स्वीकार किए बिना बातचीत आगे बढ़ाना आसान नहीं होगा। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मुसादिक मलिक ने साफ किया कि इन तीन सिद्धांतों में से किसी एक को भी नजरअंदाज करने से बातचीत की राह मुश्किल हो सकती है। उनके अनुसार, दोनों देशों को एक-दूसरे के अधिकारों और सम्मान का ध्यान रखते हुए ही किसी बातचीत की शुरुआत करनी चाहिए।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को में मलिक अपनी भारत यात्रा को लेकर कहते नजर आ रहे हैं कि, वह बड़े भले और अच्छे लोग हैं। कार्यक्रम हर किस्म के खाने बनाए गए थे। उन्होंने अलग-अलग देश से आने वाले मेहमानों के लिए उनके हिसाब से खाने बनाए थे।
पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन मंत्री मुसादिक मलिक हाल ही में शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने भारत पहुंचे थे। उन्होंने नई दिल्ली के लाल किले में आयोजित पहले SCO सभ्यता संवाद मंच में पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया था।
मलिक को पाकिस्तान की ओर से इस कार्यक्रम में भेजने के फैसले पर भी सवाल उठे। कुछ जानकारों का मानना था कि संस्कृति से जुड़े आयोजन के लिए पाकिस्तान के संस्कृति मंत्री औरंगजेब खान खिंची ज्यादा उपयुक्त प्रतिनिधि हो सकते थे। इस कार्यक्रम की मेजबानी भारत के संस्कृति और विदेश मंत्रालय ने मिलकर की थी।
गौरतलब है कि मलिक पहले सिंधु जल संधि के मुद्दे पर भारत के खिलाफ बयान दे चुके हैं। ऐसे में उन्हें प्रतिनिधिमंडल का प्रमुख बनाए जाने को लेकर चर्चा हुई।
लाल किले में हुए कार्यक्रम में मलिक ने अपने भाषण की शुरुआत शायरी से की थी। उन्होंने मशहूर शायर मिर्जा गालिब का जिक्र करते हुए अपना पूरा भाषण उर्दू में दिया था। उन्होंने कहा यहां से कुछ दूर मिर्जा गालिब की कब्र है, जिन्होंने उर्दू को एक अलग पहचान दी थी। ऐसे में वह अंग्रेजी में नहीं बोलना चाहते हैं। इस दौरान उन्होंने उन्होंने दिल्ली, लखनऊ और लाहौर को साहित्य और शायरी की खास पहचान रखने वाले शहर बताया।
अपने संबोधन में पाकिस्तानी मंत्री ने यह भी कहा कि सांस्कृतिक मेलजोल से भारत और पाकिस्तान के लोगों को करीब लाया जा सकता है। हालांकि, उनके अनुसार केवल ऐसे आयोजनों से रिश्ते सामान्य नहीं होंगे। इसके लिए दोनों देशों के बीच व्यापक बातचीत जरूरी है।
मलिक ने उम्मीद जताई कि संवाद और सांस्कृतिक आदान-प्रदान से आपसी दूरी कम हो सकती है। फिलहाल, उनके बयान के बाद भारत की ओर से बातचीत को लेकर किसी नए कदम की पुष्टि नहीं हुई है।